Weather Updates: देश के इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान विभाग ने देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। आईएमडी के अनुसार, 10 से 13 सितंबर के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ इलाकों में गरज चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को अगले कुछ दिनों में भारत के कई हिस्सों में बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञान विभाग (आईमडी) के मुताबिक, निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तटों से पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर स्थित है। इसके कारण गुजरात, पूर्वी और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी वर्षा होने की संभावना है, वहीं आईएमडी ने यह भी कहा है कि ये बारिश 4-5 दिनों तक लगातार जारी रह सकती है। हालांकि आईएमडी ने कहा है कि फिलहाल राजधानी दिल्ली और उससे सटे इलाकों के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है।
राष्ट्रीय राजधानी के साथ ही यूपी की राजधानी लखनऊ और प्रदेश के अन्य कई शहरों में भी बारिश की कोई संभावना नहीं है। आईएमडी के मुताबिक, इसके ठीक विपरीत,बिहार और उसके पड़ोसी राज्य झारखंड में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। आईएमडी ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव क्षेत्र के कारण 11 सितंबर से पश्चिम बंगाल और झारखंड में बारिश का अनुमान जताया है।
हिमाचल प्रदेश में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के लिए दो दिन भारी बारिश का ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 13 सितंबर को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि 14 सितंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अलर्ट को देखते हुए स्थानीय लोगों व पर्यटकों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश
मौसम विज्ञान विभाग ने देश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। आईएमडी के अनुसार, 10 से 13 सितंबर के दौरान गंगीय पश्चिम बंगाल, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ इलाकों में गरज चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है।
तटीय राज्यों में 10-11 सितंबर तक भारी वर्षा
आईएमडी के मुताबिक, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यमन, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे में 10 और 11 सितंबर को भारी वर्षा हो सकती है। तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में 10 से 12 सितंबर के बीच व्यापक वर्षा हो सकती है।