मौसम अपडेट: अकोला 44.2°C के साथ देश में सबसे गर्म; यूपी समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट; कब मिलेगी राहत?
Weather Update: महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है, अकोला ने 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज कर देश में सबसे गर्म शहर का रिकॉर्ड बनाया। वहीं यूपी और पंजाब के कई जिलों में भी पारा 40 के पार पहुंच गया। जानिए आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम का हाल...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
महाराष्ट्र समेत कई राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं। अकोला में बुधवार को 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो पूरे देश में सबसे अधिक रहा। इसने विदर्भ क्षेत्र को झुलसा देने वाली गर्मी के केंद्र में ला दिया है।
कई शहरों में 43 डिग्री के पार पारा
मौसम विभाग के अनुसार, अमरावती (44°C), वर्धा (43.9°C) और नागपुर (43.4°C) भी देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा सोलापुर, मालेगांव और बीड जैसे इलाकों में भी तापमान 43 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए वर्धा जिले में स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। वहीं प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
IMD का हीटवेव अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 4-5 दिनों तक विदर्भ के कई जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल, बुलढाणा और चंद्रपुर समेत कई जिलों में तापमान और बढ़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायुमंडल में एंटी-साइक्लोनिक सिस्टम सक्रिय है, जिससे गर्मी और बढ़ रही है।
कब मिलेगी राहत?
मौसम विभाग के अनुसार, 21 अप्रैल के बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। तब तक लोगों को तेज धूप और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। फिलहाल, महाराष्ट्र में गर्मी का प्रकोप जारी है और आने वाले दिन और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।
यूपी में भी कई जिलों में पारा 40 के पार
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस मौसम में पहली बार बुंदेलखंड के झांसी का दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। बांदा (42.6 डिग्री) के बाद झांसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा।
पंजाब में भी गर्मी का प्रकोप
वहीं, पंजाब में भी गर्मी का असर तेज हो गया है और अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। हालांकि, 17 अप्रैल से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने नौ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत 17 और 18 अप्रैल को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट और मुक्तसर में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ बारिश की संभावना है। वहीं 16 अप्रैल को भी पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हिमाचल में फिर करवट बदलेगा माैसम
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से माैसम फिर करवट बदलने वाला है। माैसम विभाग के अनुसार राज्य के कई भागों में लगातार चार दिन बारिश-बर्फबारी की संभावना है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का भी अलर्ट जारी हुआ है। बुधवार को राजधानी शिमला व अन्य भागों में धूप खिली रही। इससे तापमान में भी इजाफा हुआ है। सात जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू में पारा 30 डिग्री पार हो गया है। प्रदेश के मैदानी जिलों में मौसम अब गर्म हो गया है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 16 और 18 अप्रैल को राज्य में कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। वहीं 17 और 19 अप्रैल को राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। 20 अप्रैल से पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.