India-US: PM मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री-रक्षा सचिव, बोले- वैश्विक भलाई के लिए भारत-अमेरिका साझेदारी
India-US: पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, लोकतंत्र, बहुलवाद और कानून के शासन में हमारा साझा विश्वास विभिन्न क्षेत्रों में हमारे पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी वास्तव में वैश्विक भलाई के लिए एक ताकत है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन से शुक्रवार को '2+2' मंत्रिस्तरीय वार्ता के समापन के बाद संयुक्त रूप से मुलाकात की और कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी वास्तव में वैश्विक भलाई के लिए एक ताकत है।
पीएम मोदी और अमेरिका के दो अधिकारियों के बीच हुई बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, विदेश मंत्री ब्लिंकन और रक्षा मंत्री ऑस्टिन को रिसीव कर खुशी हुई। '2+2' प्रारूप भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण साधन है।
उन्होंने कहा, लोकतंत्र, बहुलवाद और कानून के शासन में हमारा साझा विश्वास विभिन्न क्षेत्रों में हमारे पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी वास्तव में वैश्विक भलाई के लिए एक ताकत है। '2+2' वार्ता में सिंह, जयशंकर, ऑस्टिन और ब्लिंकन ने भारत-अमेरिका वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे ले जाने के लिए व्यापक विचार-विमर्श किया।
वार्ता में अपने शुरुआती संबोधन में जयशंकर ने जून में मोदी की अमेरिका यात्रा और उसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की भारत यात्रा का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, इस वर्ष का मुख्य आकर्षण जून में प्रधानमंत्री की अमेरिका की राजकीय यात्रा थी, जिसने वास्तव में हमारे संबंधों में एक नया अध्याय खोला है। सितंबर में राष्ट्रपति बाइडन की दिल्ली यात्रा ने हमारे संबंधों के सकारात्मक प्रक्षेपवक्र में बहुत योगदान दिया।
'2+2' वार्ता के अंत में जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया कि भारत और अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता सहित अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान में लचीली, नियम आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देने और सभी के लिए शांति और समृद्धि सुनिश्चित करने के अपने संकल्प की पुष्टि की।