UP Lok Sabha Seats: हो गया यूपी की सभी 17 सीटों पर मंथन, सोमवार को टिकटों का एलान कर सकती है कांग्रेस
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के हिस्से आईं 17 सीटों पर मंथन हो चुका है। इस मंथन में तय हो चुका है कि किसे कहां से टिकट दिया जाना है। हालांकि इसकी आधिकारिक चर्चा और घोषणा सोमवार को होने वाली अति महत्वपूर्ण चुनाव कमेटी की बैठक के बाद की जाएगी। कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं के मुताबिक लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया से पहले पार्टी ने प्रत्येक सीट पर बहुत कुछ सोच विचार के नाम आगे बढ़ाए हैं। पार्टी की चुनाव समिति की तीसरी बैठक सोमवार को होनी तय है।
कांग्रेस पार्टी की बहुप्रतीक्षित चुनाव कमेटी की बैठक सोमवार को होने वाली है। पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि बैठक में इस बार उत्तर प्रदेश की सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव कमेटी की बैठक से पहले नाम भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में शामिल एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि कुछ सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशियों के नाम चौकाने वाले हो सकते हैं। पार्टी से जुड़े नेताओं के मुताबिक जिन 17 सीटों पर टिकट घोषित होने हैं, उस पर पार्टी की ओर से सर्वे भी कराया जा चुका है।
कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी की रायबरेली में लिखी गई चिट्ठी के मुताबिक ही वहां पर कोई प्रत्याशी उतारा जा सकता है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि अभी तक की जानकारी के मुताबिक रायबरेली से प्रियंका गांधी का चुनाव लड़ने का पूरा खाका तैयार किया जा चुका है। उनका कहना है कि सोनिया गांधी ने अपनी चिट्ठी में कुछ इसी तरह का इशारा भी किया था। उसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राहुल और प्रियंका के नाम की सिफारिश को आगे भी बढ़ाया गया था। हालांकि वह कहते हैं कि अंतिम फैसला तो प्रियंका गांधी की ओर से ही होगा। उनके फैसले के मुताबिक ही चुनाव कमेटी में रायबरेली सीट पर अंतिम मोहर लगेगी।
सोमवार को होने वाली कांग्रेस की चुनाव समिति की बैठक में सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि गठबंधन में शामिल सियासी दलों के राज्यों की भी चर्चा होगी। अनुमान यही लगाया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के साथ महाराष्ट्र और बिहार समेत कुछ अन्य राज्यों की सीटें भी घोषित की जा सकती हैं। पार्टी से जुड़े नेताओं के मुताबिक सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर तकरीबन सभी राज्यों में बातचीत हो चुकी है। यही वजह है कि अगली चुनाव समिति की बैठकों में तय सीटों पर प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में बहुत आसानी होगी।
इससे पहले कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की पहली बैठक सात मार्च को हुई थी। इसके अगले दिन 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी। इसमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम, तेलंगाना और त्रिपुरा की लोकसभा सीटों के लिए नामों का एलान हुआ था। उसके बाद 11 मार्च को दूसरी बैठक का आयोजन किया ग्राम जिसमें असम, मध्यप्रदेश, राजस्थान से लगभग 43 नामों की सूची को मंजूरी दी गई थी।