यूपी समेत 12 राज्यों में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट सबसे ज्यादा सक्रिय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी समेत देश के 12 राज्यों में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) सबसे ज्यादा सक्रिय है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने बुधवार को राज्यसभा में लिखित जवाब में यह जानकारी दी।
रेड्डी ने कहा, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दक्षिणी राज्य तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में आईएस की मौजूदगी के संबंध में 17 केस दर्ज किए हैं और 122 लोगों को गिरफ्तार किया है। दक्षिणी राज्यों समेत विभिन्न राज्यों से कई लोग आईएस में भर्ती हुए हैं।
रेड्डी ने कहा, एनआईए की जांच में खुलासा हुआ है कि आईएस उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में सबसे ज्यादा सक्रिय है। आईएस अपनी विचारधारा का प्रचार करने के लिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म का इस्तेमाल कर रहा है।
साइबर एजेंसियां इन गतिविधियों पर करीब से नजर रख रही हैं और कानून के मुताबिक कार्रवाई कर रही हैं। सरकार को जानकारी है कि इन लोगों को कैसे फंड मुहैया कराया जा रहा है और आतंकी गतिविधियों के लिए उन्हें विदेशों से कैसे मदद मिल रही है।
रेड्डी ने कहा, केंद्र सरकार ने यूएपीए के तहत इस्लामिक स्टेट, इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड लेवांत, इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया, दाएश, इस्लामिक स्टेट इन खोरसान प्रोविंस, आईएसआईएस विलायत खोरासन, इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड शाम खोरासन को आतंकी संगठन घोषित किया हुआ है।
जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद आतंकी घटनाओं में आई कमी
गृह राज्यमंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के बाद आतंकी घटनाओं की संख्या में काफी कमी आई है। राज्यसभा में बुधवार को लिखित जवाब में कहा, अगस्त 2019 से लेकर सितंबर 2020 के दौरान कश्मीर में कोई बड़ा आतंकी हमला नहीं हुआ।
पांच अगस्त, 2019 से पहले 29 जून 2018 से चार अगस्त 2019 के बीच 455 आतंकी घटनाएं हुईं। वहीं पांच अगस्त, 2019 से लेकर नौ सितंबर, 2020 के दौरान 211 आतंकी घटनाएं हुईं। इस दौरान कोई भी बड़ा आतंकी हमला नहीं हुआ।
आतंकवाद से निपटने के सवाल पर रेड्डी ने कहा, आतंकवाद के खिलाफ सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। सरकार ने सुरक्षा तंत्र को मजबूत बनाने, राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, आतंकी संगठनों से निपटने के लिए सघन तलाशी अभियान जैसे उपाय अपनाए हैं।
इसके अलावा सुरक्षा बल आतंकियों की मदद करने वालों पर भी करीबी से नजर रख रहे हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
कई राज्यों में आईएस की मौजूदगी, 122 गिरफ्तार
कई केंद्रीय और राज्य की एजेंसियों को कई व्यक्तियों के आईएस में शामिल होने के पुख्ता इनपुट मिले हैं। रेड्डी ने कहा कि एनआईए की जांच में पता चला है कि आईएस केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में सक्रिय है।