{"_id":"62010ac971e87f5b6a322bc9","slug":"union-health-minister-mansukh-mandaviya-says-india-imlementing-largest-immunization-programme-globally-while-launching-intensified-mission-indradhanush-4","type":"story","status":"publish","title_hn":"मिशन इंद्रधनुष 4.0: मंडाविया बोले, दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान लागू कर रहा है भारत","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
मिशन इंद्रधनुष 4.0: मंडाविया बोले, दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान लागू कर रहा है भारत
Mon, 07 Feb 2022 05:34 PM IST
गौरव पाण्डेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Mon, 07 Feb 2022 05:34 PM IST
सार
मिशन इंद्रधनुष के तहत दो साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण के माध्यम से प्रतिरक्षा प्रदान की जाती है।
विज्ञापन
मिशन इंद्रधनुष 4.0 की शुरुआत करते स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया
- फोटो : twitter.com/mansukhmandviya
विस्तार
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोमवार को कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान संचालित कर रहा है जहां तीन करोड़ से अधिक गर्भवती महिलाओं और 2.6 करोड़ से अधिक बच्चों को सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम के तहत सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने यह बात सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई) 4.0 की वर्चुअल माध्यम से शुरुआत करते हुए कही। इस दौरान विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार आईएमआई 4.0 में तीन दौर होंगे और इसे 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 416 जिलों में करवाया जाएगा। मंडाविया ने कहा, कोविड-19 वैश्विक महामारी की वजह से नियमिट टीकाकरण की रफ्तार कुछ धीमी हुई है, आईएमआई 4.0 इसमें आई कमियों को पूरा करेगा और सार्वभौमिक टीकाकरण की ओर लंबे समय तक मिलने वाले फायदे प्रदान करेगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि ऐसे बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित टीकाकरण सेवाएं मिल रही हैं जिन्हें अभी तक टीका नहीं लगा है या जिनका पूर्ण टीकाकरण नहीं हुआ है। इस कार्यक्रम का पहला दौर फरवरी से अप्रैल के बीच 11 राज्यों में आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान के अनुसार इन राज्यों में असम, उत्तराखंड, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, राजस्थान, सिक्किम, त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ शामिल हैं।
विज्ञापन
अन्य 22 राज्यों में अप्रैल से मई के बीच इसका दौर आयोजित होगा। ये राज्य हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, बिहार, पुडुचेरी, दिल्ली, पंजाब, गोवा, तमिलनाडु, हरियाणा, तेलंगाना, झारखंड, उत्तर प्रदेश, केरल, पश्चिम बंगाल, मध्यप्रदेश हैं। मंडाविया ने नवीनतम राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के लिए किए गए प्रयासों को लेकर संतोष व्यक्त किया जिसमें वृद्धि के संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि हमें यह स्थिति बरकरार रखनी है।
मंडाविया ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारी देश की बहुत सेवा कर रहे हैं। राष्ट्र निर्माण में योगदान करने के लिए उनका समर्पण मेरे लिए एक प्रेरणा की तरह है। उन्होंने कहा कि नवजातों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को बीमारियों से बचाने के लिए टीके सबसे प्रभावी और सुरक्षित तरीके हैं। भारत की उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय सराहना मिल रही है। मंडाविया ने सार्वभौमिक टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए 'सबका प्रयास' और 'जन लोक भागीदारी' पर जोर दिया।