अचानक लॉकडाउन लागू किया जाना गलत था, अब इसे तुरंत नहीं हटाया जा सकता: उद्धव ठाकरे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को कहा कि अचानक लॉकडाउन लागू किया जाना गलत था और अब इसे तुरंत नहीं हटाया जा सकता। महाराष्ट्र में कोविड-19 के मामले बढ़ने के बीच ठाकरे ने यह भी कहा कि आने वाले बारिश के मौसम (मानसून) में अत्यधिक सतर्क होने की जरूरत है।
उन्होंने टीवी पर प्रसारित एक संदेश में कहा कि अचानक लॉकडाउन लागू किया जाना गलत था। इसे तुरंत हटा देना भी उतना ही गलत होगा। हमारे लोगों के लिये यह दोहरा झटका होगा।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिये राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की थी। इसका प्रथम चरण 25 मार्च से 14 अप्रैल था, जिसे 15 अप्रैल से बढ़ाते हुए तीन मई तक (दूसरा चरण) किया गया था। इसका तीसरा चरण चार मई से 17 मई तक था और अब लॉकडाउन 4.0 कुछ छूट के साथ 18 मई से 31 मई तक है।
ठाकरे ने कहा कि केंद्र सरकार ने थोड़ी मदद की है लेकिन वह कोई राजनीतिक छींटाकशी नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार को अभी तक माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की बकाया राशि नहीं मिली है। ट्रेन टिकट किराये (प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह राज्य तक पहुंचाने के लिये) का केंद्र का हिस्सा मिलना अभी तक बाकी है। कुछ दवाइयों की अब भी कमी है। शुरुआत में हमने पीपीई किट और अन्य उपकरणों की कमी का भी सामना किया।
उन्होंने बताया कि राज्य में 33,786 सक्रिय मरीज हैं जबकि 13,000 मरीज ठीक हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मानसून आने वाला है जिसके साथ उससे संबंधित बीमारियां भी आएंगी। ठाकरे ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई अब कठिन होने जा रही है लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि हम अतिरिक्त स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ तैयार हैं। राज्य में पॉजिटिव मामलों की संख्या 47,000 से ऊपर पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'राज्य में सक्रिय रोगियों की संख्या 33,786 है और 13,000 से अधिक ठीक हो चुके हैं। मानसून का मौसम आ रहा है, इसलिए उससे संबंधित बीमारियां भी आएंगी। इसलिए हमें अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।'
उन्होंने कहा, ‘आज सुबह मैंने नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी से बात की और उनसे अनुरोध किया कि वे हमें हवाई यात्रा फिर से शुरू करने की तैयारी करने के लिए कुछ समय दें।’
उद्धव ठाकरे ने कहा कि आने वाला समय महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ‘हम यह नहीं कह सकते कि 31 मई को लॉकडाउन खत्म हो जाएगा। हमें देखना होगा कि हम कैसे आगे बढ़ेंगे। आने वाला समय महत्वपूर्ण है क्योंकि वायरस का प्रसार बढ़ रहा है। मैं स्वास्थ्यकर्मियों को फिर आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम हर तरह से उनके साथ हैं।’
We can't say that lockdown will be over by 31st May. We will have to see how we will go forward. The coming time is crucial as multiplication of virus is picking up. I want to assure the medical fraternity that we are with them in all ways: Maharashtra CM Uddhav Thackeray pic.twitter.com/MvgMUGpi6k
— ANI (@ANI) May 24, 2020