गुजरात: विधानसभा के बाहर दो कांग्रेस विधायकों ने उतारी कमीज, भाजपा ने उठाई कार्रवाई की मांग
किसानों के मुद्दे पर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस के दो विधायकों ने अपनी कमीज उतार दी। वहीं, भाजपा ने दावा किया कि विधानसभा के आसपास इस तरह के किसी भी विरोध की अनुमति नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा ने किसानों को अपर्याप्त बिजली आपूर्ति के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्य विधानसभा के बाहर अपनी कमीज उतारने वाले कांग्रेस के दो विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाजपा सरकार पर किसानों को पर्याप्त बिजली प्रदान करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के कम से कम 15 विधायक लगभग 10 मिनट तक विधानसभा भवन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास धरने पर बैठे रहे, इस दौरान विधायक विमल चुडासमा और ललित वसोया ने अपनी कमीज उतार दी। सत्ता पक्ष ने प्रश्नकाल के बाद विधानसभा में आपत्ति जताई, जिसके बाद अध्यक्ष निमाबेन आचार्य ने कहा कि वह आने वाले दिनों में इस घटना के वीडियो क्लिप के माध्यम से अपना फैसला सुनाएंगी।
कांग्रेस का आरोप, किसानों को नहीं मिल रही बिजली
पत्रकारों से बात करते हुए चुडासमा ने कहा कि भाजपा सरकार लंबे-चौड़े दावे करती है कि किसानों को पर्याप्त बिजली मिल रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि गुजरात के अधिकांश किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। सिंचाई के अभाव में खड़ी फसलें, नारियल के पेड़ मर रहे हैं। हम इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यहां विरोध कर रहे हैं। प्रश्नकाल के बाद मुख्य सचेतक पंकज देसाई ने चुडासमा और वासोया के कमीज उतारने वाले विरोध पर आपत्ति जताते हुए दावा किया कि विधानसभा के आसपास इस तरह के किसी भी विरोध की अनुमति नहीं है।
भाजपा ने उठाई कार्रवाई की मांग
देसाई ने अध्यक्ष से जरूरी कार्रवाई करने और इस तरह के विरोध के लिए विपक्षी दल को फटकार लगाने का आग्रह किया। देसाई की मांग का समर्थन करते हुए शिक्षा मंत्री जीतू वघानी ने कहा कि कांग्रेस विधायकों को उस गेट से परिसर में प्रवेश करने वाली महिला पुलिस कर्मियों, विधायकों और सरकारी अधिकारियों के सामने अपने कपड़े उतारने से बचना चाहिए था। साथियों के बचाव में कांग्रेस विधायक अमित चावड़ा ने दावा किया कि भाजपा ने अतीत में अपने राजनीतिक उद्देश्य के लिए विधानसभा परिसर का इस्तेमाल किया है।
चावड़ा ने दावा किया कि कांग्रेस विधायकों ने इसलिए विरोध किया क्योंकि किसानों को खेती के लिए बिजली नहीं मिल रही है। इस विधानसभा परिसर का इस्तेमाल सत्ताधारी भाजपा अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए कर चुकी है। इस परिसर में लोगों को इकट्ठा करने के बाद चुनाव संबंधी भाषण भी दिए गए थे। इस तरह के कार्यक्रम यहां भाजपा द्वारा रोजाना आयोजित किए जाते थे।