Big News: अवैध रूप से मुंबई में रहने वाले दो बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार , स्मग्लिंग करते विदेशी महिला गिरफ्तार
छत्रपति शिवाजी हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1273 ग्राम सफेद पाउडर सा एक पदार्थ बरामद हुआ है। जांच के दौरान पता चला कि वह कोकीन है, जिसका मूल्य 13 करोड़ रुपये आंका गया है।
विस्तार
मुंबई एटीएस ने बताया कि हमें सूचना मिली कि दो बांग्लादेशी नागरिक नवी मुंबई के कामोठे गांव में अवैध रूप से रह रहे थे। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कामोठे पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।
स्मग्लिंग करते हुए विदेशी महिला गिरफ्तार
छत्रपति शिवाजी हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 1273 ग्राम सफेद पाउडर सा एक पदार्थ बरामद हुआ है। जांच के दौरान पता चला कि वह कोकीन है, जिसका मूल्य 13 करोड़ रुपये आंके गए हैं। महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
दहेज हत्या मामले में पति, सास को 10 साल की सश्रम कारावास
झारखंड की एक अदालत ने दहेज और हत्या के मामले में एक व्यक्ति और उसकी मां को 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। सत्र न्यायाधीश अभिमन्यु कुमार की अदालत ने ओझापतरा गांव की निवासी खुशबू कुमारी के पति निरंजन साव और उसकी मां मनिता देवी को सजा दी है। घटना पलामू जिले की है।
सेरामपुर पीएस भारत के शीर्ष 3 पुलिस स्टेशनों में से एक: ममता
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने हुगली के सेरामपुर पुलिस स्टेशन को 2023 के लिए देश के सर्वश्रेष्ठ तीन पुलिस स्टेशनों में से एक के रूप में चुना है। पांच जनवरी को नई दिल्ली एक कार्यक्रम के तहत जिले के आयुक्तालय के अधिकारी को ट्रॉफी सौंपी जाएगी। सीएम ने इसे गर्व की बात कही है।
तेलंगाना के रंगारेड्डी में गोदाम में लगी आग
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के राजेंद्र नगर क्षेत्र में स्थित रॉयल मार्केटिंग स्टोरेज यूनिट में गुरुवार को आग लग गई। सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि डायपर और पैम्पर्स की रॉयल मार्केटिंग स्टोरेज यूनिट में आग लगी है। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश की।
केरल में छात्र संघ कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हिंसक झड़प में तीन घायल, 15 गिरफ्तार
केरल में विपक्षी कांग्रेस की छात्र इकाई, केरल स्टूडेंट यूनियन (केएसयू) और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले के खिलाफ आयोजित मार्च बृहस्पतिवार को हिंसक हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि केएसयू के प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर मिर्च पाउडर फेंका गया, जिसके बाद दोनों के बीच हिंसक झड़प हो गई और पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में 14 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से तीन घायल हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
बता दें कि आउटरीच कार्यक्रम नव केरल सदास के दौरान कन्नूर में कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री विजयन को काले झंडे दिखाने पर केएसयू और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया था। इसी के विरोध में छात्र संघ ने पुलिस महानिदेशक के कार्यालय तक मार्च आयोजित किया था। एजेंसी
इस दौरान कांग्रेस विधायक मैथ्यू कुझालनदान ने हस्तक्षेप का प्रयास कर किया तो पुलिस ने उन्हें भी धुन दिया। कुझालनदान ने पुलिस के बल प्रयोग की आलोचना की और दावा किया कि हिंसा बिना किसी उकसावे के हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।