Parag Agrawal: ट्विटर के नए सीईओ पराग अग्रवाल की पत्नी ने भी की है स्टैनफोर्ड से पीएचडी, ऐसे हुई थी पहली मुलाकात
आईआईटी बॉम्बे से बीटेक करने के बाद पराग अग्रवाल अमेरिका चले आए थे। यहां उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी। पराग की पत्नी विनीता अग्रवाल ने भी स्टैनफोर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेहद लोकप्रिय माइक्रोब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर के सह संस्थापक जैक डॉर्सी की ओर से सीईओ पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद अब यह जिम्मेदारी भारतीय मूल के पराग अग्रवाल को दी गई है। गूगल, माइक्रोसॉफ्ट और आईबीएम जैसी कंपनियों के बाद अब ट्विटर भी उन कंपनियों में शामिल हो गई है जिनके सीईओ भारतीय हैं। इसके बाद लोगों में उनकी निजी जिंदगी के बारे में जानने की दिलचस्पी बढ़ी है। पराग की शादी हो चुकी है और उनका एक बेटा भी है। इस रिपोर्ट में जानिए अग्रवाल की निजी जिंदगी के बारे में।
पराग अग्रवाल की शादी विनीता अग्रवाल से हुई है। दोनों ने जनवरी 2016 में विवाह किया था। दोनों कैलिफोर्निया के सैन फ्रांसिस्को में रहते हैं और उनका एक बेटा अंश भी है। विनीता स्टैनफोर्ड स्कूल ऑफ मेडिसिन में फिजीशियन और असिस्टेंट क्लिनिकल प्रोफेसर हैं। इससे पहले वह फ्लैटिरॉन हेल्थ नामक कंपनी में प्रोडक्ट मैनेजमेंट डायरेक्टर थीं। विनीता ने स्टैनफोर्ड और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) से उन्होंने पीएचडी पूरी की है।
न्यूयॉर्क में स्थित वैग्नर कोव में किया था विनीता को प्रपोज
अग्रवाल की इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर मौजूद एक तस्वीर बताती है कि उन्होंने विनीता को न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध सेंट्रल पार्क में स्थित वैग्नर कोव में प्रपोज किया था। एक झील के किनारे पर स्थित इस जगह को शहर की सबसे रोमांटिक जगहों में से एक माना जाता है। अग्रवाल ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा है, उसने हां कह दिया। वहीं, दोनों की शादी जयपुर के प्रसिद्ध अंबर विला में हुई थी। पराग ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी शादी की भी कई तस्वीरें पोस्ट की हैं। इसके साथ ही एक तस्वीर उन्होंने अपने माता-पिता की भी शेयर की है।
घूमने-फिरने का है शौक, ट्विटर पर तेजी से बढ़े फॉलोअर्स
पराग अग्रवाल की इंस्टाग्राम प्रोफाइल बताती है कि उन्हें घूमने-फिरने का भी काफी शौक है। अपनी पत्नी के साथ अलग-अलग जगहों की कई तस्वीरें उन्होंने यहां पर साझा की हैं। इसके अलावा ट्विटर का सीईओ बनने के साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उनके फॉलोअर्स की संख्या में भी तेजी से इजाफा देखने को मिला है। इस पद को संभालने से पहले ट्विटर पर जहां उनके महज 24 हजार के आस-पास फॉलोअर ही थे वहीं अब उनकी संख्या बढ़ कर दो लाख 56 हजार से अधिक (यह रिपोर्ट लिखे जाने तक) हो गई है।
1984 में हुआ था जन्म, आईआईटी बॉम्बे से किया बीटेक
ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार ट्विटर के नए सीईओ का जन्म 1984 में हुआ था। इसी साल 14 मई को फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का भी जन्म हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार अग्रवाल की जन्म की तारीख की जानकारी नहीं है लेकिन उनका जन्म जुकरबर्ग के बाद हुआ था। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग से बीटेक किया था और फिर पीएचडी के लिए स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी चले गए थे। वह 2011 में ट्विटर से जुड़े थे और 2017 में उन्हें सीटीओ (मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी) बनाया गया था।