कांग्रेस अध्यक्ष पर टीवी चैनल के एंकर की टिप्पणी से मचा सियासी घमासान, सुरजेवाला का पलटवार
- कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भी हुई चर्चा
- कांग्रेसी बोले, प्रधानमंत्री आखिर मौन क्यों हैं?
विस्तार
कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता और मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि टीवी एंकर पत्रकारिता की आड़ में मर्यादा का हनन न करें। वहीं सुरजेवाला और कांग्रेस पार्टी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने इस मामले में प्रधानमंत्री के मौन रहने पर भी सवाल उठाया?
रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि एक तरफ देश की जनता और सरकारें कोविड-19 संक्रमण से लड़ रही हैं। वहीं दूसरे तरफ भाजपा देश में सांप्रदायिकता की आड़ लेकर बंटवारे में लगी है। उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार को प्रोपैगैंडा की राजनीति से दूर रहकर राजधर्म निभाने का सुझाव दिया है।
वहीं भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने सोनिया गांधी के बयान नपर पलटवार करते हुए कहा कि संकट के समय में कांग्रेस को सकारात्मक सहयोग करना चाहिए और कांग्रेस अध्यक्ष ऐसा बयान देकर सांप्रदायिक राजनीति कर कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना के खिलाफ मजबूती से जंग लड़ रहे हैं और ऐसे में कांग्रेस की भूमिका रचनात्मक की बजाए बांटने की राजनीति पर है। वहीं जावड़ेकर ने टीवी एंकर पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे अलोकतांत्रिक बताया।