फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Trump India visit live updates preparation underway PM Modi says honour that he will be with us

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप भारत के लिए रवाना, पीएम मोदी को बताया दोस्त

Sun, 23 Feb 2020 10:43 PM IST
Sneha Baluni न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Sneha Baluni Updated Sun, 23 Feb 2020 10:43 PM IST
विज्ञापन
Trump India visit live updates preparation underway PM Modi says honour that he will be with us
भारत के लिए रवाना होने से पत्रकारों से बात करते अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप - फोटो : White House

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार को अपने भारत दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताया। ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप और बेटी इवांका ट्रंप के साथ विशेष हेलीकॉप्टर से व्हाइट हाउस के लिए रवाना हो गए हैं।  इसके बाद विशेष विमान से वह भारत के लिए रवाना होंगे और सोमवार को सुबह  11.40 बजे वह अहमदाबाद पहुंचेंगे। 

विज्ञापन

 


तैयारियों का जायजा लेने अहमदाबाद पहुंचे शाह, पीएम बोले- स्वागत को भारत तैयार


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सोमवार को अहमदाबाद यात्रा के मद्देनजर उनके स्वागत के लिए गुजरात का अहमदाबाद शहर तैयार है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वह रोड शो करेंगे और यहां के मोटेरा क्रिकेट स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में संयुक्त रूप से जनसभा को संबोधित करेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियां अमेरिकी राष्ट्रपति की शहर की यात्रा को देखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई हैं। योजना के मुताबिक अहमदाबाद हवाईअड्डे पहुंचने पर अमेरिकी राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया जाएगा, जहां से मोदी और ट्रंप 22 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे।

ट्रंप का आना भारत के लिए सम्मान की बात: नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'भारत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए तैयार है। यह एक सम्मान की बात है कि वह कल अहमदाबाद में ऐतिहासिक कार्यक्रम शुरू करने के लिए हमारे साथ होंगे।'
 

अहमदाबाद पहुंचे अमित शाह 

गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद पहुंच गए हैं। यहां राष्ट्रपति ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका और दामाद जेरेड कुशनर के साथ सोमवार को दो दिन की यात्रा पर आने वाले हैं।
 



30 खुफिया अधिकारी दिल्ली पहुंचे, होटल के बाहर हाई डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरा लगाए जाएंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर अमेरिकी खुफिया विभाग के 30 अधिकारी राजधानी दिल्ली पहुंच चुके हैं। अधिकारी इस बात की जायजा लेंगे कि उनके दिल्ली दौरे के दौरान सुरक्षा की पुख्ता इंतजाम किए जाएं। ट्रंप दिल्ली में होटल आईटीसी मौर्य शैर्टन में रुकेंगे। 

ऐसा पहली बार होगा कि दिल्ली पुलिस होटल के बाहर हाई-डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरों को लगाएगी जिसमें नाईट विजन की सुविधा भी होगी। पुलिस इससे होटल के आस-पास पूरे इलाके की पल-पल की खबर का रखेगी। 

सूत्रों ने बताया कि ये सभी खुफिया अधिकारी होटल मौर्य में ठहरे हैं। उन्होंने भारतीय खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की, जहां दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी सुरक्षा योजना पर चर्चा करने के लिए मौजूद थे।
 

ट्रंप की यात्रा से सकारात्मक संकेत नहीं: कांग्रेस

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा से पहले कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया आई है। कांग्रेस के नेता आनंद शर्मा ने रविवार को कहा कि अभी तक ऐसे कोई सकारात्मक संकेत नहीं हैं कि इस यात्रा से कोई महत्वपूर्ण परिणाम होगा।

उन्होंने कहा कि अभी तक मुझे किसी प्रमुख नतीजे का कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिला है। यह रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग और अंतरिक्ष एवं परमाणु विज्ञान में हमारे सहयोग की पुन: पुष्टि होगी। यह चल रहा है और यह कोई नई बात नहीं होगी।

शर्मा ने कहा कि भारत को विकसित देशों की सूची में डालकर, अमेरिका एच1बी वीजा और उन पहुंच में काफी कटौती करेगा जो भारत को एक विकासशील देश के तौर पर उपलब्ध थे। इसलिए देखते हैं। एक हेलीकाप्टर सौदे के अलावा कुछ भी दिखायी नहीं दे रहा है।

उन्होंने कहा कि हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि क्या कोई परिणाम सामने आते हैं। राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता शर्मा ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप आज एक संदेश देंगे और कल दूसरा संदेश देंगे। उन्होंने पूर्व में ऐसा किया है। मत भूलिये कि ह्यूस्टन में हाउडी मोदी कार्यक्रम के बाद कैसे वह पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से मिले थे। इसलिए हमें इंतजार करना होगा।

ट्रंप की यात्रा भारत के लिए अहम: भाजपा
हालांकि पूर्व विदेश मंत्री एसएम कृष्णा का मानना है कि यह यात्रा महत्व रखती है क्योंकि अमेरिका और भारत दोनों को अपने बीच संबंध को पोषित करने और उसे बरकरार रखने की जरूरत है।

संप्रग सरकार में विदेश मंत्री रहे और अब भाजपा में आ चुके कृष्णा का मानना है कि ट्रंप की यात्रा यद्यपि अमेरिकी राष्ट्रपति पद के चुनाव के वर्ष में हो रही है और वहां बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय वोट करेंगे लेकिन इसे अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इसे एक व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए कि क्षेत्र में क्या हो रहा है। कृष्णा ने कहा कि चीन भी इस यात्रा और इस दौरान होने वाली बातचीत पर निगाह रखेगा।

90 साल के पोलाची के दर्जी देंगे खास तोहफा
तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित पोलाची गांव के रहने वाले 90 साल के लोकप्रिय दर्जी वीएस विश्वनाथन ट्रंप को सफेद खादी की शर्ट देंगे, जिसे उन्होंने खुद तैयार किया है। उन्होंने यह शर्ट अमेरिकी दूतावास के नाम पर पीएमओ को भेजी है और उम्मीद जताई के ट्रंप इसे स्वीकार करेंगे। विश्वनाथन इससे पहले प्रदेश के पूर्व सीएम के कामराज, सीएन अन्नादुरई और पूर्व राष्ट्रपति आर वेंकटरामन को यह तोहफा दे चुके हैं।

ट्रंप के लिए खाना बना रहे हैं शेफ सुरेश खन्ना

फॉर्च्यून लैंडमार्क होटल के शेफ सुरेश खन्ना राष्ट्रपति ट्रंप उनकी पत्नी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए उनकी साबरमति आश्रम की यात्रा के दौरान खाना बनाएंगे। शेफ खन्ना ने कहा, 'अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। मेन्यू में स्थानीय गुजराती खाना शामिल है जैसे- स्पेशल खमन, गुजरात की स्पेशल अदरक वाली चाय, ब्रोकोलियन-कोर्न समोसा, आईस टी, ग्रीम टी और मल्टी ग्रेन कुकीज। संबंधित विभाग से इसकी मंजूरी मिल चुकी है। इसकी तैयारियां चल रही हैं। मेन्यू में केवल शाकाहारी चीजें होंगी। इसे गुजराती तरीके से पकाया जाएगा। पहले खाद्य निरीक्षकों को भोजन चखाया जाएगा, फिर गहन जांच के बाद इसे मेहमानों को परोसा जाएगा।'
 


 

 

मोटेरा स्टेडियम में बना अस्थाई अस्पताल

अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम के बाहर 25 बेड की क्षमता वाला एक अस्थाई अस्पताल बनाया गया है। यहां डोनाल्ड ट्रंप नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
 
 

15 छात्रों ने किया मलखंब का अभ्यास

अहमदाबाद के साबरमति गुरुकलम में ट्रंप और मेलानिया की यात्रा से पहले 15 छात्रों के समूह ने मलखंब का अभ्यास किया। ये समूह कल अमेरिकी राष्ट्रपति के रोड शो के दौरान प्रस्तुती देने वाले कलाकारों में से एक होगा।
 


 

साबरमती आश्रम में जोरों पर हैं तैयारियां

साबरमती आश्रम के अधिकारियों ने बताया कि अपने रोड शो के दौरान ट्रंप के आश्रम के दौरे को लेकर अनिश्चितता के बावजूद मोदी के साथ उनके आगमन की संभावना को देखते हुए सारी तैयारियां कर ली गई हैं। यहां महात्मा गांधी के प्रवास के दौरान देश के स्वतंत्रता संग्राम में साबरमती आश्रम मुख्य केंद्र था।

22 किलोमीटर लंबा रोडशो करेंगे दोनों नेता

मोदी और ट्रंप 22 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। रोड शो के बाद दोनों नेता शहर के मोटेरा इलाके में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम पहुंचेंगे। अधिकारियों का अनुमान है कि रोड शो के मार्ग में करीब एक लाख लोग जुटेंगे। इस रोड शो को अहमदाबाद नगर निगम ने ‘इंडिया रोड शो’ नाम दिया है।

रोड शो को गणमान्य अतिथियों के साथ गुजरात के लोगों के लिए यादगार अनुभव बनाने की खातिर शहर की निकाय संस्था कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। अहमदाबाद नगर निगम आयुक्त विजय नेहरा ने रविवार को ट्वीट किया, 'आइए ‘नमस्ते अहदाबाद’ के तहत 22 किलोमीटर लंबे विशाल ‘इंडिया रोड शो’ का हिस्सा बनें। आइए ‘नमस्ते ट्रंप’ के जरिए दुनिया को भारत की संस्कृति और विविधता का बेहतरीन प्रदर्शन करें।'

एक साल के बच्चे को लेकर ड्यूटी कर रही हैं संगीता परमार

पुलिस कांस्टेबल संगीता परमार अहमदाबाद के विसात में अपने एक साल के बेटे को लेकर ड्यूटी कर रही हैं। उन्होंने कहा, 'यह मुश्किल है लेकिन यह मेरा कर्तव्य है कि मैं एक मां और पुलिस कांस्टेबल के तौर पर अपनी जिम्मेदारी पूरी करुं। उसकी तबियत ठीक नहीं है इसलिए मुझे उसे यहां लेकर आना और स्तनपान कराना पड़ रहा है।'
 


 

साबरमती आश्रम की सुरक्षा हुई कड़ी

हमदाबाद के साबरमती आश्रम में सुरक्षा कड़ी कर दी गई, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप कल यात्रा करेंगे।
 


 

ट्रंप की सुरक्षा के लिए 12000 पुलिस जवान अहमदाबाद में तैनात

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर आशीष भाटिया ने ट्रंप दौरे को लेकर कहा है कि रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) से ड्रोन विरोधी प्रणाली के लिए अनुरोध किया गया है। बड़े पैमाने पर जनता को निर्देशित किया जा रहा है कि वे किसी भी उद्देश्य के लिए ड्रोन का उपयोग न करें।

कमिश्नर ने बताया है कि 33 पुलिस उपायुक्त, 75 सहायक पुलिस आयुक्त, 300 पुलिस निरीक्षक, 1000 उप-निरीक्षक, 12000 जवान और 2000 महिला पुलिसकर्मी शहर भर में तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ट्रंप के दौरे में साबरमती आश्रम भी शामिल है, इसलिए उस क्षेत्र में गाड़ियों का रास्ता बदल दिया गया है। साथ ही क्षेत्र में व्यवस्थाएं भी बढ़ा दी गई है। 

सुरक्षा के मद्देनजर भाटिया ने बताया कि हमने कल रात कुछ इलाकों की छानबीन की और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन मैं अभी बंदियों की संख्या का खुलासा नहीं कर पाऊंगा। 

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 11: 30 बजे पहुंचेंगे। इसके बाद हवाई अड्डे पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। रोड शो दोपहर 12 बजे शुरू होगा। मोटेरा स्टेडियम जाते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति साबरमती आश्रम में रुकेंगे। उन्होंने बताया कि मोटेरा स्टेडियम में 'नमस्ते ट्रंप' इवेंट, दोपहर तीन बजे समाप्त होगा। इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दोपहर 3:30 बजे आगरा के लिए प्रस्थान करने वाले हैं।

विस्तारा, इंडिगो और स्पाइसजेट ने यात्रियों को पहले पहुंचने का निर्देश दिया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की यात्रा के कारण सोमवार सुबह चार बजे से शाम चार बजे तक यातायात भीड़ के मद्देनजर अहमदाबाद हवाईअड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए विस्तारा, इंडिगो और स्पाइसजेट ने जल्दी पहुंचने का परामर्श जारी किया है। 

अहमदाबाद में साबरमती आश्रम जाएंगे ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम भी जाएंगे। इसके बाद वह क्रिकेट स्टेडियम जाएंगे जहां वह एक लाख से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान साबरमती आश्रम महात्मा गांधी का अहम पड़ाव था। वह वहां 1917 से 1930 के बीच यहां रहे थे।

आधिकारिक सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की कि ट्रंप ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मोटेरा स्टेडियम जाने से पहले साबरमती आश्रम में कुछ समय बिताएंगे। ट्रंप साबरमती आश्रम जाएंगे या नहीं, इसे लेकर कोई भ्रम नहीं रहा। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे समेत दुनिया के कई नेता हाल के वर्षों में साबरमती आश्रम आ चुके हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों ने आश्रम को सजाया संवारा है। एक अधिकारी ने बताया कि ‘नमस्ते ट्रंप’ अमेरिका में ‘हाउडी मोदी’ के समान ही है जिसे सितंबर 2019 में ह्यूस्टन में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा के दौरान उनके सम्मान में भारतवंशी अमेरिकी नागरिकों ने आयोजित किया था।

गुजरात यात्रा के दौरान ट्रंप को मिलेगी भारत की सांस्कृतिक विविधता की झलक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अहमदाबाद में रोड शो और यहां के एक क्रिकेट स्टेडियम में उनके संयुक्त संबोधन के दौरान भारत की सांस्कृतिक विविधता के साथ ही गुजरात की समृद्ध परंपराओं का प्रदर्शन होगा।

रोड शो के मार्ग में सड़क किनारे गुजरात के ऐतिहासिक स्थलों की प्रतिकृतियां लगाई जा रही हैं। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि गुजरात सहित देश के विभिन्न हिस्सों के नृत्य समूह और गायक रोड शो मार्ग के साथ ही शहर के मोटेरा क्षेत्र में नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तुति देंगे। 28 राज्यों के कलाकारों को रोड शो मार्ग के किनारे निर्मित मंच आवंटित किए गए हैं। इस रोड शो के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े लोग दोनों नेताओं का स्वागत करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि उनमें से एक मंच पर गरबा भी होगा जो कि पारंपरिक गुजराती नृत्य है। अधिकारियों ने कहा कि ये प्रस्तुतियां देश की विविध संस्कृति की एक झलक पेश करेंगी। मोटेरा स्टेडियम में ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम के लिए बनाए गए मंच पर लोक प्रस्तुतियों के अलावा बॉलीवुड गायक भी प्रस्तुतियां देंगे। 

मोटेरा स्टेडियम में ट्रंप और मोदी एक लाख से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे। गुजरात क्रिकेट संघ के अधिकारियों ने बताया कि बॉलीवुड गायक कैलाश खेर और पार्थिव गोहिल तथा कीर्तिदान गढ़वी, गीता रबारी, पुरुषोत्तम उपाध्याय और साईराम दवे स्टेडियम में प्रस्तुति देंगे।

एक अधिकारी ने कहा कि सांस्कृति कार्यक्रम में प्रस्तुति के लिए विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के छात्रों से भी संपर्क किया गया है। इन छात्रों से कार्यक्रम के लिए एक सप्ताह पूर्व ही अभ्यास करने को कहा गया था। 

रोड शो के मार्ग में सड़क के किनारों पर गुजरात के ऐतिहासिक स्थलों की प्रतिकृतियां लगाई जा रही हैं। इसके अलावा ट्रंप का स्वागत करने के लिए अहमदाबाद हवाई अड्डे के बाहर गुजरात के महेसाणा जिले में स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृहनगर वडनगर का 12वीं सदी के ‘कीर्ति तोरण’ का एक कटआउट लगाया गया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के स्वागत को लेकर उत्सुक भारत: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत को लेकर उत्सुक है। मोदी ने ट्वीट किया कि भारत डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत करने के लिए उत्सुक है। यह सम्मान की बात होगी कि वह कल हमारे साथ होंगे, जिसकी शुरुआत अहमदाबाद में ऐतिहासिक कार्यक्रम से होगी।

प्रधानमंत्री गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के उस ट्वीट पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने कहा कि पूरा गुजरात एक आवाज में कहता है -नमस्ते ट्रंप। 

ट्रंप के स्वागत के लिए तैयार दिल्ली का आईटीसी मौर्य होटल

दिल्ली का आईटीसी मौर्य होटल भारत यात्रा पर आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। ट्रंप के लिए होटल में भोजन जांच की प्रयोगशाला, व्यापक सुरक्षा प्रणाली के अलावा शानदार निजी ड्राइंग रूम, स्पा जैसे विशेष प्रबंध किए गए हैं। आईटीसी मौर्य इससे पहले भी कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत कर चुका हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति सोमवार को भारत दौरे पर पहुंचेंगे।

होटल की वेबसाइट के अनुसार यहां वायु गुणवत्ता पर निगरानी रखने वाली प्रणाली है और इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि आने वाले मेहमानों को ताजी और स्वच्छ हवा मिले।

चाणक्य के नाम से मशहूर दो कमरों के 'ग्रैंड प्रेजिडेंशियल सुइट' में इससे पहले कई विशेष मेहमानों को ठहराया गया है, जिनमें पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जिमी कार्टर, बिल क्लिंटन और जॉर्ज डबल्यू बुश शामिल हैं।

होटल की वेबसाइट के अनुसार इसमें निजी ड्राइंग रूम, निजी टैरेस, जिम और डायनिंग एरिया है। इसके अलावा यहां निजी प्रवेश द्वार, पार्किंग स्थल, तेज गति से चलने वाली लिफ्ट, व्यापक सुरक्षा प्रणाली की भी सुविधा है।

सूत्रों के अनुसार, जिस फ्लोर पर ग्रैंड प्रेसिडेंशियल सुइट स्थित है, उसे पिछले दो हफ्तों से सुरक्षाकर्मियों ने घेर रखा है। होटल के सभी कमरे ट्रंप के लिए बुक किए गए हैं, लिहाजा यहां किसी और मेहमान को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा जब 2015 में भारत यात्रा पर आए थे तो वह भी आईटीसी मौर्य के उसी कमरे में ठहरे थे। उन्हें 26 जनवरी को भारत और अमेरिका के शीर्ष सीईओ के साथ होटल के यूरोपीय रेस्तरां 'वेस्ट व्यू' का भोजन परोसा गया था। उन्होंने ग्रैंड प्रेजिडेंशियल फ्लोर में रात्रिभोज किया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed