Tunisha Sharma Death: अलीबाबा फेम तुनिशा शर्मा की मौत पर सियासत तेज, लव जिहाद के एंगल पर TMC-भाजपा में ठनी
टीवी एक्ट्रेस तुनिशा शर्मा की मौत के बाद इस पर सियासत भी तेज हो गई है। एक ओर जहां भाजपा के नेता इसे लव जिहाद का मामला बता रहे हैं, वहीं टीएमसी ने भाजपा नेताओं के इस बयान पर पलटवार किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टीवी सीरियल अलीबाबा की अभिनेत्री तुनिशा शर्मा ने टीवी सेट पर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में तुनिशा के को-स्टार शीजान खान को गिरफ्तार भी किया है। वहीं, अब इस मामले पर सियासत भी तेज हो गई है। एक ओर जहां भाजपा के नेता इसे लव जिहाद का मामला बता रहे हैं, वहीं टीएमसी ने भाजपा नेताओं के इस बयान पर पलटवार किया है। तुनिशा शर्मा की मौत को 'लव जिहाद' से जोड़ने पर तृणमूल प्रवक्ता साकेत गोखले ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए भगवा पार्टी को बीमार मानसिकता से ग्रसित बताया है।
टीएमसी प्रवक्ता ने साधा निशाना
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रवक्ता साकेत गोखले ने सोमवार को इस मुद्दे को लेकर कहा कि भाजपा को 'बीमार राक्षस' कहना समझदारी होगी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि मृतका अभिनेत्री के शव का पोस्टमॉर्टम भी पूरा नहीं हुआ है और भाजपा ने पहले से ही अपने घृणित राजनीतिक एजेंडे के लिए उसकी दुखद मौत का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि टीएमसी प्रवक्ता साकेत गोखले का यह ट्वीट भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन और एमएलए राम कदम के बयान पर आया है। जिन्होंने टीवी शो के सेट पर फांसी लगा कर आत्महत्या करने के मामले को लव जिहाद से जोड़ते हुए बयान दिया है।
गिरीश महाजन ने क्या दिया था बयान
महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता गिरीश महाजन ने बड़ा दावा किया। उन्होंने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि अभिनेत्री तुनिषा शर्मा की मौत लव जिहाद का मामला है और राज्य पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लव जिहाद के खिलाफ आएगा सख्त कानून
साथ ही, इस बात पर भी जोर दिया कि राज्य में एकनाथ शिंदे सरकार लव जिहाद के खिलाफ एक सख्त कानून लाने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि हम देख रहे हैं कि इस तरह के मामले दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं और हम इसके खिलाफ एक सख्त कानून लाने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) चंद्रकांत जाधव ने कहा कि अभी तक इस मामले में ब्लैकमेलिंग या लव जिहाद जैसा कोई एंगल सामने नहीं आया है।
उन्होंने कहा कि जांच चल रही है। आरोपी शीजान और मृतक के फोन जब्त कर लिए गए हैं। इससे पहले रविवार को पुलिस ने कहा कि तुनिशा ने आत्मघाती कदम अपने प्रेमी और सह-कलाकार शीजान मोहम्मद खान के साथ ब्रेकअप के बाद उठाया है। वहीं पुलिस ने शीजान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, पुलिस ने तुनिषा शर्मा मौत मामले में अब तक 14 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। एसीपी चंद्रकांत जाधव ने बताया कि तुनिशा शर्मा एक टीवी शो में एक अभिनेत्री के रूप में काम करती थीं। तुनिषा और शीजान खान का अफेयर था। 15 दिन पहले उनका ब्रेक-अप हो गया था, जिसके बाद उन्होंने अपने शो के सेट पर आत्महत्या कर ली।