फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Todays News Update stone pelting on train in Kerala four prisoners escape from jail in Gujarat

Updates: केरल में ट्रेन पर पथराव की ताजा घटना, गुजरात में चार कैदी जेल से भागे; पढ़ें अहम खबरें

Sat, 02 Sep 2023 11:08 PM IST
रोहित राज नेशनल डेस्क, अमर उजाला, कासरगोड (केरल)
नेशनल डेस्क, अमर उजाला, कासरगोड (केरल) Published by: रोहित राज Updated Sat, 02 Sep 2023 11:08 PM IST
सार

हाल के दिनों में दक्षिणी राज्य से ट्रेनों पर पथराव की कई घटनाएं सामने आई हैं। 21 अगस्त को वंदे भारत एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस की खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे। ऐसी ही घटनाएं 13 अगस्त को सामने आई थीं, जब कन्नूर जिले में मैंगलोर-चेन्नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस और नेत्रावती एक्सप्रेस पर उपद्रवियों ने हमला किया था।

विज्ञापन
Todays News Update stone pelting on train in Kerala four prisoners escape from jail in Gujarat
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : iStock

विस्तार

केरल में ट्रेनों पर पथराव की एक ताजा घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात मुंबई जाने वाली एक एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव किया गया। इस दौरान ट्रेन के कोच की खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, तिरुवनंतपुरम और मुंबई के बीच चलने वाली नेत्रावती एक्सप्रेस ने अपनी यात्रा जारी रखी, क्योंकि किसी भी यात्री के घायल होने की कोई खबर नहीं मिली। रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन पर तब पथराव किया गया, जब रात करीब 8:45 बजे कासरगोड जिले के कुंबाला इलाके से गुजर रही थी। 
विज्ञापन


हाल के दिनों में दक्षिणी राज्य से ट्रेनों पर पथराव की कई घटनाएं सामने आई हैं। 21 अगस्त को वंदे भारत एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस की खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे। ऐसी ही घटनाएं 13 अगस्त को सामने आई थीं, जब कन्नूर जिले में मैंगलोर-चेन्नई सुपरफास्ट एक्सप्रेस और नेत्रावती एक्सप्रेस पर उपद्रवियों ने हमला किया था। इससे पहले इस साल अप्रैल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा केरल में लॉन्च किए जाने के बाद मई में वंदे भारत ट्रेन पर दो बार पथराव किया गया था।
विज्ञापन


गुजरात में कैदियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान
इस बीच गुजरात के आनंद जिले के बोरसाद शहर में एक उप-जेल से चार विचाराधीन कैदी शनिवार तड़के भाग निकले। उनकी धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि यह घटना सुबह साढ़े तीन बजे से चार बजे के बीच हुई। कैदियों पर हत्या, दुष्कर्म जैसे मामलों में मुकदमा चल रहा था। कैदी बैरक गेट के लोहे के बार के नीचे लकड़ी के हिस्से को आरी से काटकर और फिर एक ऊंची दीवार कूदकर भाग निकले।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने बताया कि विचाराधीन कैदियों में से एक पर हत्या का आरोप था। दो पर बच्चों के संरक्षण अधिनियम (POCSO) के प्रावधानों के तहत दुष्कर्म का आरोप था और एक पर राज्य के निषेध अधिनियम के तहत आरोप था। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब बोरसद उप-जेल में ऐसी घटना हुई है 2004 में इसी उप-कारागार से 10 कैदी भाग गए थे। 2018 में दो अलग-अलग घटनाओं में तीन कैदी जेल से भाग गए थे।

ओडिशा में एक करोड़ की ब्राउन शुगर जब्त
डिशा के पुरी जिले में एक करोड़ रुपये मूल्य की ब्राउन शुगर जब्त की गई। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल की एक टीम ने शुक्रवार शाम पिपिली इलाके में छापेमारी की और 80 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की। दो कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान पुरी जिले से लिपुन पांडे और खुर्दा जिले से एसके अब्बास के रूप में हुई है।

चार साल की बच्ची का अपहरण करने के मामले में व्यक्ति गिरफ्तार
केरल पुलिस ने उत्तर प्रदेश के  29 वर्षीय व्यक्ति को एक चार के बच्चे को उसके घर मवेलिक्कारा से अपहरण करने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सेल्समैन मनजीत सिंह घरेलू सफाई सामग्री बेचने के लिए शुक्रवार को उस इलाके में गया था। 

पुलिस ने कहा, 'बच्ची अपने भाई के साथ घर के बाहर खेल रही थी। उसका भाई पड़ोसी के घर फूल लेने गया था और वापस आकर देखा तो उसकी बहन को एक व्यक्ति पकड़कर ले जाने की कोशिश कर रहा था।' 

यह देखकर लड़की का भाई चिल्लाने लगा, जिसे देखर व्यक्ति ने बच्ची को छोड़ दिया और वहां से भाग निकला। लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति को आज सुबह कोर्ट के समक्ष पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

मेघालय में छह करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ चार गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार को शिलांग में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से छह करोड़ रुपये से अधिक की दवाएं जब्त की गईं। इस मामले की पूरी जानकारी देते हुए एसपी सिल्वेस्टर नोंगटिंगर ने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, पूर्वी खासी हिल्स जिले के मादक द्रव्य विरोधी टास्क फोर्स ने शुक्रवार रात राज्य की शिलांग के डेमथ्रिंग इलाके में छापेमारी की, जिसके दौरान आरोपियों के पास से 638 ग्राम से अधिक वजन वाली हेरोइन की 55 पेटियां जब्त की गईं।

एसपी नोंगटींगर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में मादक पदार्थ की कीमत छह करोड़ रुपये से अधिक है। एसपी ने बिना विस्तृत जानकारी दिए बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। वहीं मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने मेघालय पुलिस को उसके प्रयासों के लिए बधाई दी।

ओडिशा बांध परियोजना के कारण विस्थापित परिवारों को मिलेगी भूमि
ओडिशा सरकार ने शनिवार को झारसुगुड़ा जिले के 1,749 परिवारों को भूमि अधिकार प्रदान करने का निर्णय लिया, जिन्होंने 1957 में बहुउद्देशीय हीराकुंड बांध परियोजना के कारण अपने घर खो दिए थे। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के निर्देशानुसार यहां एक बैठक में यह निर्णय लिया गया।

उन्होंने कहा कि लखनपुर तहसील के 18 गांवों और झारसुगुड़ा तहसील के एक गांव के विस्थापित परिवारों को 3,231 एकड़ भूमि पर भूमि अधिकार प्रदान किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार इस साल दिसंबर से पांच गांवों - लिमईटिकरा, सहसबाग, चित लाचीपल्ली, पतरापल्ली और दुनामुंडा में भूमि पट्टों का वितरण शुरू करेगी।

अधिकारियों ने 22 सितंबर तक गंजम जिले के सोरदा ब्लॉक के 17 गांवों में 883 विस्थापित लोगों को भूमि पट्टे वितरित करने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 168 विस्थापित लोगों को कृषि भूमि उपलब्ध कराई जाएगी जिसके लिए प्रक्रिया अगले महीने से शुरू होगी।

विचाराधीन कैदी की हिरासत में मौत
न्यायिक हिरासत में बंद 25 साल के एक व्यक्ति की शनिवार को एक अस्पताल में मौत हो गई, जिसके बाद पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के पंचला इलाके में लोगों के एक समूह ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया और आरोप लगाया कि यातना के कारण उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी हटा दी, जिससे इलाके में यातायात जाम हो गया। पुलिस ने बताया कि छह साल पहले एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में सोमनाथ सरदार को 29 अगस्त को उसके घर से गिरफ्तार किया गया था। लड़की के परिवार द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद वह इलाके से भाग गया। जब पुलिस को सरदार के घर लौटने की जानकारी मिली तो उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 

बुधवार को अदालत में पेश किए जाने पर उस व्यक्ति को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि वह शुक्रवार को सुधार गृह में बीमार पड़ गया और शनिवार तड़के अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

अलेक्जेंड्रिया पहुंची भारतीय सेना
मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका क्षेत्र में अब तक के सबसे बड़े संयुक्त सैन्य अभ्यास ब्राइट स्टार-23 में भाग लेने के लिए भारतीय सेना और वायु सेना (आईएएफ) की टुकड़ी अलेक्जेंड्रिया पहुंची। इसका उद्घाटन समारोह 31 अगस्त को आयोजित हुआ था। यह अभ्यास 13 सितंबर को मिस्र के मोहम्मद नागुइब सैन्य अड्डे पर समाप्त होगा।

मिस्र में भारतीय दूतावास ने एक्स पर कहा, अभ्यास में 34 देश भाग ले रहे हैं। अभ्यास में भाग लेने के लिए 29 अगस्त को 550 भारतीय सैन्य कर्मियों की टुकड़ी पहुंच चुकी है। इसका प्रतिनिधित्व 23 जाट बटालियन की एक टुकड़ी कर रही है। उद्घाटन समारोह 31 अगस्त को आयोजित किया गया था। यह किसी विदेशी अभ्यास के लिए अब तक की सबसे बड़ी भारतीय सैन्य तैनातियों में से एक है।

संयुक्त सैन्याभ्यास ब्राइट स्टार-23 का नेतृत्व यूएस सेंटकॉम और मिस्र की सेना कर रही हैं। अभ्यास का पहला संस्करण 1980 में मिस्र में आयोजित किया गया था। 1995 के बाद से इसमें अन्य देशों ने भी भागीदारी करनी शुरू की। 2021 में इस सैन्याभ्यास में 21 देशों की सेनाओं ने भाग लिया था।

अभ्यास के तहत नए खतरों से निपटने और वैश्विक शांति कायम रखने में देशों के बीच क्षेत्रीय साझेदारी बढ़ाने पर केंद्रित प्रशिक्षण गतिविधियां शामिल होंगी। इसके तहत संयुक्त हथियार फायरिंग अभ्यास भी शामिल होगा। इसके अलावा साइबर सुरक्षा पर एक पैनल चर्चा आयोजित करने की भी योजना है।

गुजरात : बोटाद में हनुमान मंदिर में विवादास्पद पेंटिग्स को विकृत करने पर एक हिरासत में
 गुजरात के बोटाद जिले के प्रसिद्ध स्वामीनारायण संप्रदाय के मंदिर में एक विवादास्पद पेंटिंग को विकृत करने के आरोप में शनिवार को हर्षद गढ़वी को हिरासत में लिया गया। यहां लगाई गई कम से कम दो पेंटिंग्स में स्वामीनारायण संप्रदाय के संत सहजानंद स्वामी के सामने भगवान हनुमान को एक दास के रूप में प्रस्तुत किया गया है। गढ़वी बैरिकेड्स के माध्यम से पेंटिंग तक पहुंचा। उसने भारी रॉड से पेंटिंग पर प्रहार किया और तोड़फोड़ की। उसने पेंटिंग को काला भी कर दिया। उसकी इस हरकत का एक वीडियो वायरल हुआ है।

कुछ दिन पहले हिंदू धार्मिक नेताओं ने सालंगपुर में भगवान हनुमान मंदिर से विवादास्पद पेंटिंग्स को हटाने की मांग की थी। कुछ महीने पहले यहां भगवान हनुमान की 54 फुट की मूर्ति स्थापित की गई थी। इसका अनावरण गृह मंत्री अमित शाह ने किया था। प्रतिमा के नीचे बनी पेंटिंग्स पर लोगों की नजर अब गई है, जिससे विवाद हो गया है। इनमें से दो पेंटिंग्स में भगवान हनुमान को सहजानंद स्वामी को प्रणाम करते हुए दिखाया गया है।

Assam Flood: असम में बाढ़ से एक और की मौत, 18 जिले अभी भी बाढ़ की चपेट में 
असम में बाढ़ से एक और व्यक्ति की मौत हो गई। एक आधिकारिक बुलेटिन में शनिवार को कहा गया कि राज्य में ब्रह्मपुत्र नदी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हालांकि, पिछले 24 घंटे में बाढ़ की स्थिति में सुधार हुआ है और प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 2.5 लाख से कम हो गई है। 

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने कहा कि 18 जिले अभी भी बाढ़ की चपेट में हैं, जिससे 2,42,515 लोग प्रभावित हैं। बाढ़ का सर्वाधिक कहर नलबाड़ी जिले में है जहां 72,427 लोग पीड़ित हैं। दरांग जिले में 69,112 लोग बाढ़ पीड़ित हैं। शुक्रवार को 18 जिलों में बाढ़ प्रभावितों की संख्या 3,24,938 थी।  एएसडीएमए द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि दरांग जिले से एक मौत की सूचना मिली है, जिससे इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या 17 पहुंच गई है।

अरुणाचल में पांच लाख रुपये की हेरोइन जब्त
अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में एक व्यक्ति को उसके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये की हेरोइन जब्त करने के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। तिरप के पुलिस अधीक्षक राहुल गुप्ता ने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एक पुलिस टीम ने शुक्रवार रात जिला मुख्यालय खोंसा में हेलीपैड कॉलोनी में व्यक्ति के घर पर छापा मारा और 10.71 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया।

छापेमारी के दौरान, जो नगर मजिस्ट्रेट डॉ रिपी डोनी की उपस्थिति में की गई थी, जब्त की गई हेरोइन को हरे प्लास्टिक साबुन के डिब्बे में पैक किया गया था। एसपी ने कहा कि आरोपी लोंगडिंग जिले के मिंटोंग गांव का रहने वाला है, लेकिन खोंसा में रह रहा है। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

लैंडिंग के दौरान विमान से टकराया पक्षी, हादसा टला
कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान लैंडिंग के दौरान एक पक्षी टकरा गया। इंडिगो की फ्लाइट 6ई2358 पोर्ट ब्लेयर से कोलकाता आ रही थी। उस समय विमान में 83 यात्री और छह केबिन क्रू सवार थे। सूत्रों के मुताबिक लैंडिंग के वक्त ही विमान के लैंडिंग गियर के दाहिनी ओर एक पक्षी टकरा गया। बताया जा रहा है कि इस कारण विमान को थोड़ी क्षति पहुंची। हालांकि पायलट की सूझबूझ से हादसा टल गया। यह घटना शुक्रवार को हुई थी। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना कोलकाता एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी। विमान को एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया। जानकारी के मुताबिक इसके बाद विमान की मरम्मत के बाद उसे दोबारा उड़ान भरने के लिए तैयार किया गया।

चोरी में असफल रहने पर चोर ने की बैंक की तारीफ, 'अच्छा बैंक' लिखकर एक नोट छोड़ा
तेलंगाना में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक चोर बैंक में चोरी करने के लिए घुसा। यहां तमाम कोशिश के बाद भी वह चोरी नहीं कर सका तो बैंक के सुरक्षा उपायों की तारीफ में एक नोट लिखकर वहां से निकल गया। उसने इस नोट में पुलिस से यह आग्रह भी किया कि उसे न पकड़े। पुलिस ने कहा, नकाबपोश चोर बृहस्पतिवार को मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर नेनेल मंडल मुख्यालय में एक सरकारी ग्रामीण बैंक की शाखा में घुस गया। पुलिस ने कहा, चोर ने कैशियर और क्लर्कों के केबिनों की तलाशी ली, लेकिन कोई रुपया या कीमती सामान नहीं मिला। वह लॉकर खोलने में असफल रहा। फिर उसने एक अखबार लिया और उस पर मार्कर पेन से तेलुगु में लिखा, मुझे एक भी रुपया नहीं मिल सका, इसलिए मुझे मत पकड़ो। मेरी उंगलियों के निशान वहां नहीं होंगे। अच्छा बैंक है। बैंक एक आवासीय परिसर से संचालित हो रहा है और वहां कोई सुरक्षा गार्ड नहीं था। चोरी के प्रयासों की जानकारी मिलने के बाद बैंक ने शुक्रवार को पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed