फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   today news updates five bangladeshi fishermen arrested in west bengal sunderbans icg chief visit

Updates: मुंबई में फिल्म सिटी के पास दीवार गिरने से दो की मौत; सरकारी वेबसाइट हैक करने के आरोप में एक गिरफ्तार

Sat, 24 Feb 2024 10:38 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: नितिन गौतम Updated Sat, 24 Feb 2024 10:38 PM IST
सार

विजयधरानी केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

विज्ञापन
today news updates five bangladeshi fishermen arrested in west bengal sunderbans icg chief visit
आज की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

विस्तार


विज्ञापन

मुंबई के उपनगरीय गोरेगांव में शनिवार शाम फिल्म सिटी के पास दीवार गिरने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। एक अधिकारी ने कहा कि घटना आरे कॉलोनी रोड पर फिल्म सिटी के गेट नंबर दो के पास हुई। लगभग 60 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची एक दीवार ढह गई, जिसके नीचे कम से कम तीन लोग फंस गए। फायर ब्रिगेड की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले उन्हें बचा लिया गया था, उनमें से दो को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल व्यक्ति का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मलबे में फंसे हुए अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

तमिलनाडु की कांग्रेस विधायक भाजपा में हुईं शामिल
तमिलनाडु की कांग्रेस विधायक एस विजयधरानी भाजपा में शामिल हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। विजयधरानी विलावनकोड निर्वाचन क्षेत्र की विधायक है, जो कि कन्याकुमारी लोकसभा सीट का हिस्सा है। उन्होंने अपना इस्तीफा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पोस्ट किया है। 
विज्ञापन


विजयधरानी केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अरविंद मेनन की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुई। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा, देश में बहुत बड़ी सारी चीजें हो रही हैं। वहीं केंद्रीय मंत्री मुरुगन ने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा तमिलनाडु में एक भी सीट नहीं जीत पाई थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन

नागपुर एयरपोर्ट से लाखों का सोना बरामद

नागपुर एयरपोर्ट से कस्टम विभाग ने एक यात्री के पास से 822 ग्राम सोना बरामद किया है। ये यात्री एयर अरबिया एयरवेज की फ्लाइट से यूएई के शारजहां से नागपुर आया था। आरोपी ने सोने को पिघलाकर उसे अपने कपड़ों पर स्प्रे किया हुआ था। बरामद सोने की मात्रा करीब 822 ग्राम है। साथ ही कस्टम विभाग ने केसर, एपल आईफोन और स्मार्टवॉच भी बरामद की गई है। आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।  
 

कोस्ट गार्ड के चीफ ने किया मुख्यालय का दौरा

भारतीय तटरक्षक बल के डायरेक्टर जनरल राकेश आज अंडमान निकोबार स्थित तटरक्षक बल के मुख्यालय के दौरे पर हैं। तटरक्षक बल प्रमुख ने तटरक्षक बल के जवानों और अधिकारियों से चर्चा की और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास परियोजनाओं की तैयारियों का जायजा लिया। 
 

तमिलनाडु में मासी मगम पर्व की शुरुआत

तमिलनाडु के तेनकाशी जिले में मशहूर मासी मगम पर्व की शुरुआत हो गई है। यह पर्व जिले के अरुलमिगु श्री वेन्नीमलाई मुरुगन मंदिर में आयोजित हो रहा है। दस दिनों तक चलने वाले इस पर्व में विभिन्न समुदायों के लोग शामिल होते हैं और भगवान मुरुगन की पूजा अर्चना करते हैं। इस पर्व में लोग अपने घरों को सजाते हैं और मंदिरों में विशेष पूजा कार्यक्रम होते हैं। 

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक गोदाम में आग लगने की घटना हुई है। आसनसोल के जामुड़िया के जादूडांगा स्थित गोदाम में ये आग लगी है। मौके पर दमकल की कई गाड़ियां मौजूद हैं।  

दुष्कर्म की कोशिश के आरोप में डॉक्टर गिरफ्तार

असम के लखीमपुर जिले में पुलिस ने एक डॉक्टर को दुष्कर्म की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। खबर के अनुसार, पीड़ित महिला आरोपी डॉक्टर के पास नर्स के पद पर नौकरी मांगने गई थी। इसी दौरान आरोपी डॉक्टर ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ और आगे की जांच चल रही है।  

सुंदरबन में पकड़े गए पांच बांग्लादेशी मछुआरे

पश्चिम बंगाल के सुंदरबन में पांच बांग्लादेशी मछुआरे पकड़े गए हैं। सुंदरबन फॉरेस्ट कोस्ट गार्ड की टीम ने इन बांग्लादेशी मछुआरों को पकड़ा। आरोप है कि ये मछुआरे भारतीय जल सीमा में आकर अवैध रूप से मछलियां पकड़ रहे थे। बांग्लादेशी मछुआरों के पास से पांच क्विंटल मछलियां  और मछली पकड़ने की नौका बरामद की है। 
 

सरकारी वेबसाइट हैक करने के आरोप में आईटी पेशेवर गिरफ्तार

सरकारी वेबसाइट को हैक करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने एक आईटी पेशेवर को उसके फ्लैट से गिरफ्तार किया है। आरोपी लक्ष्मी सागर इलाके का निवासी है। पुलिस ने शुक्रवार को उसे पकड़ा था। आरोपी के कंप्यूटर को भी जब्त कर लिया गया है। छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस भी वहां मौजूद थी। 

बेटी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले की पिता ने की हत्या

ठाणे जिले के भिवंडी में एक 34 वर्षीय व्यक्ति को उसकी बेटी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले की हत्या करने के आरोप गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 22 फरवरी की है, जब बिलाल समसुद्दीन अंसारी ने 46 वर्षीय ओमप्रकाश पाल की पिटाई की थी। हालांकि, बाद में पीड़ित की मौत हो गई थी। पुलिस ने बताया कि फिलहाल इस घटना की जांच जारी है। 

कर्नाटक में सड़क हादसे में छह लोगों की मौत

कर्नाटक के बेलगावी जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। मामला जिला मुख्यालय से लगभग 90 किमी दूर दत्त जंबोटी रोड का है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। कहा कि एक कार चालक ने अपनी गाड़ी पर नियंत्रण खो दिया और एक खड़े दोपहिया वाहन और फिर एक अन्य दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे वाहन और उसके आस-पास मौजूद छह लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में हनमंत मलप्पा माल्यागोल, एकनाथ भीमप्पा पदतारी (22), मल्लिकार्जुन रामप्पा मराठे (16), आकाश रामप्पा मराठे (14), लक्ष्मी रामप्पा मराठे (19) और नागपा लक्ष्मण यादवन्नावर (48) शामिल हैं। बेलगावी जिले के पुलिस अधीक्षक भीमाशंकर गुलेद ने कहा कि पिछले तीन दिन में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में 25 लोगों की मौत हुई है।

संदेशखाली हिंसा पर कोलकाता में भाजपा किसान मोर्चा के सदस्यों ने निकाला जुलूस

पश्चिम बंगाल के संदेशखाली हिंसा के विरोध में भाजपा किसान मोर्चा ने तृणमूल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ जुलूस निकाला है। यह जुलूस उत्तरी कोलकाता के गिरिस पार्क से निकाला गया। भाजपा किसान मोर्चा के सदस्यों ने टीएमसी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी भी की। 

बता दें कि संदेशखाली गांव की महिलाओं ने बीते दिनों आरोप लगाए थे कि टीएमसी नेता शाहजहां शेख और अन्य टीएमसी नेताओं ने उनकी जमीनों पर कब्जा कर लिया और कुछ महिलाओं ने टीएमसी नेताओं पर यौन शोषण के भी आरोप लगाए थे। इसे लेकर संदेशखाली में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। शाहजहां शेख राशन घोटाले में आरोपी है और बीते दिनों ईडी टीम पर हुए हमले में भी शाहजहां शेख आरोपी है। वहीं बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

असम में ईसाई स्कूलों के खिलाफ पोस्टर अभियान 
पूरे असम में ईसाई मिशनरी स्कूलों को धमकी देते हुए, एक हिंदू कट्टरपंथी समूह संमिलितो सनातन समाज ने गुवाहाटी और राज्य के अन्य हिस्सों में पोस्टर अभियान शुरू किया है। इसमें मिशनरियों को मिशनरी स्कूलों के परिसरों से प्रतिमा और चैपल हटाने को कहा गया है। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों को धार्मिक संस्थाओं में बदलने से बाज आने की चेतावनी दी गई है। सूत्रों के मुताबिक गुवाहाटी स्थित डॉन बॉस्को स्कूल और सेंट मैरी स्कूल के सामने कुछ पोस्टर चिपकाए गए हैं। इसी तरह से डिब्रूगढ़ में डॉन बॉस्को हाई स्कूल लिचुबारी और कार्मेल स्कूल जोरहाट की दीवारों पर ऐसे पोस्टर देखे गए हैं। पोस्टर में मिशनरी स्कूलों से ईसा मसीह और मदर मैरी की मूर्तियों को हटाने और फादर और सिस्टर्स को सामान्य पोशाक पहनने के लिए, कुटुंबा सुरक्षा परिषद द्वारा दी गई समय सीमा बीतने के बाद यह पोस्टर अभियान शुरू हुआ है। कुटुंबा सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष सत्य रंजन बोरा ने संवाददाताओं से कहा, मुझे यह सुनकर खुशी हुई कि कई लोग पोस्टर अभियान के लिए आगे आए हैं।

‘एक देश, एक चुनाव’ पर कोविंद समिति ने की प्रगति की समीक्षा 
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली समिति ने शनिवार को ‘एक देश, एक चुनाव’ पर हुई प्रगति की समीक्षा की। आधिकारिक बयान में कहा गया कि समिति ने पिछले साल सितंबर में अपने गठबंधन के बाद विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। समिति को मौजूदा सांविधानिक ढांचे को ध्यान में रखते हुए लोकसभा, राज्य विधानसभाओं, नगर पालिकाओं और पंचायतों के एक साथ चुनाव कराने के लिए सिफारिशें करने का काम सौंपा गया है।

647वीं जयंती पर मोदी ने संत रैदास को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को संत रविदास (रैदास) को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि समानता और सद्भाव पर आधारित उनका संदेश हर पीढ़ी को प्रेरित करेगा। मोदी शुक्रवार को संत रविदास की 647वीं जयंती के उपलक्ष्य में अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक समारोह में शामिल हुए थे। बता दें कि संत रैदास दलितों के बीच विशेष रूप से पूजनीय हैं और किसी भी प्रकार के भेदभाव के खिलाफ उनके विचारों से प्रभावित लोगों की तादाद भी अच्छी-खासी है।

प्रौद्योगिकी की चुनौतियों को स्वीकार करने, आगे बढ़ने की जरूरत : अटॉर्नी जनरल
तमिलनाडु की डॉ. अंबेडकर लॉ यूनिवर्सिटी के शनिवार को 13वें दीक्षांत समारोह में अटॉर्नी-जनरल आर वेंकटरमणी ने प्रौद्योगिकी की चुनौतियों को स्वीकार करने और आगे बढ़ने की अनिवार्य आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी अपरिहार्य हो चुकी है, हालांकि इसका कोई भी हिस्सा दुरुपयोग से मुक्त नहीं है। उन्होंने कहा, चाकू का इस्तेमाल रसोई में किया जाता है और हत्या के लिए भी, इसी प्रकार तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा, कानूनों के शासन को प्रभावी ढंग से लागू करने में हमारी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। कानून का अध्ययन विज्ञान के अध्ययन की तरह है। दूसरे शब्दों में यदि आप कानून से संबंधित समय में विशेष तरीके से प्रशिक्षित नहीं हैं, तो आप पूरी तरह से सुसज्जित नहीं हैं।

मणिपुर के मोरेह में 15 करोड़ का मादक पदार्थ जब्त
असम राइफल्स ने मणिपुर के मोरेह जिले में एक ऑपरेशन के दौरान नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित पदार्थों के भंडारण में इस्तेमाल किए जा रहे एक गोदाम का भंडाफोड़ किया। जब्त की गई वस्तुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 15 करोड़ रुपये है। मुख्यालय महानिरीक्षक असम राइफल्स (दक्षिण) के प्रवक्ता ने कहा कि पकड़े गए व्यक्तियों और बरामद वस्तुओं को जांच के लिए शुक्रवार को मोरेह पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा, छापे के दौरान घर के मालिक के कब्जे से कुल 29.799 किलोग्राम डब्ल्यूआईवाई गोलियां, 0.386 किलोग्राम हेरोइन पाउडर, 5.266 किलोग्राम कैफीन, 2.471 किलोग्राम क्रिस्टल पाउडर, 8.299 किलोग्राम सोने की भस्म, अल्प्राजोलम की 7970 गोलियां, विभिन्न प्रकार के रबर स्टाम्प और अन्य पैकिंग सामग्री जब्त की गई। यह अभियान 23 फरवरी को होमगार्ड वेंग, मोरेह के सामान्य क्षेत्र में शुरू किया गया था।

प्रधानमंत्री मोदी का केरल दौरा 27 फरवरी को
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 फरवरी को केरल की यात्रा करेंगे। यह इस साल राज्य की उनकी प्रदेश की तीसरी यात्रा होगी। भाजपा सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी मंगलवार को तिरुवनंतपुरम पहुंचेंगे और भाजपा की राज्य इकाई की ओर से आयोजित पदयात्रा के समापन समारोह में भाग लेंगे। राज्यव्यापी पदयात्रा का समापन समारोह सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन के नेतृत्व में पदयात्रा 27 जनवरी को उत्तरी केरल जिले कासरगोड से शुरू हुई थी। 

शिवसेना विधायक का बाघ मारने का दावा, वन विभाग ने दर्ज किया केस
महाराष्ट्र के बुलढाना में शिवसेना (शिंदे) विधायक संजय गायकवाड़ को बाघ का शिकार करने संबंधी उनका बयान भारी पड़ गया है। वन विभाग ने शनिवार को उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और राष्ट्रीय पशु से जुड़ी कुछ सामग्री भी जब्त की है। बता दें कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर गायकवाड़ ने दावा करते हुए कहा था कि उन्होंने 1987 में एक बाघ का शिकार कर उसके दांतों को अपने गले में पहना था। एक अधिकारी ने कहा कि बाघ के दांत को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और उसके अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

असम में जंगली हाथी ने महिला समेत दो लोगों को कुचलकर मार डाला
असम के गोलपारा जिले में जंगली हाथियों ने एक महिला समेत दो लोगों को कुचल कर मार डाला। पुलिस ने शनिवार को बताया कि मामला शुक्रवार की रात का है। कहा कि दोनों लखीपुर से गुआलगुली में अपने घरों की ओर जा रहे थे... तभी एक पुल के पास उनका सामना हाथियों के झुंड से हुआ। उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को अपने कब्जे में लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed