Big News: मुंबई एयरपोर्ट पर चार करोड़ के सोने के साथ दो गिरफ्तार, बंगाल में सेनको गोल्ड के दो शोरूम में डकैती
पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ित हावेरी जिले के रहने वाले थे। इस घटना में उनके शरीर आग में पूरी तरह से जल गए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मंगलवार को सीआईएसएफ कर्मियों ने सोना तस्करी में एक भारतीय और एक श्रीलंकाई नागरिक को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से करीब 4 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना जब्त किया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारी ने बताया कि उनमें से एक ने सुबह करीब चार बजे हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 के अंदर बोर्डिंग गेट के पास पड़ा एक बैग उठाया। इसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
उन्होंने बताया कि बैग में अंडाकार आकार के सोने के ब्लॉक के 23 टुकड़े मिले। इनका कुल वजन लगभग 8,800 ग्राम था, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारी ने बताया कि दोनों यात्री बंगलू्रू के लिए एअर इंडिया की उड़ान पकड़ने वाले थे। उन्हें आगे की जांच के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया।
बंगाल में सेनको गोल्ड के दो शोरूम में डकैती, 17 करोड़ के गहने लूटे
बंगाल के दो अलग-अलग जिलों में मंगलवार दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने एक प्रतिष्ठित ज्वलेरी कंपनी सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स के दो शोरूम में एक ही समय में डकैती की वारदात को अंजम देते हुए 17 करोड़ रुपये के गहने लूट लिए। पुलिस के मुताबिक, लूट के बाद फायरिंग कर भाग रहे चार डकैतों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से लूट के कुछ गहने भी बरामद हुए हैं। बाकी भागने में कामयाब रहे। हथियारों के बल पर डकैत पुरुलिया शहर के नमोपाड़ा और नदिया जिले के राणाघाट स्थित शोरूम से सोने, चांदी व हीरों के गहने लूटकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, पुरुलिया शहर स्थित शोरूम से करीब आठ करोड़, जबकि राणाघाट शोरूम से नौ करोड़ रुपये के आभूषण लूटे गए। दोपहर करीब 3.15 बजे दोनों भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस घटना को अंजाम दिया गया। राणाघाट शोरूम में डकैतों ने हमला कर एक कर्मचारी को घायल कर दिया।
पटाखा गोदाम में आग लगने से तीन लोगों की जलकर मौत
कर्नाटक के हावेरी जिले में मंगलवार को एक पटाखा गोदाम में आग लगने से तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना हावेरी-हनागल मुख्य सड़क पर भंडारण सुविधा में हुई। फिलहाल आग लगने के सटीक कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ित हावेरी जिले के रहने वाले थे। इस घटना में उनके शरीर आग में पूरी तरह से जल गए थे।
वहीं, हादसे के समय दावणगेरे जिले का रहने वाले 32 वर्षीय वेल्डर गोदाम की तीसरी मंजिल पर काम कर रहा था। उसने खुद को बचाने के लिए तीसरी मंजिल से नीचे कूद गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज जारी है। पुलिस ने कहा कि गोदाम में रखे गए पटाखे आगामी गणेश चतुर्थी, दशहरा और दीपावली के दौरान बिक्री के लिए थे।
मंत्री के रूप में केवल गडकरी का काम नजर आता है: राउत
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रियों में केवल नितिन गडकरी का प्रदर्शन दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता ‘देश के भविष्य के नेता’ हैं। राउत विपक्षी दलों के इस दावे के बारे में एक पत्रकार के सवाल का जवाब दे रहे थे कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा किए गए कार्यों में कथित अनियमितताओं पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट के जरिये गडकरी को निशाना बनाया गया है। एनएचएआई गडकरी के विभाग, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अंतर्गत आता है। राउत ने कहा, नितिन गडकरी नरेंद्र मोदी कैबिनेट के एक अहम नेता और काबिल मंत्री हैं. देश में उनका ही काम दिख रहा है। वह देश के भविष्य के नेता हैं।
मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख संजय पांडे की कंपनी के खिलाफ क्लोजर रिपोर्ट दाखिल
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख संजय पांडे की कंपनी के खिलाफ मामले में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल किया है। कंपनी पर दो एनएसई स्टॉक ब्रोकरों के ऑडिट में सेबी के मानदंडों के उल्लंघन का आरोप था, जो घोटाले से जुड़े को-लोकेशन सुविधा का उपयोग कर रहे थे। माना जा रहा है कि यहां की एक विशेष अदालत में दायर क्लोजर रिपोर्ट में एजेंसी ने कहा है कि उसे आरोपी के खिलाफ मुकदमा चलाने लायक पर्याप्त सबूत नहीं मिले। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब 14 सितंबर को सुनवाई होगी। सीबीआई ने 19 मई को पांडे की कंपनी आईएसईसी सर्विसेज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
तेलंगाना में कांग्रेस को टिकट के लिए 1006 आवेदन मिले
तेलंगाना में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली। इसी कड़ी में मंगलवार को हैदराबाद के गांधी भवन में तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक हुई। पार्टी को चुनाव में टिकट की दावेदारी के लिए 119 निर्वाचन क्षेत्रों से 1006 आवेदन मिले। तेलंगाना कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष महेश गौड़ ने कहा कि हमने उम्मीदवारों का चयन करने के लिए कुछ दिशानिर्देश तैयार किए हैं। दो सितंबर को होने वाली अगली बैठक में हम उम्मीदवार का विवरण, उनकी पृष्ठभूमि, पार्टी से जुड़ाव, पार्टी में वरिष्ठता और उनकी कमियों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि दो सितंबर को हम प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र से तीन से चार नामों की सिफारिश करने का निर्णय लेंगे।
कर्नाटक के बंगलूरू में आरटी नगर पुलिस ने सोमवार को संदिग्ध आतंकियों से जुड़े मामले में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी जुनैद नाम के व्यक्ति के संपर्क में था। फरार जुनैद मध्यपूर्वी के एक देश में है और अपने आकाओं के संपर्क में है। पुलिस ने कुछ सप्ताह पहले, संदिग्ध आतंकी गतिविधियों में लिप्त 5 लोगों को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से बंदूकें और हथगोले बरामद किए गए थे।
बंगाल में चिटफंड कंपनी चक्र समूह का मालिक गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में चिटफंड कंपनी चक्र समूह के मालिक पार्थ चक्रवर्ती को प्रवर्तन निदेशालय ने लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पार्थ ने कोलकाता के गरफा इलाके में फ्लैट देने के नाम पर लोगों से मोटी रकम ली, लेकिन फ्लैट नहीं दिए। पिछले दिनों गरफा समेत कोलकाता कई थानों में लोगों ने पार्थ चक्रवर्ती के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। इससे पहले 2007 में भी पार्थ को गिरफ्तार किया गया था। तब उस पर बाजार से सैकड़ों करोड़ रुपये उगाहने के आरोप लगे थे। इसके बाद जमानत पर रिहा होने के बाद वह काफी समय तक फरार था। पार्थ के साथ कोई प्रभावशाली व्यक्ति जुड़ा है या नहीं, यह अभी जांच का विषय है। जानकारी के मुताबिक चक्र समूह के पास कोलकाता से सटे न्यूटाउन और वीरभूम जिले के तारापीठ में होटल हैं।
झूठा दावा करने वाले कोचिंग संस्थान पर एक लाख का जुर्माना
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष रैंक पाने वालों के अपने संस्थान में पढ़ने का दावा करने वाले आईक्यूआरए आईएएस संस्थान पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही संस्थान को निर्देश दिया है कि वह अपनी वेबसाइट से ऐसे झूठे विज्ञापन तत्काल हटाए। मुख्य आयुक्त निधि खरे और आयुक्त अनुपम मिश्रा की अध्यक्षता में सीसीपीए ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में वर्ष 2015 और 2017 के शीर्ष रैंक धारकों की प्रशंसा वाले भ्रामक विज्ञापन पर आईक्यूआरए आईएएस संस्थान के खिलाफ आदेश जारी किया था। जानकारी के मुताबिक यह मामला संस्थान की वेबसाइट के माध्यम से सीसीपीए के संज्ञान में आया था। आईएएस के लिए कोचिंग देने वाले इस संस्थान की स्थापना 2018 में हुई थी।
नाजिश अंसारी को राजेंद्र यादव हंस कथा सम्मान
लेखिका नाजिश अंसारी को उनकी कहानी हराम के लिए सोमवार को राजेंद्र यादव हंस कथा सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं, मानवी वाहने को उनकी कहानी आत्महंता के लिए हंस युवा कथा सम्मान से सम्मानित किया गया। हिंदी लेखक राजेंद्र यादव की स्मृति में स्थापित यह प्रतिष्ठित पुरस्कार हर साल 10 श्रेणियों के लेखकों को दिया जाता है।
केरल में कारीपुर हवाईअड्डे पर 44 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त, यात्री गिरफ्तार
केरल के कारीपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी गई है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की कालीकट क्षेत्रीय इकाई ने उत्तर प्रदेश के मुसाफर नगर निवासी राजीव कुमार से 3.5 किलो कोकीन और 1.3 किलो हेरोइन जब्त की। डीआरआई के अधिकारियों ने बताया, एयर अरेबिया की उड़ान से शारजाह के रास्ते केन्या के नैरोबी से आए यात्री को कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रोका गया। यात्री के पास से कुल 4.8 किलो नशीला पदार्थ जब्त किया गया। बाजार में इसकी कीमत 44 करोड़ रुपये बताई गई है।
जाली नोट मामले में नेपाली नागरिक को सात साल की सजा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की पटना स्थित विशेष अदालत ने बिहार में जाली नोटों से जुड़े दो मामलों में एक नेपाली नागरिक अबी मोहम्मद अंसारी को सात वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। बिहार के पूर्वी चंपारण में सितंबर 2015 को जब्त जाली भारतीय मुद्रा से संबंधित मामले में दोषी करार दिया जाने वाला वह दूसरा आरोपी है। पूर्वी चंपारण में जब्त किए गए 500 रुपये के नोटों का कुल अंकित मूल्य 25,43,000 रुपये था।
हैदराबाद में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या, राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट
तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन ने हैदराबाद में एक महिला से कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की घटना पर दुख जताया है। साथ ही इस मामले पर राज्य सरकार से व्यापक रिपोर्ट मांगी तलब की है। राजभवन की से ओर जारी बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और साइबराबाद पुलिस आयुक्त से 48 घंटे के भीतर घटना के बारे में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को हैदराबाद के एक पांच सितारा होटल में महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में कांग्रेस नेता कुंबम शिवकुमार रेड्डी के खिलाफ बेंगलुरु में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि रेड्डी लड़की को होटल में लाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।