{"_id":"627944b0316e2f290b57f2b2","slug":"the-common-man-also-got-the-benefit-of-insurance-and-pension-in-modi-government-s-schemes-finance-minister-nirmala-sitharaman","type":"story","status":"publish","title_hn":"वित्त मंत्री बोलीं: आम आदमी को भी बीमा और पेंशन का लाभ, मोदी सरकार की जन सुरक्षा योजनाओं से हुआ फायदा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
वित्त मंत्री बोलीं: आम आदमी को भी बीमा और पेंशन का लाभ, मोदी सरकार की जन सुरक्षा योजनाओं से हुआ फायदा
Mon, 09 May 2022 10:13 PM IST
Amit Mandal
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Amit Mandal
Updated Mon, 09 May 2022 10:13 PM IST
सार
वित्त मंत्री ने कहा कि जीवन ज्योति बीमा योजना शुरू होने के बाद से अब तक 12.76 करोड़ लोगों ने बीमा कवर के लिए नामांकन कराया है।
विज्ञापन
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (file photo)
- फोटो : पीटीआई
विस्तार
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई जन सुरक्षा योजनाओं के चलते आम आदमी की पहुंच बीमा और पेंशन तक हो सकी है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की सातवीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि बीते सात सालों में इन योजनाओं के तहत नामांकित और लाभान्वित होने वाले लोगों की संख्या इनकी सफलता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री मोदी ने नौ मई 2015 को इन तीनों योजनाओं की शुरुआत की थी।
विज्ञापन
12.76 करोड़ लोगों ने बीमा कवर के लिए नामांकन कराया
वित्त मंत्री ने कहा कि जीवन ज्योति बीमा योजना शुरू होने के बाद से अब तक 12.76 करोड़ लोगों ने बीमा कवर के लिए नामांकन कराया है। इस दौरान 5,76,121 लोगों के परिवारों को दावे के रूप में 11,522 करोड़ रुपये मिले हैं। यह योजना कम आय वाले परिवारों के लिए महामारी के दौरान बेहद उपयोगी साबित हुई। वित्त वर्ष 2020-21 में भुगतान किए गए लगभग 50 प्रतिशत दावे कोरोना महामारी में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों ने किए थे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि महामारी की शुरुआत के बाद एक अप्रैल 2020 से लेकर 23 फरवरी 2022 तक कुल 2.10 लाख दावों का भुगतान 4,194.28 करोड़ रुपये के 99.72 प्रतिशत की निपटान दर के साथ किया गया। सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के तहत भी 28.37 करोड़ लोगों ने दुर्घटना कवर के लिए नामांकन किया है। इस दौरान 97,227 दावों के मद में 1,930 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाइ) दो लाख रुपये का जीवन बीमा कवर प्रदान करती है जबकि पीएमएसबीवाई के तहत मौत या स्थायी विकलांगता की स्थिति में दो लाख रुपये और अस्थायी विकलांगता की स्थिति में एक लाख रुपये मिलते हैं। वित्त मंत्री ने अटल पेंशन योजना (एपीवाई) का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक चार करोड़ से अधिक लोग इस पेंशन योजना के तहत पंजीकरण करा चुके हैं।
निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए नीतिगत बदलावों ने निजी क्षेत्र के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। अब निजी क्षेत्र उन वस्तुओं का भी निर्माण कर सकता है जो कभी सिर्फ सार्वजनिक क्षेत्र के प्रतिष्ठान बनाया करते थे।