Politics: टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू का विवादित बयान, सीएम जगन मोहन को बताया लुटेरों के गिरोह का नेता
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लुटेरों और जमीन हड़पने वाले गिरोह का नेता बताया। उन्होंने कहा कि वाईएसआरसीपी सरकार की पांच साल की अराजकता 10 दिनों में खत्म हो जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को लुटेरों और जमीन हड़पने वाले गिरोह का नेता बताया। इस दौरान विपक्ष के नेता ने कहा कि राज्य वाईएसआरसीपी की पांच साल की सरकार की जिस अराजकता का सामना कर रहा है, वह 10 दिनों में खत्म हो जाएगी। हम लोगों को इन साजिशकर्ताओं से बचाने के लिए एक गठबंधन के रूप में आ रहे हैं।
टीडीपी प्रमुख नायडू ने शनिवार को अपने प्रजागलम चुनाव अभियान दौरे के दौरान एनटीआर जिले के नुजिविदु में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित किया। इस दौरान नायडू ने मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि रेड्डी भूमि स्वामित्व अधिनियम के माध्यम से लोगों की जमीन हड़पने के लिए भ्रामक रणनीति बना रहे हैं। दावा किया कि एक अमेरिकी कंपनी क्रिटिकल रिवर टेक्नोलॉजी राज्य के भूमि रिकॉर्ड का रख-रखाव कर रही है। उन्होंने लोगों से वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के चुनाव चिह्न पंखे को कूड़ेदान में डालने का आह्वान किया।
नुजिविदु आमों का विश्व स्तर पर करेंगे प्रचार
बता दें कि टीडीपी भाजपा और जनसेना के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के हिस्से के रूप में चुनाव लड़ रही है। बैठक को संबोधित करते हुए नायडू ने जोर देकर कहा, जब गठबंधन राज्य में सरकार बनाएगा, तो वह चिंतालपुड़ी लिफ्ट सिंचाई परियोजना को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक उपाय करेंगे और नुजिविदु आमों का विश्व स्तर पर प्रचार भी करेंगे।
अमरावती को बेहतर राजधानी बनाने और शिक्षक भर्ती का वादा
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री नायडू ने अमरावती को देश की सबसे अच्छी राजधानी बनाने की इच्छा भी व्यक्त की। उन्होंने कहा, अगर अमरावती का काम पूरा हो गया होता तो युवाओं को नौकरियों के लिए भटकना नहीं पड़ता। वहीं, बाहरी रिंग रोड नुजिविदु को छू जाती। चंद्रबाबू ने सत्ता में आते ही अमरावती परियोजना को पुनर्जीवित करने का वादा किया। चंद्रबाबू नायडू ने वादा किया कि सत्ता में आते ही वह अपना पहला हस्ताक्षर मेगा शिक्षक भर्ती अभियान पर करेंगे। उन्होने पांच सालों में 20 लाख नौकरियां प्रदान करने का भी आश्वासन दिया।
13 मई को विधानसभा-लोकसभा का एक साथ चुनाव
बता दें कि आंध्र प्रदेश में 175 सदस्यीय विधानसभा और 25 लोकसभा सीटों के लिए 13 मई को एक साथ चुनाव होंगे, जबकि वोटों की गिनती 4 जून को होगी।