Corona Alert: बढ़ते मामलों के बीच तमिलनाडु में अब रविवार को रहेगा पूर्ण लॉकडाउन, कर्नाटक ने हटाई साप्ताहिक बंदी
तमिलनाडु में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रविवार को पूर्ण लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। वहीं, कर्नाटक में स्थितियों में सुधार आने के बाद साप्ताहिक बंदी के नियम को खत्म करने का निर्णय लिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी के बीच तमिलनाडु सरकार ने पूरे राज्य में रविवार को पूर्ण लॉकडाउन लागू करने का एलान किया है। यह लॉकडाउन शनिवार की रात 10 बजे शुरू होगा और सोमवार की सुबह पांच बजे तक प्रभाव में रहेगा। राज्य में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू पहले ही लागू है।
रविवार को लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में दूध की दुकानों, एटीएम, अस्पतालों, अस्पताल संबंधी कार्यों, माल परिवहन आदि आवश्यक सेवाओं को संचालन की अनुमति दी गई है। इसके अलावा रेस्तरां और होटल सुबह सात बजे से रात 10 बजे तक भोजन ले जाने की सुविधा दे सकेंगे और डिलिवरी भी कर सकेंगे।
राज्य में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 28,561 नए मामले दर्ज किए गए थे और 39 संक्रमितों की मौत हुई थी। यहां अब कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 79 हजार 205 है। गुरुवार को सामने आए कोविड के नए मामलों में से राजधानी चेन्नई में 7520 और कोयंबटूर में 3390 मरीज मिले थे।
कर्नाटक ने खत्म की साप्ताहिक बंदी, रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा
तमिलनाडु ने जहां प्रतिबंध सख्त किए है वहीं कर्नाटक में राहत दी गई है। यहां साप्ताहिक बंदी को समाप्त करने का फैसला किया गया है। हालांकि, रात्रि कर्फ्यू (रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक) जारी रहेगा। यह फैसला मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की विशेषज्ञों, मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में लिया गया।
राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि शनिवार और रविवार को कर्फ्यू का नियम हटाया जा रहा है। यह निर्णय विशेषज्ञों की रिपोर्ट और वर्तमान स्थितियों को देखते हुए लिया गया है। राज्य में अस्पताल में भर्ती कराने की दर पांच फीसदी हो गई है। अगर इसमें फिर इजाफा होता है तो साप्ताहित बंदी फिर लागू कर दी जाएगी।
अशोक ने राज्य की जनता से अपील की कि कोविड नियमों और एहतियाती उपायों का गंभीरता से पालन करें जिससे दोबारा साप्ताहिक बंदी लगाने की स्थिति न बने। उन्होंने कहा कि रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा और सभी तरह के प्रदर्शनों, रैलियों, मेलों तथा भीड़ जुटाने वाले ऐसे सभी आयोजनों पर पाबंदियां भी अभी जारी रहेंगी।