Tamil Nadu: पोनमुडी के शपथ को लेकर राज्यपाल और द्रमुक सरकार में खींचतान, अन्नामलाई ने किया आरएन रवि का समर्थन
Tamil Nadu: तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के अन्नामलाई ने कहा कि राज्यपाल रवि कह रहे हैं कि अगर पोनमुडी को बरी नहीं किया गया है तो उन्हें दोबारा मंत्रिमंडल में कैसे शामिल किया जा सकता है। राज्यपाल सही तो कह रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक और राज्यपाल आरएन रवि के बीच खींचतान जारी है। राज्यपाल ने सोमवार को के पोनमुडी को मंत्री पद की शपथ दिलाने से इनकार कर दिया। इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई ने राज्यपाल का पक्ष लिया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल कह रहे हैं कि अगर उन्हें (पोनमुडी) बरी नहीं किया गया है तो उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में कैसे शामिल किया जा सकता है। राज्यपाल सही कह रहे हैं।
पोनमुडी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में मंत्री पद से हाथ धोना पड़ा था। उनकी विधायकी चली गई थी। बाद में शीर्ष अदालत ने पोनमुडी की विधायकी बहाल कर दी। अब राज्यपाल उन्हें फिर से मंत्री पद की शपथ दिलाने से इनकार कर रहे हैं।
राज्यपाल रवि का किया समर्थन
अन्नामलाई ने कहा, राज्यपाल की बात सही है। यही बात उन्होंने सेंथिल बालाजी के लिए भी कहा था। तब मुख्यमंत्री (एमके स्टालिन) ने कहा था कि सेंथिल बालाजी किसी भी शर्त पर (मंत्री के पद से) इस्तीफा नहीं देंगे। फिर इस्तीफा क्यों दिया? मुख्यमंत्री ने चार महीने में ही अपना मन बदल दिया था। राज्यपाल रवि फिर यही बात कह रहे हैं कि अगर पोनमुडी को आय से अधिक संपत्ति के मामले में बरी नहीं किया गया है तो उन्हें दोबारा मंत्रिमंडल में कैसे शामिल किया जा सकता है। सही तो कह रहे हैं।
'कोयंबटूर की जनता से आशीर्वाद लेंगे पीएम'
पीएम मोदी के तमिलनाडु में रोड शो को लेकर अन्नामलाई ने कहा, "जब भी पीएम मोदी चेन्नई आते हैं तो यहां के लोग उनका भव्य स्वागत करते हैं। लेकिन यह एक खास रोड शो है, सार्वजनिक बैठक नहीं। बड़ी संख्या में कोयंबटूर को लोगों ने एकत्र होना शुरू कर दिया है। पीएम मोदी कोयंबटूर की जनता से आशीर्वाद लेंगे। यह रोड शो तीन किलोमीटर तक का होगा।" उन्होंने बताया कि पीएम मोदी उन लोगों को भी श्रद्धांजलि देंगे, जिन्होंने 14 फरवरी 1998 के धमाके में अपनी जान गंवाई।
तमिलिसाई के इस्तीफे को लेकर क्या कहा
अन्नामलाई ने तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उप राज्यपाल के पद से तमिलिसाई सुंदरराजन के इस्तीफे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "इस पर अभी मैं कोई टिप्पणी नहीं करता चाहता, क्योंकि जब वह एक आजाद नागरिक बन जाएंगी तो पार्टी के तौर पर हम इस पर टिप्पणी करेंगे।" उन्होंने कहा, "जब तक राष्ट्रपति की ओर से अधिसूचना जारी नहीं हो जाती, मुझे नहीं लगता कि पार्टी के किसी भी सदस्य का इस पर टिप्पणी करना उचित है कि सरकार के भीतर क्या हो रहा है।"