Maharashtra: नागपुर में निलंबित सिपाही ने महिला कांस्टेबल पर लोहे की रॉड से किया हमला, गिरफ्तार
आरोपी संदीप पौणिकर (41) और पीड़िता गीतीखदान क्षेत्र की पुलिस कॉलोनी के रहने वाले हैं। हमले में महिला पुलिस कांस्टेबल और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
विस्तार
महाराष्ट्र में शराब के नशे में एक महिला पुलिस कांस्टेबल और उसके बेटे पर लोहे की रॉड से हमला करने के आरोप में शनिवार को एक निलंबित पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
आरोपी संदीप पौणिकर (41) और पीड़िता गीतीखदान क्षेत्र की पुलिस कॉलोनी के रहने वाले हैं। हमले में महिला पुलिस कांस्टेबल और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। एक अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने पुलिस कांस्टेबल की भतीजी की भी पिटाई की जब उसने अपनी चाची और चचेरे भाई को बचाने की कोशिश की।
शराब के नशे में धुत पौणिकर ने शुक्रवार रात करीब 2:10 बजे महिला पुलिस कांस्टेबल के फ्लैट का दरवाजा खटखटाया। जब उसके बेटे ने दरवाजा खोला तो उसने उनके साथ गाली-गलौज की और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
अधिकारी ने कहा कि उसकी चीखें सुनकर पुलिस क्वार्टर के निवासी उसकी मदद के लिए दौड़े और पौणिकर को काबू कर लिया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपों के बीच भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत हमला और आपराधिक धमकी के तहत मामला दर्ज किया गया है।