SC: ‘अगर नामांकन पत्र खारिज होने के खिलाफ विचार करने लगे तो अराजकता फैल जाएगी’, सर्वोच्च अदालत की टिप्पणी
मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि अगर हम नामांकन पत्रों की अस्वीकृति के खिलाफ संविधान के तहत अनुच्छेद 32 के तहत याचिकाओं पर विचार करना शुरू कर देंगे तो अराजकता फैल जाएगी।
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका को खारिज करते हुए कहा कि अगर सर्वोच्च अदालत चुनाव में नामांकन पत्रों की अस्वीकृति के खिलाफ याचिकाओं पर विचार करना शुरू कर दें तो अराजकता फैल जाएगी। दरअसल, बिहार के जवाहर कुमार झा बाकां संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ना चाहते थे। उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन भी भरा लेकिन उनका नामांकन खारिज हो गया। इसी के खिलाफ उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख करते हुए याचिका दायर की थी।
आपको चुनाव आयोग के नियमों का पालन करना होगा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि अगर हम नामांकन पत्रों की अस्वीकृति के खिलाफ संविधान के तहत अनुच्छेद 32 के तहत याचिकाओं पर विचार करना शुरू कर देंगे तो अराजकता फैल जाएगी। हालांकि, उन्होंने उनके अधिवक्ता अलख आलोक श्रीवास्तव को उचित कानूनी उपाय खोजने की अनुमति जरूर दे दी। सुनवाई के दौरान सीजेआई ने कहा कि अगर हम नोटिस जारी करते हैं और मामले की सुनवाई करते हैं, तो भी यह चुनाव से परे जाएगा। आपको चुनाव आयोग के नियमों का पालन करना होगा। इसलिए हम इस याचिका की सुनवाई के इच्छुक नहीं हैं।
बिहार में आज पहले चरण का मतदान
निवार्चन आयोग के अनुसार, शाम छह बजे तक कुल 48.23 प्रतिशत मतदान हुए। सबसे अधिक मतदान गया में 52 फीसदी, जमुई और औरंगाबाद में 50-50 फीसदी मतदान हुआ। वहीं सबसे कम मतदान नवादा में 41 प्रतिशत मतदान हुआ। इस बार वोट प्रतिशत औंधे मुंह गिर गया। आधे वोटरों ने भी मतदान नहीं किया। 2019 के चुनाव में इन चारों लोकसभा सीटों पर कुल 53.47 फीसदी मतदान हुआ था। नवादा में 49.33 फीसदी, गया में 56.16 फीसदी, जमुई में 55 फीसदी और औरंगाबाद में 53.63 फीसदी मतदान हुआ था। इस चुनाव में छह बूथों पर वोट का बहिष्कार किया।
41 डिग्री तापमान में भी मतदाताओं में उत्साह
जमुई में लोकसभा चुनाव को लेकर मतदाताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। 41 डिग्री तापमान में भी लोग मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। हालांकि तेज धूप और 32 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे पछुआ हवा के कारण दिन के 12:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई। इसके बावजूद भी जिला प्रशासन के आंकड़े के अनुसार सिकंदरा विधानसभा में 31.42 प्रतिशत, जमुई विधानसभा में 33.71 प्रतिशत, झाझा विधान सभा में 38.97 प्रतिशत तथा चकाई विधानसभा में 35.53 प्रतिशत मत डाले गए।