सोशल मीडिया प्रमुखों पर गाज: पहले तीन दिग्गज छोड़ चुके मैदान, अंखी दास के बाद माहेश्वरी चौथे
सोशल मीडिया का खुला मंच इनके प्रमुख अधिकारियों के लिए मुश्किल का सबब बनता रहा है। ट्विटर व फेसबुक के अब तक चार दिग्गजों को भारत में हुए विवादों के चलते मैदान छोड़ना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारत में ट्विटर को लेकर लगातार उठ रहे विवादों के बीच ट्विटर इंडिया के प्रभारी मनीष माहेश्वरी का अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को तबादला कर दिया गया है। वे सोशल मीडिया के चौथे अधिकारी हैं, जिन्हें विवादों के चलते भारत में मैदान छोड़ना पड़ा। गौरतलब है कि नियमों का पालन नहीं होने व सरकार से तकरार के चलते फेसबुक हो या ट्विटर अक्सर विवादों में रहे हैं। बता दें कि इन विवादों के बीच ट्विटर इंडिया के एमडी मनीष माहेश्वरी का तबादला अमेरिका कर दिया गया। उन्हें सैन फ्रांसिस्को में वरिष्ठ निदेशक के पद पर नियुक्ति दी गई है। गौर करने वाली बात यह है कि ट्विटर का सरकार के साथ लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। कंपनी द्वारा भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी नियमों का पालन नहीं करने, विवादित कंटेंट प्रसारित होने के मामले कोर्ट तक गए थे। हाल ही में यूपी के बुजुर्ग की दाढ़ी काटे जाने के विवाद में माहेश्वरी को जमानत तक करानी पड़ी थी।
फेसबुक की अंखी दास ने 2020 में छोड़ा था पद
इससे पूर्व फेसबुक की इंडिया पॉलिसी हेड अंखी दास को पद छोड़ना पड़ा था। उन पर भाजपा के प्रति पक्षपात का आरोप लगा था। उनके कार्यकाल में देश में नफरत भरे भाषणों के फेसबुक पर प्रसारण को लेकर विवाद उठा था। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने आरोप लगाया था कि फेसबुक ने मुस्लिम विरोधी पोस्ट की छूट दे दी थी। हालांकि फेसबुक ने आरोप से इनकार किया था और कहा था कि वह किसी पार्टी का समर्थन नहीं करती। अंखी दास भारत में फेसबुक की पहली अधिकारी थी।
महिमा कौल ने इसी साल जनवरी में छोड़ा ट्विटर
विवादों के चलते ही ट्विटर इंडिया की पब्लिक पॉलिसी प्रमुख महिमा कौल ने जनवरी 2021 में इस्तीफा दे दिया था। हालांकि इस्तीफे की वजह उन्होंने निजी बताई थी। वह पांच साल तक कंपनी में रही थी।
धर्मेंद्र चतुर ने जून में इस्तीफा दिया था
इसी साल 27 जून को भारत में ट्विटर के अंतरिम शिकायत अधिकारी धर्मेंद्र चतुर ने भी इस्तीफा दे दिया था। उनकी नियुक्ति एक सप्ताह पहले ही हुई थी। चतुर ने ऐसे समय में इस्तीफा दिया था जब नए सोशल मीडिया नियमों को लेकर सूक्ष्म संदेशों के आदान-प्रदान की यह साइट सरकार के निशाने पर थी। सरकार ने ट्विटर पर जानबूझकर इन नए सूचना प्रौद्योगिकी नियमों का पालन न करने का आरोप लगाया है और उसकी आलोचना की थी। नए नियम 25 मई से लागू हो गए हैं।
नए नियमों के तहत ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे बड़े सोशल मीडिया मंचों को अतिरिक्त उपाय करने की जरूरत होगी। इसमें भारत में मुख्य अनुपालन अधिकारी, नोडल अधिकारी और शिकायत अधिकारी की नियुक्ति आदि शामिल हैं।