{"_id":"6079c8bda680e5165309b9d3","slug":"sitalkuchi-violence-mamta-had-expressed-her-intention-to-rally-with-the-dead-bodies-bjp-released-the-audio-claim","type":"story","status":"publish","title_hn":"सीतलकूची हिंसा: ममता ने शवों के साथ रैली की जताई थी मंशा, भाजपा ने ऑडियो जारी कर किया दावा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
सीतलकूची हिंसा: ममता ने शवों के साथ रैली की जताई थी मंशा, भाजपा ने ऑडियो जारी कर किया दावा
Fri, 16 Apr 2021 10:56 PM IST
सुरेंद्र जोशी
पीटीआई, कोलकाता
पीटीआई, कोलकाता
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Fri, 16 Apr 2021 10:56 PM IST
सार
- हिंसा के दौरान सीआईएसएफ की फायरिंग में मरे थे चार
- भाजपा का आरोप हिंसा भड़काना चाहती थी दीदी
विज्ञापन
ममता बनर्जी
- फोटो : ANI
विस्तार
पश्चिम बंगाल में चुनाव के पांचवें चरण की पूर्व संध्या पर भाजपा द्वारा शुक्रवार को एक ऑडियो क्लिप जारी किया गया है। इसके बाद सीतलकूची हिंसा मामले में नया विवाद खड़ा हो गया है। ऑडियो में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सीतलकूची से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार से कथित तौर पर यह कहती सुनाई देती हैं कि वह सीआईएसएफ कर्मियों द्वारा चलाई गई गोली से मारे गए चार लोगों के शवों के साथ रैलियां करें।
विज्ञापन
तृणमूल ने ऑडियो क्लिप को 'फर्जी' बताया
तृणमूल कांग्रेस ने ऑडियो क्लिप को 'फर्जी' करार दिया और कहा कि इस तरह की कभी कोई बात नहीं हुई। पार्टी के प्रत्याशी ने भी कहा कि इस तरह की बातचीत कभी नहीं हुई। भाजपा पांचवें दौर के मतदान से पहले लोगों को केवल गुमराह करने की कोशिश कर रही है। पीटीआई स्वतंत्र रूप से ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता का सत्यापन नहीं कर सकी।
विज्ञापन
दंगा भड़काने की थी साजिश : मालवीय
बनर्जी और सीतलकूची विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार पार्थ प्रतिम राय के बीच टेलीफोन पर हुई कथित बातचीत के अंश जारी करते हुए भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने दावा किया कि ममता बनर्जी अपनी पार्टी के नेताओं से शवों के साथ रैलियां करने की बात कहकर दंगे भड़काने की कोशिश कर रही हैं। ममता बनर्जी कथित तौर पर यह कहती सुनाई देती हैं, 'घबराइए मत। आप अगले दिन शवों के साथ रैली करने के इंतजाम करें और वकील से विमर्श करें तथा पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं जिससे कि न तो एसपी बच सके और न ही आईसी।'
विज्ञापन
सीएम से ऐसी उम्मीद नहीं कर सकते
मालवीय ने कहा, 'वह (बनर्जी) अपनी पार्टी के उम्मीदवार से कह रही हैं कि मामला इस तरह का बनाया जाए कि पुलिस अधीक्षक (कूचबिहार) और केंद्रीय बलों के कर्मियों-दोनों को फंसाया जा सके। क्या किसी मुख्यमंत्री से ऐसी उम्मीद की जाती है? वह केवल अल्पसंख्यकों के वोट हासिल करने के लिए भय का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही हैं।' पार्टी ऑडियो क्लिप के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग जाएगी।
मौत पर राजनीति कर रही टीएमसी : नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस तुच्छ राजनीतिक स्वार्थ के लिए लोगों की मौत पर राजनीति कर रही है। उसे खुद पर शर्म आनी चाहिए।
बता दें, कूचबिहार जिले के सीतलकूची मतदान केंद्र पर 10 अप्रैल को चौथे चरण के मतदान के दौरान स्थानीय लोगों के कथित हमले और राइफल छीनने की कथित कोशिश के बाद केंद्रीय बलों की गोलीबारी में चार लोग मारे गए थे।
गृह मंत्री की साजिश बताया था
पूर्व में, ममता बनर्जी ने गोलीबारी को नरसंहार करार दिया था और इसे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की साजिश बताया था। बंगाल में आठ चरणों में हो रहे विधानसभा चुनाव के तहत अब तक चार दौर का मतदान हो चुका है और बाकी चरणों का मतदान 17 से 29 अप्रैल के बीच होगा।