Big News: सिंगरौली के भाजपा विधायक के बेटे ने आदिवासी को मारी गोली, पढ़ें देश की अहम खबरें
आदिवासी युवक की शिकायत पर मोरवा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मोरवा इलाके में बृहस्पतिवार शाम छह बजे उस वक्त हड़कंप मच गया जब विधायक के बेटे विवेकानंद ने आदिवासी युवक पर गोली चला दी।
विस्तार
जपा विधायक रामलल्लू वैश्य के बेटे विवेकानंद ने आदिवासी युवक को गोली मार दी। गोली युवक के हाथ में लगी है। घायल को नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आदिवासी युवक की शिकायत पर मोरवा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मोरवा इलाके में बृहस्पतिवार शाम छह बजे उस वक्त हड़कंप मच गया जब विधायक के बेटे विवेकानंद ने आदिवासी युवक पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि विधायक पुत्र का किसी से विवाद हुआ था। उस दौरान बीचबचाव करने के लिए जिले के खैरवार निवासी सूर्यप्रकाश अपने एक साथी के साथ पहुंच गया। कहासुनी के दौरान विवेकानंद ने अपनी पिस्तौल से सूर्यप्रकाश के ऊपर गोली चला दी। इससे सूर्यप्रकाश के एक हाथ में गोली लग गई।
कल्पतरु समूह के राजस्थान, मुंबई स्थित ठिकानों पर छापे
आयकर (आईटी) विभाग ने शुक्रवार को राजस्थान और मुंबई में रियल एस्टेट डेवलपमेंट कंपनी कल्पतरु ग्रुप के परिसरों पर छापे मारे। इसके अलावा गुजरात सहित चार राज्यों में छापामारी जारी है। छापे की खबरें सामने आने के बाद कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल के शेयर 3.6% तक गिर गए। आईटी विभाग और कल्पतरु दोनों ने अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। विभाग ने समूह के संस्थापक मोफतराज पी मुनोट और प्रबंध निदेशक पराग एम मुनोट के आवास व ठिकानों पर छापे मारे। इस संबंध में सूत्र ने बताया कि विभाग के द्वारा गो कंपनी के बही-खातों में सैकड़ों करोड़ रुपये की हेराफेरी का पता चला है।
असम में करंट लगने से तीन जंगली हाथियों की मौत
असम में शुक्रवार को करंट लगने से तीन जंगली हाथियों की मौत हो गई। घटना गुवाहाटी से लगभग 20 किमी दूर स्थित रानी चाय बागान में हुई। कामरूप पश्चिमी डिवीजन के प्रभागीय वन अधिकारी रोहिणी बल्लावे सैकिया ने बताया, एक मादा हाथी और दो बच्चे एक पेड़ को गिराने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वह हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
हत्या के मामले में मकोका के तहत दर्ज चार आरोपी बरी
बिल्डर मनोज जायसवाल की हत्या करने के आरोप में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) और आईपीसी के तहत गिरफ्तार किए गए चार लोगों को ठाणे जिले की एक विशेष अदालत ने बरी कर दिया। विशेष न्यायाधीश (मकोका) अभय एन सिर्सिकर ने एक अगस्त को अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ आरोप साबित करने में विफल रहा है।
बंगाल : विस्फोटक बरामदगी में मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और विस्फोटक बरामदगी मामले में कथित मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पिछले साल जून में दर्ज मामले में अभी तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। केंद्रीय आतंकवाद रोधी एजेंसी ने कहा, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के निवासी इस्लाम चौधरी को उसके घर से पकड़ा। यहां से एनआईए ने 1.50 लाख नकद, बैंक लेनदेन के दस्तावेज, मोबाइल नंबरों के साथ पर्चियां, सिम कार्ड, तीन मोबाइल और आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए।
पीएफआई पटना मामले में चार के खिलाफ पूरक आरोप-पत्र
एनआईए ने बिहार में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की गैरकानूनी और राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में प्रतिबंधित संगठन के चार गिरफ्तार कार्यकर्ताओं मोहम्मद तनवीर, मोहम्मद आबिद, मोहम्मद बेलाल और मोहम्मद इरशाद आलम के खिलाफ एक पूरक आरोप पत्र दायर किया है। प्रवक्ता के मुताबिक, चारों आरोपी अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हथियारों और गोला-बारूद की व्यवस्था करके हिंसक आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। साथ ही पीएफआई की विचारधारा एवं हिंसक उग्रवाद के एजेंडे का प्रचार-प्रसार कर रहे थे।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी के कोई आसार नहीं
कच्चे तेल के सस्ता होने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की कोई गुंजाइश नहीं है। तेल मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, यह वैश्विक स्थितियों पर निर्भर है। यूक्रेन युद्ध के समय हमें रूस से भारी डिस्काउंट पर तेल मिल रहा था। लेकिन अब यह डिस्काउंट काफी कम हो गया है। उनके इस बयान से यह माना जा रहा है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें घटने के आसार नहीं हैं।
उत्कृष्ट सेवा के लिए 40 सीबीआई अफसर पुलिस पदक से सम्मानित
एजेसी मुख्यालय में शुक्रवार को एक अलंकरण समारोह में सीबीआई के 40 अधिकारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। पदकों की घोषणा 2018 और 2021 के बीच की गई थी लेकिन विभिन्न कारणों से उन्हें प्रदान नहीं किया जा सका था। सम्मानित होने वालों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय दुबे, मुकेश शर्मा, हिमांशु बहुगुणा, राजेंद्र सिंह गुंजियाल (अब सेवानिवृत्त) और थंग्लुआन ज़मांग, उप पुलिस अधीक्षक पवन कुमार कौशिक, राजेश भोंसले, दिवस कुमार, हरेंद्र सिंह भंडारी और मनोज कुमार, निरीक्षक यू टी प्रकाशन और सुशील गोयल शामिल हैं।