शाह के निजी अस्पताल में भर्ती होने पर थरूर ने जताई हैरानी, पूछा- एम्स क्यों नहीं
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उनके एम्स के बजाय निजी अस्पताल में भर्ती होने पर हैरानी जताई है। एक यूजर के ट्वीट को उल्लेखित करते हुए थरूर ने लिखा, 'हैरानी होती है कि बीमार होने पर हमारे गृह मंत्री ने इलाज के लिए एम्स को न चुनकर पड़ोसी राज्य के एक निजी अस्पताल को चुना।' थरूर ने आगे लिखा, शक्तिशाली लोगों को जनता के लिए सार्वजनिक संस्थानों को वरीयता देनी चाहिए।
True. Wonder why our Home Minister, when ill, chose not to go to AIIMS but to a private hospital in a neighbouring state. Public institutions need the patronage of the powerful if they are to inspire public confidence. https://t.co/HxVqdREura
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) August 3, 2020
थरूर ने यह बात एक ट्विटर यूजर द्वारा किए गए ट्वीट के जवाब में कही। दरअसल, विशाख चेरियन नामक एक यूजर ने अपने ट्वीट में शशि थरूर को टैग करते हुए लिखा था, 'एम्स, आधुनिक भारत के मंदिरों में से एक, की संकल्पना देश के पहले प्रधानमंत्री (पंडित जवाहरलाल नेहरू) ने की थी। ये परियोजनाएं भारी उद्योगों, वैज्ञानिक अनुसंधान संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों और वित्तीय संगठनों आदि के मिश्रण के साथ आधुनिक भारत के विकास के उनके दृष्टिकोण का हिस्सा थीं।'
बता दें कि अमित शाह को कोरोना वायरस होने की पुष्टि रविवार को हुई थी। अमित शाह फिलहाल गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। वह इस महामारी की चपेट में आए केंद्रीय मंत्रिमंडल के पहले मंत्री हैं। शाह ने खुद ट्विटर पर इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट किया था, 'कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने जांच करवाई और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूं।'