{"_id":"6ad2fb023960a1117809aa56","slug":"several-killed-many-injured-as-tempo-plunges-into-gorge-in-maharashtra-nanded-2026-10-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"महाराष्ट्र सड़क हादसा: नांदेड़ में मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों का टेंपो खाई में गिरा, तीन की मौत; तीन घायल","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
महाराष्ट्र सड़क हादसा: नांदेड़ में मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों का टेंपो खाई में गिरा, तीन की मौत; तीन घायल
Sat, 17 Oct 2026 10:07 AM IST
शिवम गर्ग
पीटीआई, नांदेड़
पीटीआई, नांदेड़
Published by: शिवम गर्ग
Updated Sat, 17 Oct 2026 10:07 AM IST
सार
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में नवरात्रि पर मंदिर दर्शन के बाद यवतमाल लौट रहे लोगों का टेंपो केरोली घाट पर करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और तीन घायल हुए।
विज्ञापन
सड़क हादसा (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में नवरात्रि के दौरान मंदिर के दर्शन कर लौट रहे लोगों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। केरोली घाट पर एक तीर्थयात्रियों से भरा टेंपो करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब पांच बजे हुआ।
विज्ञापन
यवतमाल लौट रहे थे सभी लोग
पुलिस अधिकारी के अनुसार, टेंपो में सवार लोग यवतमाल के रहने वाले थे और एक फर्नीचर की दुकान पर काम करते थे। वे नवरात्रि के अवसर पर माहुर स्थित मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान माहुर तहसील के केरोली घाट पर एक तीखे मोड़ से गुजरते समय वाहन हादसे का शिकार हो गया।
विज्ञापन
सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी से चालक की आंखें चौंधियाईं
पुलिस के अनुसार, टेंपो घाट से नीचे उतर रहा था। इसी दौरान सामने की दिशा से आ रहा एक वाहन कथित तौर पर तेज रफ्तार में सड़क के गलत तरफ आ गया। उसकी तेज हेडलाइट की रोशनी से टेंपो चालक की आंखें चौंधिया गईं। टक्कर से बचने के लिए चालक ने वाहन को दूसरी ओर मोड़ने की कोशिश की।
विज्ञापन
हालांकि, मोड़ पर मजबूत सुरक्षा दीवार या क्रैश बैरियर नहीं होने के कारण टेंपो अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
पीछे बैठे तीन लोग टेंपो से बाहर गिरे
पुलिस के मुताबिक, टेंपो के पिछले खुले मालवाहक हिस्से में बैठे बाबाराव ज्ञानोबा टेकाम (60), राहुल सुधाकरराव ठाकरे (25) और प्रीतम रामराव प्रधान (38) वाहन के पलटने के दौरान बाहर गिर गए। राहुल ठाकरे और प्रीतम प्रधान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाबाराव टेकाम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
चालक समेत तीन घायल, सभी की हालत स्थिर
हादसे में टेंपो चालक प्रतीक अरविंद अडकिने (26), दत्ता मनोहर मेश्राम (35) और यशवंत अरविंद पाटिल (25) को मामूली चोटें आई हैं। ये तीनों वाहन के केबिन में बैठे थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है। खाई में गिरे टेंपो और मृतकों के शवों को बाहर निकालने के लिए रस्सियों और क्रेन की मदद ली गई।