Report: सीरम इंस्टीट्यूट के CEO अदार पूनावाला ने लंदन में खरीदी हवेली! कीमत 14 अरब रुपये से ज्यादा
Report: खबर के मुताबिक पूनावाला परिवार हाइड पार्क के पास 25 हजार वर्ग फुट मेफेयर हवेली के लिए एक सौदे पर सहमत हो गया है। इसका नाम एबरकोनवे हाउस है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) के सीईओ अदार पूनावाला ने लंदन के मध्य में एक विशाल हवेली का अधिग्रहण किया है। जिसकी कीमत लगभग 138 मिलियन पाउंड है। ब्रिटेन की एक मीडिया रिपोर्ट में मंगलवार को यह जानकारी दी गई।
'फाइनेंशियल टाइम्स' अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक, पूनावाला परिवार हाइड पार्क के पास 25 हजार वर्ग फुट मेफेयर हवेली के लिए एक सौदे पर सहमत हो गया है। इसका नाम एबरकोनवे हाउस है। उम्मीद है कि यह लंदन में इस साल की सबसे महंगी घर की बिक्री होगी।
इस सौदे की जानकारी रखने वाले लोगों ने अखबार को बताया कि 1920 के दशक और ग्रेड दो में सूचीबद्ध पांच मंजिला संपत्ति का अधिग्रहण सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की ब्रिटेन की सहायक कंपनी सीरम लाइफ साइंसेज द्वारा किया जाएगा।बताया जा रहा है कि इस बिक्री पर पोलैंड के सबसे अमीर व्यक्ति दिवंगत कारोबारी जान कुल्जिक की बेटी डोमिनिका कुल्स्की ने सहमति जताई थी।
रेड-ब्रिक रेसीडेंस का नाम बैरन एबरकोनवे, हेनरी डंकन मैकलारेन के नाम पर रखा गया है, जो 20वीं शताब्दी के उद्योगपति थे, जिन्होंने ग्रोसवेनर स्क्वायर हवेली का निर्माण किया था। अखबार ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पूनावाला परिवार का ब्रिटेन में स्थानांतरित होने का इरादा नहीं है। लेकिन जब वे ब्रिटेन में होंगे तो यह हवेली कंपनी और परिवार के लिए एक आधार (बेस) के रूप में काम करेगी।
2021 में अदार पूनावाला की पत्नी और सीरम लाइफ साइंसेज की अध्यक्ष नताशा पूनावाला ने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी के हिस्से के रूप में पूनावाला वैक्सीन रिसर्च बिल्डिंग की योजना की घोषणा की थी। उन्होंने उस समय कहा था, टीके जीवन बचाते हैं, और पूनावाला परिवार का टीकों के विकास पर हमेशा ध्यान रहा है। हम उन लोगों के लिए टीके विकसित करने और आपूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिन्हें उनकी सबसे ज्यादा जरूरत है।