{"_id":"64d78d6f0e732ba6d5012fb5","slug":"security-of-harami-nala-area-on-border-with-gujarat-became-impenetrable-amit-shah-inaugurated-op-tower-updates-2023-08-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"BSF: बॉर्डर पर 'हरामी' नाला क्षेत्र की सुरक्षा हुई अभेद्य, पाकिस्तान की घुसपैठ पर 24 घंटे नजर रखेगा 'OP टॉवर'","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
BSF: बॉर्डर पर 'हरामी' नाला क्षेत्र की सुरक्षा हुई अभेद्य, पाकिस्तान की घुसपैठ पर 24 घंटे नजर रखेगा 'OP टॉवर'
विज्ञापन
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
सार
आगे पढ़ने के लिए लॉगिन या रजिस्टर करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
फ्री ई-पेपर
सभी विशेष आलेख
सीमित विज्ञापन
सब्सक्राइब करें
अमित शाह ने किया ओ पी टॉवर का उद्घाटन
- फोटो :
अमर उजाला
विस्तार
गुजरात में पाकिस्तान बॉर्डर से लगता 'हरामी नाला', इस अहम सामरिक प्वाइंट की सुरक्षा अब अभेद्य होगी। यहां पर निर्मित 'ओ पी टॉवर' के माध्यम से पाकिस्तान की अवैध घुसपैठ पर 24 घंटे नजर रखी जा सकेगी। शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भुज के कोटेश्वर तट पर मुरिंग प्लेस का भूमि पूजन और शिलान्यास किया है। सीमांत क्षेत्र की सुरक्षा सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके साथ ही उन्होंने नवनिर्मित चिड़ियामोड़-बियारबेट लिंक रोड और हरामी नाला क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 1164 पर एक ओ पी टॉवर का उद्घाटन भी किया है।257 करोड़ की लागत के साथ मूरिंग प्लेस परियोजना का अनावरण सीमा सुरक्षा बलों की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इसके तहत कोटेश्वर तट पर 60 एकड़ के विस्तृत क्षेत्र में मूरिंग प्लेस का निर्माण किया जाएगा, जो क्रीक क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल के जहाजों के लिए एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के रूप में कार्य करेगा। यह अत्याधुनिक सुविधा से सुसज्जित मुरिंग प्लेस सीमा सुरक्षा बल को क्रीक क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा परिचालन की सुविधा प्रदान करेगा। इस क्षेत्र में तैनात सीमा प्रहरियों के लिए संसाधनों की उपलब्धता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
ओ पी टॉवर का भी किया उद्घाटन
केंद्रीय गृह मंत्री ने चिड़ियामोड़-बियारबेट लिंक रोड और हरामी नाला क्षेत्र में सीमा स्तंभ 1164 के पास एक ओ पी टॉवर का भी उद्घाटन किया है। लिंक रोड का निर्माण सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंच और कनेक्टिविटी में सुधार करने में मील का पत्थर साबित हो रहा है। 28.2 किमी लंबी यह नवनिर्मित सड़क केंद्रीय लोक निर्माण विभाग द्वारा 106.2 करोड़ की लागत से बनाई गई है, जो सीमा प्रहरियों और संसाधनों के सुचारू आवागमन में सुविधा प्रदान कर रही है। इसके चलते इस क्षेत्र में सीमा प्रबंधन और सुरक्षा संचालन में वृद्धि हुई है। हरामी नाला में सीमा स्तंभ 1164 पर 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ओ पी टॉवर सीमा सुरक्षा बल की चौबीसों घंटे उपस्थिति सुनिश्चित कर सुरक्षा को मजबूत कर रहा है। इस टॉवर के निर्माण से यह क्षेत्र अभेद्य हो गया है।
शाह ने कही यह बात
इस अवसर पर शाह ने कहा, हमारे देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार के समर्पण पर जोर दिया। कोटेश्वर में मूरिंग प्लेस सीमा सुरक्षा बल की फ्लोटिंग बीओपी और पानी के जहाजों के रखरखाव में मदद करेगा। दुर्गम क्रीक में चौबीसों घंटे निगरानी और संचालन के लिए इनकी उपलब्धता सुनिश्चित करेगा। सड़क संपर्क संक्रियात्मक और प्रशासनिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में सीमा सुरक्षा बल की तीव्र गति से आवाजाही में मदद कर रहा है। हरामी नाला में ओपी टॉवर के निर्माण से पाकिस्तानी मछुआरों द्वारा अवैध घुसपैठ के प्रयासों पर अंकुश लगेगा। इस दौरान, गृह मंत्री ने देश की सीमाओं की सुरक्षा में सीमा सुरक्षा बल के अथक प्रयासों, अटूट प्रतिबद्धता एवं कार्यकुशलता की सराहना की। नितिन अग्रवाल, महानिदेशक सीमा सुरक्षा बल द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री को एक स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।
-43 से +43 डिग्री सेल्सियस तक के क्षेत्र में 365 दिन, 24 घंटे रहते हैं सतर्क
शाह ने कहा कि वह रात में चैन की नींद सो पाते हैं क्योंकि बीएसएफ के जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए 365 दिन, 24 घंटे सतर्क रहते हैं। शाह ने कहा, बीएसएफ को उन क्षेत्रों में सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है, जहां तापमान -43 से +43 डिग्री सेल्सियस तक है, और वे सुंदरबन (पूर्व में) और हरामी नाला के साथ क्षेत्रों को सुरक्षित करने के लिए सतर्क रहते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत के विभाजन के बाद, बीएसएफ को पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ देश की सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने कहा, तटीय सुरक्षा देश के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। गुजरात के तट पर कई महत्वपूर्ण संस्थान, परमाणु स्टेशन, मिसाइल प्रक्षेपण क्षेत्र, अनुसंधान केंद्र, उद्योग और बंदरगाह स्थित हैं। उनकी 365 दिन, 24 घंटे की सुरक्षा महत्वपूर्ण है।
देश 1,900 से अधिक बलिदानी जवानों को सलाम करता है
गृह मंत्री ने कहा कि देश उन 1,900 से अधिक जवानों को सलाम करता है, जिन्होंने देश के लिए अपना बलिदान दिया है और नरेंद्र मोदी सरकार ने उनके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के लिए भी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, आप देश की सीमा की सुरक्षा कर रहे हैं, इसलिए पीएम मोदी ने आपके परिवार के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। गृह मंत्री ने उनके लिए कुछ सुविधाओं के रूप में 24,000 जुड़े अस्पतालों और 13,000 नए घरों के साथ आयुष्मान सीएपीएफ कार्ड का भी उल्लेख किया।
बीएसएफ के मुताबिक, सीमा सुरक्षा बल गुजरात ने विगत तीन वर्षों में सक्रिय रह कर सराहनीय कार्य किया है। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल गुजरात ने बाडमेर में अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर 02 पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया, जबकि सीमावर्ती क्षेत्र में 09 पाक, 04 बांग्लादेशी और 05 अन्य नागरिकों को गिरफ्तार किया। इस अवधि के दौरान क्रीक और हरामी नाला क्षेत्र में 25 पाक मछुआरों को पकड़ा साथ ही 81 पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नौकाओं को भी जब्त किया। इस अवधि में लगभग 600 करोड़ रूपये मूल्य के मादक पदार्थों को जब्त किया, जिसमें 119 किलोग्राम हेरोइन, 130 किलोग्राम चरस, 03 किलोग्राम एम्फेटामाइन तथा 160 किलोग्राम ड़ोडा-पोस्त शामिल है।