बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 17 सीटों पर सीधी टक्कर, 3 नवंबर को होना है मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चुनाव के दूसरे चरण में लीची के लिए मशहूर मुजफ्फरपुर, माछ, मखान और पोखर के लिए मशहूर दरभंगा व मधुबनी के साथ-साथ सीता मइया के नैहर सीतामढ़ी मे 3 नवंबर को मतदान होना है। 2015 के चुनाव में इन चारों जिलों की 39 सीटों में राजद ने 16, जदयू ने 9, भाजपा ने 8, कांग्रेस ने 3, रालोसपा ने 01 और निर्दलीय ने 02 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
मुजफ्फरपुर की 11 सीटों में से राजद के 5, भाजपा के 3 और निर्दलीय 2 उम्मीदवार जीते थे। दरभंगा की 10 सीटों में से राजद और जदयू 4- 4 सीटों पर तो भाजपा 2 सीटों पर विजयी हुई थी। मधुबनी की 10 सीटों में से राजद ने 4, जदयू 3, भाजपा, कांग्रेस और रालोसपा ने एक-एक सीट पर कामयाबी हासिल की थी।
सीतामढ़ी जिले की 8 सीटों में राजद 3, भाजपा और जदयू दो-दो और कांग्रेस का एक सीट पर कब्जा है। दूसरे चरण के इस चुनाव में मुजफ्फरपुर की 11 सीटों में से 5 सीटों पर मतदान होना है। रोजगार, चमकी बुखार और लीची के पौधों को नुकसान की चुनावी चर्चा है।
जिले की साहेबगंज सीट पर वीआईपी उम्मीदवार राजू कुमार सिंह और राजद के मौजूदा विधायक रामविचार राय के बीच सीधी टक्कर है। पारु विधानसभा सीट पर भाजपा के मौजूदा विधायक अशोक कुमार सिंह, कांग्रेस से अनुनय सिन्हा सहित 19 प्रत्य़ाशी मैदान में हैं। बरूराज सीट पर राजद के मौजूदा विधायक नंद कुमार राय और भाजपा के अरुण कुमार सिंह समेत 16 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
कांटी में त्रिकोणीय मुकाबला
कोयले की दहकती भट्ठियों से बिजली बनाने वाली कांटी सीट पर चुनावी वोल्टेज हाई है। यहां त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति है। 2015 में निर्दलीय अशोक कुमार चौधरी ने यहां जीत दर्ज की थी। इस बार मैदान में जदयू से मो. जमाल, राजद से इशराइल मंसूरी, लोजपा से विजय कुमार सिंह सहित कुल 22 प्रत्याशी मैदान में हैं। मीनापुर सीट पर राजद के मौजूदा विधायक राजीव कुमार उर्फ मुन्ना यादव और जदयू से मनोज कुमार सहित कुल 20 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
दरभंगा जिले का हाल
दरभंगा जिले की 10 सीटों में दूसरे चरण में 5 सीटों पर मतदान है। अलीनगर सीट से राजद ने विनोद मिश्रा को और वाआईपी ने मिश्री लाल यादव को टिकट दिया है। यहां कुल 19 प्रत्याशी मैदान में हैं। बेनीपुर से जदयू ने विजय चौधरी को मैदान में उतारा है।
मुकाबले के लिए कांग्रेस से मिथिलेश चौधरी मैदान में हैं। गौड़ाबौराम सीट पर वीआईपी से स्वर्णा सिंह, राजद से अफजल अली सहित 24 प्रत्य़ाशी मैदान में हैं। यहां 2015 में जदयू से मदन सहनी ने जीत दर्ज की थी। कुशेश्वरस्थान सीट पर जदयू से मौजूदा विधायक शशिभूषण हजारी, कांग्रेस से डॉ. अशोक कुमार सहित 15 लोग मैदान में हैं।
मधुबनी जिले का हाल
मधुबनी जिले के 10 सीटों में दूसरे चरण में चार सीटों पर मतदान है। मधुबनी से राजद के मौजूदा विधायक समीर महासेठ, वीआईपी से सुमन महासेठ सहित 12 प्रत्याशी ताल ठोक रहे हैं। फुलपरास सीट पर जदयू से शीला कुमारी, कांग्रेस से कृपानाथ पाठक सहित कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं।
कभी बिहार के मुख्यमंत्री रहे डॉ. जगन्नाथ मिश्रा की सीट झंझारपुर से इस बार उनके बेटे नीतीश मिश्रा भाजपा उम्मीदवार हैं। नीतीश मिश्रा का मुकाबला भाकपा के रामनारायण यादव से है। राजनगर सीट पर भाजपा के मौजूदा विधायक रामप्रीत पासवान, राजद से रामअवतार पासवान सहित 10 प्रत्याशी मैदान में हैं।
सीतामढ़ी जिले का हाल
सीतामढ़ी में 8 सीटों में दूसरे चरण में तीन सीटों पर चुनाव हैं। बेलसंड से जदयू की मौजूदा विधायक सुनीता चौहान और राजद के संजय गुप्ता सहित कुल 17 प्रत्य़ाशी मैदान में हैं। रुन्नीसैदपुर से राजद की मंगीता देवी का मुकाबला जदयू के पंकज मिश्रा से है। यहां कुल 10 प्रत्याशी ताल ठोक रहे हैं। सीतामढ़ी में राजद के मौजूदा विधायक सुनील कुमार का मुकाबला भाजपा के डॉ मिथिलेश कुमार से है। यहां कुल 13 लोग चुनावी मैदान में हैं।