Kerala: चर्च द्वारा संचालित कॉलेज में नमाज पढ़ने की मांग को लेकर बढ़ा विवाद, वामदल और कांग्रेस पर बरसी भाजपा
शुक्रवार को छात्रों के एक समूह ने मुवाट्टुपुझा के निर्मला कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को संस्थान के एक कमरे में छात्राओं को नमाज अता करने से रोका गया। भाजपा का कहना है कि इस कदम के पीछे चरमपंथियों का हाथ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केरल के चर्च द्वारा संचालित किए जाने वाले एक कॉलेज परिसर के भीतर छात्रों के एक वर्ग द्वारा नमाज अता करने की अनुमति न मिलने पर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी और कैथोलिक चर्च के सदस्यों द्वारा इस विरोध किया गया है। शुक्रवार को छात्रों के एक समूह ने मुवाट्टुपुझा के निर्मला कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को संस्थान के एक कमरे में छात्राओं को नमाज अता करने से रोका गया। छात्रों का दावा है कि बीते कई दिनों से दफ्तर के कर्मचारियों द्वारा उन्हें नमाज पढ़ने से रोका जा रहा है। छात्रों ने कॉलेज के प्रधानाचार्य से माफी की मांग की है।
भाजपा ने की कड़ी निंदा
उधर भाजपा ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। भाजपा का कहना है कि कुछ लोगों द्वारा हिंदुओं और ईसाई समुदायों द्वारा चलाए जा रहे संस्थानों में जबरदस्ती ऐसे मुद्दों को हवा दी जा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सुदर्शन ने आरोप लगाया, ‘कुछ लोगों द्वारा कॉलेज परिसर में नमाज अता करने अनुमति न मिलने पर प्रधानाचार्य को धमकाया जा रहा है। ऐसे कदम के पीछे चरमपंथियों का हाथ है।’ भाजपा नेता ने दावा किया कि ऐसे लोगों को लेफ्ट और कांग्रेस पार्टी का समर्थन प्राप्त है। भाजपा ने अपने बयान में कहा है कि नमाज अता करने की मांग एक खास एजेंडे का हिस्सा है। बयान में आगे कहा गया, ‘इसी तरह की घटनाएं कंजिरापल्ली और एरातुपेट्टा में भी देखी गईं हैं। यह हमारे कॉलेज परिसरों में धर्म के नाम पर दंगे करना की अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है।’
केरल में गरमाई राजनीति
उधर, सत्तारूढ़ सीपीआई(एम) सरकार के छात्र संगठन एसएफआई का कहना है कि संघ परिवार से जुड़े संगठन उन पर (एसएफआई पर) अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। एसएफआई के राज्य सचिव पीएम अर्शो का कहना है कि उनका छात्र संगठन ऐसे किसी भी तरह के प्रदर्शन का हिस्सा नहीं रहा है, जैसा भाजपा द्वारा आरोप लगाया जा रहा है। उधर, सायरो मालाबार चर्च के संगठन कैथोलिक कांग्रेस ने कॉलेज परिसर में किए गए प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की है। संगठन का कहना है कि ऐसी विभाजनकारी ताकतों को खत्म कर देना चाहिए। इसके अलावा भाजपा नेता पीसी जॉर्ज ने भी कॉलेज परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन की आलोचना की है। उन्होंने सवाल पूछा है कि क्या मुस्लिम कॉलेजों में हिंदुओं और ईसाईयों को प्रार्थना करने के लिए अलग कमरे दिए जाते हैं।