{"_id":"66dab46ae48455ebae0643cc","slug":"renukaswamy-s-parents-react-to-heartbreaking-pleading-photos-news-and-updates-2024-09-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Darshan Case: रेणुकास्वामी की वायरल तस्वीर को देख माता-पिता का छलका दर्द, कहा- दोषियों को ऐसी ही प्रताड़ना...","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Darshan Case: रेणुकास्वामी की वायरल तस्वीर को देख माता-पिता का छलका दर्द, कहा- दोषियों को ऐसी ही प्रताड़ना...
Fri, 06 Sep 2024 01:21 PM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बंगलूरू
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Fri, 06 Sep 2024 01:21 PM IST
सार
बंगलूरू के चर्चित रेणुकास्वामी हत्याकांड से जुड़ी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस तस्वीर को देखकर पीड़ित के माता-पिता ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
विज्ञापन
रेणुकास्वामी के माता-पिता।
- फोटो : एएनआई
विस्तार
बंगलूरू के चर्चित रेणुकास्वामी हत्याकांड से जुड़ी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें पीड़ित के चेहरे पर डर और उसे अपनी जान बचाने के लिए गुहार लगाते देखा जा सकता है। इस तस्वीर के सामने आने पर पीड़ित रेणुकास्वामी के माता-पिता का दर्द छलका है। उन्होंने कहा कि हमारे में हिम्मत नहीं है कि हम इस तस्वीर को देखें। हम बस न्याय चाहते हैं।
विज्ञापन
पिता ने अकेले छोड़ने की विनती की
पीड़ित के पिता काशीनाथ एस शिवनागोवद्रू ने कहा, 'जब हम उस तस्वीर को देखते हैं, तो हम असमंजस में पड़ जाते हैं कि क्या कहें। उसे कितनी प्रताड़नाएं सहनी पड़ी? मुझे नहीं पता कि रेणुकास्वामी की पत्नी और मेरी बहू को कैसे सांत्वना दूं। उसकी तबियत खराब है। सभी से विनती की कि हमें अकेला छोड़ दें और उसकी पत्नी गर्भवती है। हमारी मांग है कि उन आरोपियों को उसी तरह से दंडित किया जाना चाहिए जैसे उन्होंने मेरे बेटे को प्रताड़ित किया था।'
विज्ञापन
तस्वीर देखने की ताकत नहीं: पीड़ित की मां
रेणुकास्वामी की मां रत्नप्रभा ने कहा, 'मेरे में उस तस्वीर को देखने की ताकत नहीं है। हम न्याय चाहते हैं। सभी को कठोर सजा मिलनी चाहिए। मेरे बेटे ने जो सहा है वो किसी और के बेटे को न सहना पड़ा।'
विज्ञापन
यह है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 33 वर्षीय रेणुकास्वामी अभिनेता दर्शन के बहुत बड़े फैन थे। उसने दर्शन की दोस्त पवित्रा गौड़ा को अश्लील मैसेज भेजे थे। इसे देखकर दर्शन को गुस्सा आया और यही गुस्सा रेणुकास्वामी की हत्या का कारण बना। उसका शव सुमनहल्ली में एक अपार्टमेंट के पास एक नाले में मिला था।
आठ जून को फैन क्लब का हिस्सा रहे आरोपियों में से एक राघवेंद्र ने रेणुकास्वामी को यह कहकर बुलाया कि अभिनेता उससे मिलना चाहते हैं और वहां आने पर उसकी हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, चित्रदुर्ग के मूल निवासी रेणुकास्वामी की मौत गंभीर चोट लगने और खून बहने की वजह से हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, रेणुकास्वामी चित्रदुर्ग का रहने वाला था। कई चोटों के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस सूत्रों ने कहा कि रेणुकास्वामी की हत्या के मामले में पवित्रा भी एक आरोपी हैं। उन्होंने दावा किया जांच में यह साबित हो गया है कि उन्होंने रेणुकास्वामी की हत्या के लिए उकसाया और साजिश रची तथा अपराध में शामिल हुई।
कपड़ों पर खून, बिजली के झटके और 230 सबूत...
इस मामले में पुलिस ने बुधवार को चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीपा के कपड़ों और अभिनेत्री पवित्रा गौड़ा की जूती पर खून के धब्बे पाए गए थे। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान सहित करीब 230 सबूतों को दर्ज करने वाली चार्जशीट पेश की है। बता दें, 11 जून को दर्शन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, तब से ही वह जेल में बंद हैं। वहीं, पवित्रा भी जेल में हैं।
क्राइम सीन से ली गई तस्वीर भी शामिल
कोर्ट में पेश की गई चार्जशीट में पुलिस ने दर्शन और पवित्रा सहित 17 आरोपियों के कपड़ों पर खून के धब्बों की फोरेंसिक रिपोर्ट सहित 200 से अधिक परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का हवाला दिया है। इसमें क्राइम सीन से ली गई एक तस्वीर भी शामिल है, जिसमें रेणुकास्वामी को बचने के लिए विनती करते हुए देखा जा सकता है। हैरानी की बात ये है कि पवित्रा ने खुद जूती से रेणुकास्वामी की पिटाई की थी। वहीं, दर्शन के कपड़ों पर खून के धब्बे पाए गए थे।
पीड़ित को बेरहमी से पीटा गया था
रेणुकास्वामी की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला था कि उन्हें बेरहमी से पीटा गया था। उनको प्रताड़ित करने के लिए बिजली के झटके दिए गए थे। उनके शरीर पर कई चोट के निशान थे। एक कान गायब था और अंडकोष फटे हुए थे। ये सारे सबूत इस बात की गवाही देते हैं कि रेणुकास्वामी को बुरी तरह मारा पीटा गया था, जिससे उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने उनकी लाश को ठिकाने लगा दिया था।
शरीर पर मिले 39 निशान
चार्जशीट में यह भी बताया कि दर्शन और पवित्रा के प्रताड़ित करने से रेणुकास्वामी के सीने की हड्डियां टूट गई थीं। उनके पूरे शरीर पर कुल 39 निशान हैं। पीड़ित के सिर पर भी गहरा कट है। बता दें, दर्शन और पवित्रा के अलावा 15 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सबूत मिटाने की कोशिश
एक अन्य सूत्र का कहना है कि रेणुकास्वामी ने हत्या से पहले अनसुनी और अमानवीय यातनाएं सहन की हैं। चार्जशीट में कहा गया है कि हत्या करने के बाद दर्शन और अन्य आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने और सबूत मिटाने की कोशिश की। आरोपों से बचने के लिए अन्य व्यक्तियों को फंसाने की भी कोशिश की।
जेल में सुविधाएं लेने का भी आरोप
दर्शन को मामले में दूसरे आरोपी के रूप में नामित किया गया है, और उनकी कानूनी टीम जमानत याचिका पेश करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, पुलिस सूत्रों का कहना है कि चूंकि उन पर जेल के अंदर लग्जरी से रहने के संबंध में तीन नए मामले दर्ज हैं, इसलिए जमानत मिलना आसान नहीं होगा।