ओबामा के दूत ने कहा, अमेरिका में बढ़ रही भारतीयों की साख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के विशेष दूत (यूनाइटेड स्टेट स्पेशल इन्वॉय फॉर स्ट्रेटिजिक काउंटर टेरेरिज्म कम्युनिकेशन) रशाद हुसैन अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति सैयद अहमद अली से मिले। उन्होंने बताया कि अमेरिका में भारतीयों की साख लगातार बढ़ रही है, इसी का नतीजा है कि अमेरिका में कई उच्च पदों पर अब भारतीय देखे जाने लगे हैं।
रशाद हुसैन मंगलवार को एक निजी दौरे पर अलीगढ़ आए थे। अलीगढ़ में तीन-चार घंटे रुकने के बाद वे दिल्ली चले गए। जहां बुधवार को उनकी आतंकवाद के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ चर्चा होगी।
कार्यवाहक कुलपति से मुलाकात के दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका में भारतीयों को बहुत सम्मान के साथ देखा जाता है और वे कई उच्च पदों पर भी कार्यरत हैं। अमेरिका में भारत की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।
कुछ मंत्रालयों से हो चुकी है बात
सह कुलपति ने एएमयू और अमेरिका के कई विश्वविद्यालयों के बीच करार पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि अमेरिका के ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी में आज भी एएमयू के चार छात्र शोध कार्यों में लगे हैं। साथ ही इस संस्था के पूर्व छात्रों ने अमेरिका के विभिन्न क्षेत्रों में एल्युमनाई एसोसिएशन स्थापित कर रखी है, जहां सर सैयद दिवस के साथ-साथ अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किये जाते हैं।
इससे पूर्व विशेष दूत रशाद हुसैन मेडिकल रोड स्थित एएमयू कोर्ट सदस्य और अपने मौसा प्रो. हुमायूं मुराद के आवास पर गए और मौसी डॉ. नौशाद मुराद व परिजनों से मिले। प्रो. हुमायूं मुराद ने बताया कि रशाद हुसैन की मां डॉ. रुकैय्या हुसैन ने एएमयू के जेएन मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस किया था और उसके बाद दिल्ली से एमडी करने के बाद वह अमेरिका चली गईं।
उन्होंने बताया कि रशाद हुसैन की कल विदेश मंत्रालय एवं मिनिस्ट्री ऑफ जस्टिस के अधिकारियों के साथ आतंकवाद पर बातचीत होने वाली है। कुछ मंत्रालय से उनकी बातचीत हो चुकी है।