Pakistan: 22 जनवरी के लिए पाकिस्तान से रचा 'प्लान 22 हैशटैग', कराची, लाहौर और इस्लामाबाद में बनाया कमांड सेंटर
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
22 जनवरी को अयोध्या में हो रहे राम मंदिर के शुभारंभ पर पाकिस्तान ने भी साजिश रचनी शुरू कर दी है। खुफिया एजेंसी को मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने 22 जनवरी के लिए 'प्लान 22 हैशटैग' का पूरा खेल रचा है। इसके लिए बाकायदा पाकिस्तान में लाहौर, कराची और इस्लामाबाद में कमांड सेंटर तैयार किए गए हैं। जहां आईएसआई समेत सेना ने तीन दर्जन से ज्यादा लोगों को सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने की साजिश रचने का टास्क दिया। इनमें से कुछ सोशल मीडिया हैंडलर्स ऐसे भी है, जो लगातार अलग-अलग नाम बदलकर भारत के खिलाफ साजिश रचते आए हैं। खुफिया सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की साजिश में घाटी से कई लोग उनके एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।
केंद्रीय खुफिया एजेंसी को मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान ने लाहौर कराची और इस्लामाबाद से राम मंदिर के खिलाफ साजिश रचने का तीन दर्जन से ज्यादा हैंडलर्स को टास्क दिया। इसमें इस्लामाबाद में 26, लाहौर में दो और कराची में दो केंद्र बनाकर भारत के खिलाफ साजिश रची जाने लगी। केंद्रीय खुफिया एजेंसी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान ने राम मंदिर के खिलाफ माहौल बनाने के लिए जिन छह प्रमुख हैंडलर्स का इस्तेमाल किया, वह इससे पहले भी भारत के खिलाफ लगातार साजिश रचते आए हैं।
खुफिया एजेंसी से मिली जानकारी के मुताबिक यह छह पाकिस्तानी हैंडलर इस्लामाबाद, कराची और लाहौर से बैठकर राम मंदिर के खिलाफ सोशल मीडिया पर माहौल बनाने में जुटे थे। इन सभी सोशल मीडिया हैंडलर ने 22 अलग-अलग तरह के हैशटैग का इस्तेमाल करना शुरू किया। इसमें राम मंदिर पर अलग-अलग तरह के झंडे लगाकर उन्हें सोशल मीडिया पर आगे बढ़ाने लगे। इसके अलावा राममंदिर से संबंधित जानकारियों को तोड़मरोड़ कर एक अलग नैरेटिव बनाने में जुट गए। खुफिया एजेंसी से मिले जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान की सेना और इसी ने इन सभी हैंडलर्स को 3 से 4 अलग-अलग हैशटैग को अलग-अलग जगह से चलाने का टास्क दिया था।
खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि फिलहाल जानकारी मिलते जब इन अकाउंट्स के आईपी एड्रेस की छानबीन की गई तो पता चला उन में से कुछ हैंडलर ऐसे भी हैं, जो लगातार पाकिस्तान के किसी न किसी ऑपरेशन में लगे थे। सोशल मीडिया पर अयोध्या और राम मंदिर के खिलाफ माहौल वाले ट्वीट्स और भ्रामक सूचनाओं को सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि कश्मीर घाटी में भी कई लोगों ने आगे बढ़ाया है। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने उन सभी लोगों की पूरी लिस्ट भी तैयार की है। फिलहाल उनके अकाउंट को ठप कर दिया है।
इससे पहले लगातार कई मौकों पर पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ माहौल बनाने के लिए इन हैंडलर्स का इस्तेमाल करता रहा है। केंद्रीय खुफिया एजेंसी से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि ऐसे लोगों के सोशल मीडिया एकाउंट्स पर लगातार नजर रखी जा रही है। वह बताते हैं कि यह सभी हैंडलर अलग-अलग शहरों से अलग-अलग नाम से अपने अकाउंट बनाकर भारत के खिलाफ साजिश रचते रहते हैं। हाल के दिनों में घाटी में माहौल खराब करने के लिए भी पाकिस्तान और आईएसआई ने ऐसे ही कई हैंडलर का इस्तेमाल किया था।