{"_id":"64e51bb472014279f30a0b94","slug":"pune-police-control-room-gets-call-about-suspected-terrorist-in-mumbai-big-news-in-hindi-2023-08-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Big News: धौलपुर-करौली बाघ अभयारण्य को मिली मंजूरी; नफरती भाषण मामले में आजम खां की याचिका पर SC में सुनवाई","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Big News: धौलपुर-करौली बाघ अभयारण्य को मिली मंजूरी; नफरती भाषण मामले में आजम खां की याचिका पर SC में सुनवाई
Wed, 23 Aug 2023 02:04 AM IST
गुलाम अहमद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: गुलाम अहमद
Updated Wed, 23 Aug 2023 02:04 AM IST
विज्ञापन
National News
- फोटो : Social Media
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय बाघ सरंक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) ने मंगलवार को राजस्थान के करौली और धौलपुर जिलों में बाघ अभयारण्य बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसी के साथ धौलपुर-करौली बाघ अभयारण्य बाघों को समर्पित देश का 54वां अभयारण्य बन गया हैं। राजस्थान में रणथंभौर, सरिस्का, मुकुंद्रा हिल्स और रामगढ़ विषधारी के बाद यह पांचवां बाघ अभयारण्य है।
विज्ञापन
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, राजस्थान ने वन्य जीव सरंक्षण में लंबी छलांग लगाई। राज्य में एक और बाघ अभयारण्य की घोषणा कर खुशी हो रही है। उन्होंने कहा, धौलपुर-करौली बाघ अभयारण्य को एनटीसीए ने अंतिम मंजूरी दे दी है। शपथ लें कि इस बहुमूल्य पारिस्थितिकी और इसके शानदार बाघों की हम रक्षा करेंगे। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में 2018 में कुल 2,967 बाघ थे, जो 2022 में बढ़कर 3,682 हो गए हैं। इस तरह बाघों की संख्या में सालाना छह प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
विज्ञापन
'मुंबई में मौजूद है संदिग्ध आतंकवादी', पुलिस कंट्रोल रूम को अमेरिका से आया फोन
महाराष्ट्र के पुणे में पुलिस नियंत्रण कक्ष को मंगलवार तड़के अमेरिका से फोन आया और कहा गया है कि मुंबई में एक संदिग्ध आतंकवादी मौजूद है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कॉल रात में लगभग एक बजे आई और पुणे पुलिस ने तुरंत मुंबई में अधिकारियों से संपर्क किया और इसकी जानकारी दी।
विज्ञापन
अधिकारी ने कहा कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉल करने वाले ने हमें मुंबई में एक विशेष व्यक्ति के बारे में जानकारी दी। हमें उसकी जांच करने के लिए कहा, और दावा किया कि वह व्यक्ति एक संदिग्ध आतंकवादी है। हमने तुरंत मुंबई पुलिस को कॉल के बारे में सूचित किया। मुंबई पुलिस ने इसकी जांच की। उन्होंने कहा कि कॉल अमेरिका से आई थी। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच से पता चला कि यह गलत कॉल थी, क्योंकि कॉल करने वाले और जिस व्यक्ति के बारे में उसने जानकारी दी, दोनों के लोकेशन अमेरिका में पाए गए।
कोयला घोटाला: पूर्व कार्यकारी सचिव बसाक को तीन साल कैद की सजा
दिल्ली की एक अदालत ने कोयला ब्लॉक आवंटन में अनियमितता से जुड़े एक मामले में मंगलवार को इस्पात मंत्रालय के जेपीसी (संयुक्त संयंत्र समिति) के पूर्व कार्यकारी सचिव को तीन साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। कोयला घोटाले में 14वीं सजा सुनाते हुए दोषी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। विशेष न्यायाधीश अरुण भारद्वाज ने कहा कि गौतम कुमार बसाक को विजय सेंट्रल कोल ब्लॉक आवंटन में भ्रष्टाचार का दोषी पाया गया है। प्रकाश इंडस्ट्रीज लि. ने जनवरी 2007 में कोयला ब्लॉक के लिए आवेदन किया था, उसने अपनी क्षमता के बारे में गलत जानकारी दी थी। मंत्रालय ने बसाक को आरोप की सच्चाई का पता लगाने का निर्देश दिया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, इस्पात मंत्रालय के अधिकारी ने 2008 में कंपनी की ओर से किए गए दावों का समर्थन करते हुए एक झूठी रिपोर्ट प्रस्तुत की।
पायलटों के स्वचालित प्रणाली से अनजान होने पर हुआ था हादसा
पिछले साल जून में मुंबई तट पर पवन हंस के सिकोरस्की हेलिकॉप्टर दुर्घटना में पायलटाें के स्वचालित उड़ान नियंत्रण प्रणाली से अवगत न होना बड़ी वजह बताई गई है। एक जांच रिपोर्ट में इसका खुलासा किया गया। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई थी। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की रिपोर्ट में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई उपाय भी सुझाए गए हैं।
सीबीआई : डीआईजी मोहित और दो एसपी का कार्यकाल बढ़ा
केंद्र ने केंद्रीय जांच ब्यूरो में उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मोहित गुप्ता का कार्यकाल अगले साल सितंबर तक बढ़ा दिया। गुप्ता यूपी कैडर के 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। नगालैंड कैडर के आईपीएस अधिकारी रघुराम राजन को एसपी, सीबीआई के रूप में दो साल का व भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी विकास का कार्यकाल छह माह बढ़ाया गया है।
राज्यसभा की खाली हुई सीट पर 15 सितंबर को उपचुनाव
पिछले महीने उत्तर प्रदेश से मौजूदा राज्यसभा सदस्य हरद्वार दुबे के निधन के बाद खाली हुई सीट के लिए उपचुनाव 15 सितंबर को होगा। निर्वाचन आयोग के अनुसार दुबे का कार्यकाल नवंबर, 2026 में समाप्त होना था। मूल रूप से बलिया निवासी दुबे का 26 जून को हृदयगति रुकने से दिल्ली में निधन हो गया था।
नफरती भाषण : आजम की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट 2007 में नफरती भाषण और उत्तर प्रदेश की तत्तकालीन मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में समाजवादी पार्टी नेता आजम खां की याचिका पर बुधवार को सुनवाई करेगा। आजम ने मामले में आवाज का नमूना देने के निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी है। आजम खां के आवाज के नमूने को 2007 में रामपुर के टांडा क्षेत्र में एक जनसभा में दिए गए उनके भाषण के साथ मिलान कराया जाएगा, जो एक सीडी में दर्ज है।
मणिपुर में हिंसा...एक व्यक्ति की हत्या, कुछ घरों में लगाई आग
हिंसाग्रस्त मणिपुर में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जिसका शव के सीएम एन बीरेन सिंह के गृह निर्वाचन क्षेत्र हेइनगांग से बरामद किया गया है। इस बीच, कुछ घरों को आग लगाने की घटना भी सामने आई है। तलाशी अभियान में हथियार बरामद हुए हैं। मंगलवार की सुबह वांगू में एक 38 वर्षीय युवक राजकुमार बंग को अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अज्ञात उपद्रवियों ने करीब चार खाली घरों, एक कच्ची झोपड़ी और एक सामुदायिक हॉल में भी आग लगा दी। मणिपुर पुलिस ने आगजनी की घटनाओं के सिलसिले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस बीच, मणिपुर में सुरक्षा बलों ने इम्फाल पश्चिम, इम्फाल पूर्व, थौबल, काकचिंग, चुराचांदपुर, तेंगनौपाल कांगपोकपी और बिष्णुपुर जिलों में तलाशी अभियान के दौरान सात हथियार और 81 राउंड गोला-बारूद भी बरामद किया है।
आदिवासी समूहों ने एनएच-37 से हटाए अवरोधक
मणिपुर की राजधानी इंफाल को असम के सिलचर से जोड़नेवाले एनएच-37 पर आदिवासी समूहों की नाकेबंदी को कमोबेश हटा दिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सड़क से अवरोधक हटाए जाने के बाद आवश्यक वस्तुओं के साथ 171 ट्रकों की आवाजाही सुनिश्चित की गई। हालांकि, नगालैंड के दीमापुर से इंफाल को जोड़नेवाले एनएच-2 पर आदिवासी संगठनों की नाकाबंदी जारी है। जनजातीय एकता समिति ने मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में कुकी-जो समुदायों को आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति की मांग करते हुए सोमवार को कांगपोकपी में एनएच-2 और तमेंगलोंग जिले में एनएच- 37 पर कुछ स्थानों पर फिर से नाकेबंदी कर दी थी।
बंगाल : 351 करोड़ की धोखाधड़ी में सीबीआई का वीजा हाउस पर छापा
वीजा स्टील के प्रमुख विश्वम्भर सरण पर 351 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी के आरोप से जुड़े मामले में सीबीआई ने मंगलवार को अलीपुर स्थित वीजा हाउस में छापा मारा। इस दौरान दस्तावेज की गहन पड़ताल की गई और कंपनी के कई अधिकारियों से पूछताछ भी हुई। जानकारी के मुताबिक 2020 में विश्वम्भर सरण के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। उसी सिलसिले में जांच चल रही है।
गैर संचारी रोगों को लेकर भारत की नीतियां सराहनीय : टेड्रॉस
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रॉस अदनॉम गैब्रेयसस ने गैर संचारी रोगों को लेकर भारत की नीतियों की सराहना की है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा कि उच्च रक्तचाप और मधुमेह रोगियों तक इलाज पहुंचाने के लिए भारत ने जो लक्ष्य रखा है, वह काफी सराहनीय है। साल 2025 तक भारत 7.5 करोड़ रोगियों को उपचार उपलब्ध कराएगा और अब तक 1.1 करोड़ रोगियों तक पहुंच बनाने में सफलता हासिल हुई है। उन्होंने दूसरे देशों को सलाह देते हुए कहा कि भारत की तरह वे भी गैर संचारी रोगों के खिलाफ अभियान चला सकते हैं क्योंकि पूरी दुनिया में इन बीमारियों का दायरा काफी तेजी से बढ़ रहा है। डॉ. टेड्रॉस ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में पीएम मोदी का नेतृत्व ऐतिहासिक है। राजनीतिक इच्छा के जरिये हम बीमारियों के साथ लड़ाई में निश्चित ही जीत हासिल कर सकते हैं।
मुंबई के स्कूल में चार छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोपी शिक्षक गिरफ्तार
मुंबई पुलिस ने मंगलवार को विक्रोली के नगर निगम स्कूल में चार लड़कियों के यौन उत्पीड़न के आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया, आरोपी ने टैगोर नगर इलाके में संचालित स्कूल में छह से सात साल की उम्र की चार लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया। मामला का खुलासा कक्षा 2 की एक छात्रा ने किया था।
स्वतंत्रता सेनानी मकर सी दास का 99 वर्ष की आयु में निधन
वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी मकर चरण दास का 99 वर्ष की आयु में मंगलवार को कटक के एक अस्पताल में निधन हो गया। दास को उम्र संबंधी बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सुबह 6.40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, सहकारिता मंत्री अतनु एस नायक और कई अन्य लोगों ने दास के निधन पर दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सोशल मीडिया, ओटीटी पर अश्लील सामग्री रोकने के लिए नियम बनाएगी केंद्र सरकार
केंद्र ने दिल्ली हाईकोर्ट को आश्वासन दिया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ओटीटी पर अश्लील सामग्री को रोकने के लिए नियमों में संशोधन करेगा। हाईकोर्ट के पूर्व के निर्देशों के अनुपालन संबंधी जानकारी के साथ दायर अपने हलफनामे में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कहा कि उसने इस अदालत की ओर से अपने पहले के आदेशों में व्यक्त की गई चिंताओं पर ध्यान दिया है। हाईकोर्ट ने अपने पहले के आदेश कहा था कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और ओटीटी पर सामग्री को नियंत्रित करने के लिए तत्काल नियम बनाने की जरूरत है। अदालत ने सार्वजनिक डोमेन और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अभद्र भाषा के प्रयोग को गंभीरता से लेने की जरूरत को रेखांकित किया था जो छोटे बच्चों के लिए भी खुले हुए हैं।
अपील में छूट चाहिए तो हिमाचल सीएम राहत कोष में जमा कराएं दो लाख रुपये : सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्णय के खिलाफ अपील दायर करने में हुई देरी को सशर्त माफ किया है। अदालत ने शर्त लगाई है कि अपील दायर करने में देरी माफ करनी है तो पहले हिमाचल मुख्यमंत्री राहत कोष में दो लाख रुपये जमा करवाएं। जस्टिस संजय किशन कौल और जस्टिस सुधांशु धूलिया की पीठ ने यह आदेश पारित किए। अदालत ने मैसर्स कॉमर्शियल ऑटो सेल्स और अन्य की दो याचिकाओं में इस शर्त के साथ केंद्र सरकार को नोटिस जारी किए हैं कि अपीलार्थी पहले दानों मामलों में एक-एक लाख रुपये हिमाचल मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करवाएंगे। अदालत ने इसके लिए अपीलार्थी को चार हफ्ते का समय दिया है। अपीलार्थी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्णय के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की है। इस अपील को दायर करने में देरी हो गई थी। अपीलार्थी ने अपील को दायर करने में देरी माफ करने के लिए आवेदन दायर किया था।
भारत जोड़ो यात्रा के तहत लद्दाख पहुंचे राहुल
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि राहुल गांधी की लद्दाख यात्रा भारत जोड़ो यात्रा की अगली कड़ी है। राहुल गांधी ने पिछले साल सितंबर से जनवरी तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक लगभग 4,000 किलोमीटर की यात्रा की थी। यात्रा के तहत कांग्रेस नेता मंगलवार को लेह से मोटरसाइकिल पर सवार होकर लामायुरू पहुंचे। लामायुर अपने प्राचीन मठ और अविश्वसनीय परिदृश्य के लिए जाना जाता है। राहुल ने लामायुरू पहुंचने के लिए लगभग 130 किमी की दूरी तय की। वह यहां रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को कारगिल जिले की जंस्कार घाटी जाएंगे।