जेल में मिलने गए पिता के सामने कैदी ने टावर से कूदकर दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दहेज हत्या के मामले में जिला जेल में बंद कृष्ण मुरारी (27) ने मुलाकात के लिए आए पिता रघुवीर सिंह के सामने रेडियो फ्रिक्वेंसी टावर से कूदकर जान दे दी। घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारियों का कहना है कि जमानत न हो पाने के कारण वह तनाव में था।
फतेहपुर सीकरी के गांव सिरौली डावर निवासी कृष्ण मुरारी की शादी पांच जून 2015 को गांव नागर, अछनेरा निवासी मनीषा पुत्री जल सिंह से हुई थी। 22 अगस्त की रात को मनीषा की जल जाने से ससुराल में मौत हो गई थी।
मनीषा के परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें पहले कृष्ण मुरारी को नामजद किया था। बाद में उसके पिता रघुवीर, मां कलावती, रिश्ते के भाई महावीर, उसके बटे रवि और भांजे गुड्डू को भी आरोपी बना दिया गया।
मुरारी अपनी जमानत को लेकर परेशान था
21 सितंबर को कृष्ण मुरारी को पुलिस ने पकड़ लिया था। तब से वह जेल में बंद था। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे उससे मिलने पिता और गांव का युवक मुकेश पहुंचे। पिता ने बताया कि कृष्ण मुरारी अपनी जमानत को लेकर परेशान था। उन्होंने उससे कहा कि अभी जमानत में कुछ और महीने लग सकते हैं। बातचीत के दौरान अचानक वह उठकर चला गया।
वह समझे कि अभी वापस आ रहा होगा। वह वीडियो कांफ्रेंसिंग रूम के बाहर रेडियो फ्रिक्वेंसी टावर पर सीढ़ियों से चढ़ गया। मुलाकात को आए कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कैदी ने तकरीबन 50 फीट की ऊंचाई से छलांग लगा दी। जेल अधीक्षक ने बताया कि कर्मचारी घायल कैदी को पहले जेल अस्पताल ले गए। यहां से एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी भेजा गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।