Oman: ओमान के सुल्तान और पीएम मोदी के बीच हुई प्रतिनिधि स्तर की वार्ता, बताया रिश्तों से क्या-क्या हासिल हुआ
सुल्तान हैथम बिन तारिक भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। यह यात्रा भारत और ओमान के बीच की मित्रता और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी।
विस्तार
अरब दुनिया के सबसे पुराने स्वतंत्र राज्य ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक अपनी पहली राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं। आज सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक दिल्ली के हैदराबाद हाउस पहुंचे। दोनों नेताओं ने यहा मुलाकात की। यहा इनके बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई।
#WATCH | Delhi: Ceremonial welcome accorded to Sultan Haitham Bin Tarik of Oman at Rashtrapati Bhavan, accompanied by President Droupadi Murmu and Prime Minister Narendra Modi pic.twitter.com/qC9RvPuYqp
— ANI (@ANI) December 16, 2023विज्ञापन
हैदराबाद हाउस में शिष्टमंडल स्तर की वार्ता हुई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक के बीच दिल्ली के हैदराबाद हाउस में शिष्टमंडल स्तर की वार्ता हुई। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, 'मुझे आपका भारत में स्वागत करते हुए खुशी हो रही है। आज ओमान-भारत संबंधों में एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि 26 वर्षों के बाद ओमान के सुल्तान राजकीय यात्रा पर भारत आए हैं। मुझे आपका स्वागत करने का अवसर मिला है। भारत के लोगों की ओर से मैं आपका स्वागत करता हूं।'
उन्होंने आगे कहा, 'आज हम एक नए भारत-ओमान संयुक्त दृष्टिकोण को अपना रहे हैं। भविष्य के लिए एक साझेदारी को अपना रहे हैं। इस संयुक्त दृष्टि में, दस विभिन्न क्षेत्रों में ठोस कार्य बिंदुओं पर सहमति व्यक्त की गई है। मुझे विश्वास है कि संयुक्त विजन हमारी साझेदारी को एक नया और आधुनिक आकार देगा। मुझे खुशी है कि सीईपीए समझौते पर चर्चा चल रही है और दो दौर की चर्चा सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी है। मुझे उम्मीद है कि हम जल्द ही इस समझौते पर हस्ताक्षर करने में सक्षम होंगे जो हमारे आर्थिक सहयोग में एक नया आयाम जोड़ेगा।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, 'पिछले महीने ओमान ने 2024 में होने वाले टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया. मैं आपको इसके लिए बधाई देता हूं।'
ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने नई दिल्ली में नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट का दौरा किया। बता दें, पीएम मोदी सुल्तान हैथम बिन तारिक के सम्मान में दोपहर के भोज की मेजबानी भी करेंगे।
सुल्तान हैथम बिन तारिक भारत की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। यहां उनका स्वागत केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने किया। यह यात्रा भारत और ओमान के बीच की मित्रता और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी।
विदेश मंत्री जयशंकर से की थी मुलाकात
सुल्तान ने यात्रा के पहले दिन विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों देशों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। जयशंकर ने कहा था कि विदेश मंत्रालय भारत और ओमान के बीच रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने में सुल्तान के मार्गदर्शन को महत्व देता है। राजकीय यात्रा की शुरुआत में ओमान के महामहिम सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात सम्मान की बात है।
दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने का प्रयास
बता दें कि इसी साल विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ओमान दौरे पर गए थे। 18-19 अक्तूबर के उनके दौरे के बाद सुल्तान भारत दौरे पर पहुंचे हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने उनके भारत पहुंचने पर कहा, उनके इस दौरे से भारत और ओमान के संबंधों को और मजबूती मिलेगी। दोनों देशों के बीच परस्पर सहयोग और दोस्ती को प्रगाढ़ करने में भी यह दौरा बेहद कारगर साबित होगा। बता दें कि ओमान ने 150 से अधिक कार्य समूह बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लिया। जी20 देशों की मंत्रिस्तरीय बैठकों में ओमान के नौ मंत्रियों ने भाग लिया था।
काफी पुराने हैं भारत और ओमान के रिश्ते
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, ओमान के राष्ट्राध्यक्ष के साथ वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत दौरे पर पहुंचा है। भारत और ओमान के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों पर आधारित दीर्घकालिक मित्रता है। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध 1955 में स्थापित हुए थे और 2008 में इस रिश्ते को रणनीतिक साझेदारी के रूप में आगे बढ़ाया गया था, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने खाड़ी देश का दौरा किया था। साल 2018 में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओमान यात्रा ने दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा।