सबरीमाला में सुरक्षा पर सवाल: हेलीकॉप्टर की लो फ्लाइट से हड़कंप, हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला; जांच रिपोर्ट पेश
केरल के सबरीमाला मंदिर के पास भारतीय तटरक्षक के हेलीकॉप्टर की कम ऊंचाई उड़ान मामले में एडीजीपी ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
विस्तार
केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर के पास भारतीय तटरक्षक (ICG) के हेलीकॉप्टर की कम ऊंचाई में उड़ान के मामले में जांच तेज हो गई है। इस घटना को लेकर एडीजीपी एस. श्रीजीत ने प्रारंभिक जांच रिपोर्ट विशेष आयुक्त को सौंप दी है। यह घटना गुरुवार दोपहर की है, जब तटरक्षक का हेलीकॉप्टर मंदिर परिसर के पास बेहद कम ऊंचाई पर उड़ता हुआ देखा गया। इसके बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
भारतीय तटरक्षक की ओर से कहा गया है कि इलाके में घने बादल और खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर अपने निर्धारित मार्ग से भटक गया और पंबा पहाड़ियों के ऊपर से गुजर गया। विशेष आयुक्त, जिन्हें केरल हाईकोर्ट ने नियुक्त किया है, ने मामले में नोडल अधिकारी से रिपोर्ट मांगी थी, जो शुक्रवार रात उन्हें सौंप दी गई। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हेलीकॉप्टर कई इमारतों की छतों के बेहद करीब से गुजरा, जिससे संभावित नुकसान की आशंका जताई गई है। इसी आधार पर विस्तृत जांच की सिफारिश की गई है।
ये भी पढ़ें:- दूसरे चरण के चुनाव से पहले ED की बड़ी कार्रवाई: कोलकाता समेत नौ ठिकानों पर छापेमारी, राशन घोटाले में जांच जारी
पथनमथिट्टा के जिला पुलिस प्रमुख को इस मामले की जांच सौंपी गई है। वहीं, यह भी सामने आया है कि खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर की ऊंचाई बदलने की जानकारी पुलिस या प्रशासन को नहीं दी गई थी, जबकि सबरीमाला क्षेत्र को राज्य सरकार ने विशेष सुरक्षा क्षेत्र घोषित किया है। पांबा पुलिस ने इस घटना को लेकर केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(e) के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक किसी को भी आरोपी नहीं बनाया गया है। जांच प्रक्रिया जारी है और आगे रिपोर्ट हाईकोर्ट को सौंपी जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.