{"_id":"6267c9fff25ca522c13a9384","slug":"prashant-kishor-declines-congress-invitation-to-join-party-says-randeep-surjewala-news-in-hindi","type":"story","status":"publish","title_hn":"बड़ी खबर: कांग्रेस में शामिल नहीं होंगे चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर, जानिए पार्टी का ऑफर ठुकराने की वजह?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बड़ी खबर: कांग्रेस में शामिल नहीं होंगे चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर, जानिए पार्टी का ऑफर ठुकराने की वजह?
Tue, 26 Apr 2022 05:11 PM IST
गौरव पाण्डेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Tue, 26 Apr 2022 05:11 PM IST
सार
प्रशांत किशोर को पार्टी में शामिल करने को लेकर कुछ नेताओं की ओर से आपत्ति जताए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा था कि प्रशांत को कोई विशेष ट्रीटमेंट नहीं दिया जाएगा। पार्टी ने यह किशोर पर छोड़ दिया था कि वह औपचारिक रूप से कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं या पेशेवर सहयोगी के तौर पर साथ रह सकते हैं।
विज्ञापन
प्रशांत किशोर
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर कांग्रेस पार्टी में शामिल नहीं होंगे। कांग्रेस पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को एक ट्वीट में लिखा कि प्रशांत किशोर की ओर से दी गई एक प्रस्तुति और उनके साथ विचार-विमर्श करने के बाद पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने एक इंपावर्ड एक्शन ग्रुप (ईएजी) 2024 का गठन किया था।
विज्ञापन
सुरजेवाला ने कहा कि प्रशांत किशोर को इस समूह के हिस्से के तौर पर परिभाषित जिम्मेदारी के साथ शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया है। हम पार्टी के लिए उनके प्रयासों और सुझावों की सराहना करते हैं।
विज्ञापन
कांग्रेस में न शामिल होने पर क्या बोले प्रशांत किशोर
उधर, प्रशांत किशोर ने एक ट्वीट में कहा कि मैंने ईएजी के हिस्से के तौर पर पार्टी में शामिल होने की कांग्रेस की पेशकश को अस्वीकार कर दिया है और चुनावों के लिए जिम्मेदारी ली है। मेरे विचार में सांगठनिक समस्याओं को सुधारों के जरिए ठीक करने के लिए पार्टी को मुझसे ज्यादा नेतृत्व और सामूहिक इच्छाशक्ति की आवश्यकता है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस बात से साफ इनकार कर दिया था कि प्रशांत किशोर अगर पार्टी में शामिल होते हैं तो उन्हें कोई विशेष ट्रीटमेंट दिया जाएगा। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया था कि उनके पार्टी शामिल होने की शर्त पर संगठन में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने प्रशांत किशोर को शामिल करने पर आपत्ति भी जताई थी। राजस्थान सरकार में मंत्री सुभाष गर्ग ने कहा था कि संगठन को मजबूत और ताकतवर केवल नेतृत्व और कार्यकर्ता ही बना सकते हैं। कोई सलाहकार और सेवा प्रदाता नहीं। कांग्रेस नेतृत्व को चाणक्य की जरूरत है न कि व्यापारी की ।
प्रशांत किशोर 16 अप्रैल को सोनिया गांधी से मिले थे
16 अप्रैल को प्रशांत किशोर ने सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। यह बैठक करीब चार घंटे तक चली थी और इस दौरान किशोर ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर एक प्रस्तुति दी थी। इसमें उन्होंने इन चुनावों को लेकर कांग्रेस को किस तरह तैयारी करनी चाहिए इस पर बात की थी और सुझाव दिए थे।
'आई-पैक' का टीआरएस से जुड़ाव तो नहीं है वजह?
प्रशांत किशोर की इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पैक) ने तेलंगाना में सत्ताधारी टीआरएस (तेलंगाना राष्ट्र समिति) के साथ अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर एक समझौता किया है। हालांकि, प्रशांत अब आई-पैक से जुड़े नहीं हैं, लेकिन कुछ कांग्रेस नेताओं ने इस समझौते को लेकर सख्त आपत्ति व्यक्त की थी।
'नव संकल्प शिविर' के लिए बनी समितियों की बैठक
दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी के 'नव संकल्प शिविर' के लिए गठित की गई समितियों की एक बैठक का आयोजन 15 जीआरजी रोड पर हो रहा है। जानकारी के अनुसार बैठक में बीएस हुड्डा, केसी वेणुगोपाल, पी चिदंबरम, जयराम रमेश, मुकुल वासनिक, मल्लिकार्जुन खड़गे, एके एंटनी, सलमान खुर्शीद और अमरिंदर सिंह मौजूद हैं।