Politics: पीएम मोदी के 'बहस नहीं' वाली टिप्पणी पर जयराम रमेश का तंज; बोले- अपने सांसद की वजह से ऐसा बोल रहे
सुरक्षा में चूक मामले पर पीएम मोदी की पहली टिप्पणी पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी इस मुद्दे पर संसद में बोलने से डर रहे हैं क्योंकि उनके सांसद की भूमिका पर सवाल खड़े किए जा सकते हैं।
विस्तार
भाजपा सांसद के कारण लगी सुरक्षा में सेंध- जयराम
जयराम रमेश ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकसभा सदन में सुरक्षा चूक मामले पर विपक्ष का गतिरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक गृह मंत्री अमित शाह इस मुद्दे पर बयान नहीं दे देते हैं। पीएम मोदी की पहली टिप्पणी पर बोलते हुए जयराम रमेश ने कहा कि भाजपा सांसद प्रताप सिम्हा को बचाने की कोशिश हो रही है। सरकार इस मुद्दे पर बहस करने से डर रही है। बता दें पीएम मोदी ने मामले पर टिप्पणी देते हुए कहा कि सुरक्षा में चूक मामले पर जांच की जरूरत है, बहस की नहीं। बता दें घटना के बाद से ही तमाम विपक्षी दल मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है गुरुवार को 14 सांसदों को कार्यवाही में व्यवधान डालने के चलते संसद के शेष शीतकालीन सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है।
विपक्ष जानना चाहता है कि चूक कैसे हुई- जयराम
13 दिसंबर को लोकसभा सदन में हुई घटना पर पीएम मोदी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में चूक जैसे मुद्दों पर जांच की जरूरत होती है, न कि बहस की। इसी पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने पीएम मोदी पर तंज कस दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि भारत की सभी दल चर्चा की मांग कर रहे हैं। हम जानना चाहते हैं कि आखिर यह घटना कैसे घटी। साथ ही उन्होंने कहा कि पीएम मोदी चर्चा से भाग रहे हैं, क्योंकि उनकी पार्टी के सांसद की भूमिका पर सवाल उठाए जाएंगे।
13 दिसंबर को लोकसभा में हुई बेहद ख़तरनाक घटनाओं पर प्रधानमंत्री ने आख़िरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है।
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) December 17, 2023
उनका कहना है कि इस मामले पर बहस की नहीं, जांच की ज़रूरत है और जांच चल रही है।
13 दिसंबर को जो हुआ और जिस तरह से हुआ, उसे लेकर INDIA की सभी पार्टियां गृह मंत्री के बयान की मांग कर…
सदन में बोलने से डर रहे पीएम मोदी- चतुर्वेदी
वहीं शिवसेना(यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि पीएम मोदी को संसद में बोलना चाहिए। संसद की सुरक्षा में चूक पर पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री बाहर बात कर रहे हैं लेकिन सदन में बोलने से डर रहे हैं।
क्या है मामला?
लोकसभा सदन में 13 दिसंबर की दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सदन में मौजूद दर्शन दीर्घा से दो व्यक्ति कार्यवाही के दौरान सांसदों के बीच कूद गए। इस दौरान आरोपियों द्वारा कलर स्मॉग सदन के भीतर छोड़ा गया था। सांसदों की सीट पर जाकर आरोपी द्वारा हंगामा किया गया था। उस दौरान मौजूद सांसदों, सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।