Kerala Police: पड़ोसी से नफरत थी, उसे फंसाने के लिए पीएम मोदी को बम से उड़ाने की धमकी दी; पढ़िए पूरा मामला
कोच्चि सिटी कमिश्नर के सेतु रमन ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी को धमकी भरा पत्र भेजने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी जेवियर को शनिवार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने पड़ोसी को फंसाना चाहता था, इसलिए उसने पीएम को बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्व पीएम राजीव गांधी की तरह बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीएम मोदी दो दिवसीय दौरे पर सोमवार को केरल जाएंगे।
इसलिए भेजा पीएम को धमकी भरा पत्र
कोच्चि सिटी कमिश्नर के सेतु रमन ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी को धमकी भरा पत्र भेजने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी जेवियर को शनिवार को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपने पड़ोसी को फंसाना चाहता था, इसलिए उसने पीएम को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। रमन ने कहा कि आरोपी को फॉरेंसिक की मदद से ढूंढा गया है। पड़ोसी को फंसाने की वजह निजी दुश्मनी है।
पहले की तरह ही आयोजित होगा कार्यक्रम
केरल भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने कहा था कि एसपीजी दुनिया की सबसे ट्रेंड और कुशल सुरक्षा एजेंसी है। पीएम मोदी का दो दिवसीय केरल दौरा पहले की तरह ही आयोजित किया जाएगा। पीएम मोदी के साथ जबतक एसपीजी है, उन्हें कोई छू नहीं सकता। एसपीजी पीएम की रक्षा करेंगे। कार्यक्रम सफलता से पूरा होगा। केरल भाजपा अध्यक्ष ने बताया था कि 17 अप्रैल को उन्हें धमकी भरा पत्र मिला था।
ऐसे की जांच
पुलिस का कहना है कि उन्होंने जब जांच शुरू की तो उसमें एन.के जॉनी नाम के एक व्यक्ति का पता लिखा था। पुलिस ने कोच्चि के मूल निवासी जॉनी से पूछताछ की, उसने पत्र लिखने से इनकार कर दिया था। हालांकि, जॉनी ने एक व्यक्ति पर आरोप लगाया था, जो उसे पसंद नहीं करता था। उससे नफरत करता था। पुलिस ने जॉनी और पत्र की लिखावट का मिलान किया, लेकिन दोनों मैच नहीं हुए।