संसद: दिल्ली हिंसा के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, लगाए 'गृह मंत्री इस्तीफा दो' के नारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी सांसदों ने दिल्ली हिंसा के खिलाफ सोमवार को संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया और गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक संसद परिसर में प्रदर्शन से पहले पार्टी सांसदों ने सोनिया गांधी की अध्यक्षता में एक रणनीतिक बैठक में हिस्सा लिया।
इस बैठक में दिल्ली हिंसा को लेकर संसद के भीतर और बाहर सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा हुई। बापू की प्रतिमा के सामने राहुल गांधी की अगुवाई में मौजूद कांग्रेस सांसदों ने गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग वाले बैनर और तख्तिया ले रखी थीं। उन्होंने ‘गृह मंत्री इस्तीफा दो’ और ‘नफरत की भाषा बंद करो’ के नारे लगाए।
विरोध प्रदर्शन में लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम और कई अन्य सांसद मौजूद रहे। चौधरी ने दिल्ली हिंसा के विषय पर लोकसभा में कार्य स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दे रखा है। कांग्रेस के अलावा आप और तृणमूल कांग्रेस ने भी भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया।
आम आदमी पार्टी ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए
वहीं आम आदमी पार्टी के सांसदों ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया और भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए। आप सासदों में संजय सिंह, भगवंत मान, एनडी गुप्ता और सुशील गुप्ता मौजूद थे।
तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने आंखों पर काली पट्टी बांधकर धरना दिया
तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने भी संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास दिल्ली हिंसा को लेकर धरना दिया। तृणमूल सदस्य नें हाथों में पोस्टर लेकर नारे लगाए। पार्टी सांसद आंखों पर पट्टी भी बांधे हुए थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली हिंसा के मुद्दे को संसद में जोरदार तरीके से उठाएंगे। वे सरकार से इस मामले पर जवाब देने की मांग कर रहे थे।