इमरान को सेना ने ही सत्ता पर बैठाया, भारत के प्रति नहीं बदलेगा पाकिस्तान का रवैया : वीके सिंह
केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि सेना ने ही इमरान खान को पाकिस्तान की सत्ता पर बैठाया है। इसलिए, पाकिस्तान में नया प्रधानमंत्री चुने जाने के बावजूद सेना का ही शासन है। ऐसे में भारत को लेकर पाक के रवैये में बदलाव की कोई उम्मीद नहीं है। बस देखना यह है कि इमरान कोई बदलाव लाने में सफल होते हैं या नहीं।
विदेश राज्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान में नई सरकार के गठन के बाद भारत ‘वेट एंड वाच’ की रणनीति पर अमल कर रहा है। इमरान के पीएम बनने के बाद सीमा पर घुसपैठ की घटनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंह ने कहा, ‘क्या आपने बदलाव की उम्मीद की थी। मैंने तो नहीं की थी।
आखिरकार, पाकिस्तान में सेना ने ही एक व्यक्ति को सत्ता तक पहुंचाया है। वहां अब भी सेना का ही शासन है। इसलिए थोड़ा इंतजार करके देख लें कि वह व्यक्ति सेना के अधीन रहता है या उसके नियंत्रण से बाहर रहकर काम करता है।’ इस दौरान सिंह ने एक बार भी इमरान खान का नाम नहीं लिया।
फिक्की के ‘स्मार्ट बॉर्डर मैनेजमेंट’ विषय पर दो दिवसीय कांफ्रेंस से इतर सिंह ने कहा कि पाकिस्तान से बातचीत के मुद्दे पर भारत की नीति साफ है। पाकिस्तान के साथ सकारात्मक माहौल बनने पर ही बातचीत हो सकती है।
करतारपुर सीमा खोलने का नहीं मिला प्रस्ताव
सिख श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर सीमा खोलने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस संबंध में पाकिस्तान से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। यह मुद्दा लंबे समय से चल रहा है।
भारत को लेकर नहीं बदलेगा पाक : राजनाथ
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू में उच्च तकनीक समग्र एकीकृत सीमा प्रबंधन प्रणाली से जुड़ी दो परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद कहा कि इमरान खान के नेतृत्व में भारत को लेकर पाकिस्तान की नीति में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पाक को अपनी सोच बदलकर आतंकवाद को समर्थन करना बंद करना चाहिए। भारत पड़ोसियों से अच्छे रिश्ते चाहता है। आतंकवाद को लगातार समर्थन पर गृह मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की सोच को हम नहीं बदल सकते। उन्हें खुद ही यह सब छोड़ना पड़ेगा। उन्हें समझना होगा कि पड़ोसियों से कैसा व्यवहार रखा जाता है। भारत ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की है। बेहतर रिश्तों के लिए ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर पाकिस्तान पहुंचे थे।