BJP President: 20 जनवरी को भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं नितिन नबीन? 19 को दाखिल करेंगे नामांकन
BJP President Election: भारतीय जनता पार्टी में एक अहम संगठनात्मक बदलाव होने वाला है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के नाम का एलान किया जा सकता है।
विस्तार
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन अगले हफ्ते पार्टी अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं। बिहार से पांच बार के विधायक नितिन नबीन को पिछले साल 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सूत्रों के मुताबिक, नितिन नबीन 19 जनवरी को नामांकन दाखिल करेंगे और 20 जनवरी को उनके निर्विरोध चुने जाने की संभावना है।
निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उनके निर्विरोध चुने जाने की पूरी संभावना है, क्योंकि किसी अन्य नेता के मैदान में उतरने की संभावना बेहद कम है। भाजपा के सूत्र ने बताया, अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन 19 जनवरी को दाखिल किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, यदि आवश्यकता पड़ी तो जेपी नड्डा के स्थान पर नए भाजपा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पार्टी मुख्यालय में आयोजित की जाएगी।
सभी वरिष्ठ नेताओं को मौजूद रहने के लिए कहा गया
सूत्रों के अनुसार, भाजपा शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को इस मौके पर दिल्ली में मौजूद रहने को कहा गया है। पार्टी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे। बताया गया है कि अध्यक्ष पद के लिए तीन सेट में नामांकन दाखिल किए जाएंगे। एक सेट पर 20 से अधिक निर्वाचित प्रदेश अध्यक्षों के हस्ताक्षर होंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे सेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के हस्ताक्षर होंगे। तीसरा सेट भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का होगा। यदि केवल एक ही नामांकन आता है, तो उसी दिन अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। इस बीच, भाजपा अध्यक्ष चुनाव की तैयारियों को लेकर जेपी नड्डा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक भी हुई। बैठक में नितिन नबीन के साथ बी एल संतोष, सुनील बंसल, अरुण सिंह और तरुण चुघ मौजूद रहे।
दिसंबर में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था
बिहार सरकार में मंत्री और पांच बार के विधायक नितिन नबीन को दिसंबर में कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उनका चयन पार्टी में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। हाल के महीनों में वह तमिलनाडु, असम, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी जैसे राज्यों में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: अखिलेश का बड़ा आरोप: एसआईआर के नाम पर एनआरसी लागू कर रही है भाजपा; बन रहे हैं फर्जी वोटर
कौन हैं नितिन नबीन?
नितिन नबीन पांच बार के विधायक हैं। मौजूदा वक्त में वह पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। बांकीपुर से इस बार नितिन नबीन पांचवीं बार विधायक बने हैं। नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं। 45 साल के नबीन सड़क निर्माण मंत्री हैं। इसी के साथ वह भाजपा नेता किशोर सिन्हा के बेटे हैं।
नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं नितिन
भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन पटना में जन्मे। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे हैं। बता दें कि पिता के निधन के बाद नबीन ने सक्रिय रूप से चुनावी राजनीति में आए। चुनाव लड़ने से पहले नितिन नबीन भाजयुमो में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने पहली बार साल 2006 में उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और अब 2025 के बिहार विधानसभा चुनावों में लगातार विजयी हासिल की। हाल ही में संपन्न हुए 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने 98,299 वोट हासिल करके आरजेडी प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हराया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.