{"_id":"5f7709d224edec56385ef19d","slug":"nirav-modi-case-fresh-cbi-charge-sheet-against-retired-pnb-official-for-disproportionate-assets","type":"story","status":"publish","title_hn":"नीरव मोदी मामला : CBI ने PNB के सेवानिवृत्त अधिकारी के खिलाफ दाखिल किया नया आरोपपत्र","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
नीरव मोदी मामला : CBI ने PNB के सेवानिवृत्त अधिकारी के खिलाफ दाखिल किया नया आरोपपत्र
Fri, 02 Oct 2020 04:37 PM IST
मुकेश कुमार झा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: मुकेश कुमार झा
Updated Fri, 02 Oct 2020 04:37 PM IST
विज्ञापन
नीरव मोदी
- फोटो : एएनआई (फाइल)
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त उप प्रबंधक गोकुलनाथ शेट्टी के खिलाफ नया आरोपपत्र दाखिल किया है। बता दें कि शेट्टी ने 13 हजार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के षड्यंत्र में नीरव मोदी और मेहुल चोकसी को कथित तौर पर सहयोग किया था। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि आय से अधिक 2.63 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित करने के मामले में उसकी पत्नी पर भी नया आरोपपत्र दायर किया गया है।
विज्ञापन
शेट्टी और उसकी पत्नी पर भ्रष्टाचार के आरोप
उन्होंने बताया कि एजेंसी ने शेट्टी और इंडियन बैंक में लिपिक उसकी पत्नी आशा लता शेट्टी पर 2011-17 के दौरान 4.28 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति इकट्ठा करने के भ्रष्टाचार के आरोप हैं। घोटाले का षड्यंत्र मुंबई में पीएनबी के ब्रैडी हाउस शाखा में रचा गया था जहां वह पदस्थ था।
विज्ञापन
2.63 करोड़ रूपये की संपत्ति के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं
सीबीआई ने आरोप लगाया कि कुल संपत्तियों में से 2.63 करोड़ रूपये की संपत्ति के बारे में उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिए, जो उनकी आय के ज्ञात स्रोत से 2.38 गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने शेट्टी और मोदी-चोकसी के संबंधों की जांच की जिस दौरान उसे सेवानिवृत्त उप प्रबंधक की संपत्तियों के बारे में जानकारी मिली।
विज्ञापन
छह वर्षों के दौरान की वास्तविक आय 72.52 लाख रुपये थी
सीबीआई ने आरोप लगाए कि छह वर्षों के दौरान की वास्तविक आय 72.52 लाख रुपये थी और शेट्टी दंपति एवं उनके परिवार के सदस्यों के पास मुंबई में फ्लैट के तौर पर संपत्ति थी। मुंबई में हाल में विशेष अदालत के समक्ष दायर आरोपपत्र में एजेंसी ने कहा कि उन्होंने गोरेगांव में 46.62 लाख रुपये का फ्लैट खरीदा था जबकि मुंबई और आसपास के विभिन्न इलाकों में तीन और फ्लैट के लिए अग्रिम बुकिंग राशि का भुगतान किया था।
2011-17 के दौरान 2.63 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति एकत्रित की
इसके अलावा एजेंसी ने सावधि जमा, बैंक बैलेंस और रेकरिंग अकाउंट में 75 लाख रुपये से अधिक राशि का पता लगाया। उन्होंने कहा कि निवेश, आय और खर्च की गणना करने के बाद सीबीआई ने पाया कि शेट्टी और उनकी पत्नी ने 2011-17 के दौरान 2.63 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति एकत्रित की। उन्होंने कहा कि सीबीआई मोदी और चोकसी के खिलाफ पहले ही आरोपपत्र दायर कर चुकी है जिसमें शेट्टी की भूमिका के बारे में बताया गया है। शेट्टी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है।