{"_id":"6451422bafb11835dc0d7255","slug":"nia-conducts-raids-at-14-places-in-bihar-jharkhand-in-naxal-conspiracy-case-2023-05-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"NIA: बिहार-झारखंड में 14 स्थानों पर एनआईए की छापेमारी; फुलवारी शरीफ मामले में एक और आरोपी को किया गया गिरफ्तार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
NIA: बिहार-झारखंड में 14 स्थानों पर एनआईए की छापेमारी; फुलवारी शरीफ मामले में एक और आरोपी को किया गया गिरफ्तार
Tue, 02 May 2023 10:32 PM IST
निर्मल कांत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली/पटना
Published by: निर्मल कांत
Updated Tue, 02 May 2023 10:32 PM IST
सार
एनआईए ने बिहार के फुलवारी शरीफ मामले में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की गैरकानूनी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के सिलसिले में मंगलवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को नक्सली साजिश मामले में बिहार और झारखंड के 14 स्थानों पर छापेमारी की। झारखंड में आठ स्थानों पर तलाशी में विस्थापन विरोधी जन विकास आंदोलन (वीवीजेवीए) के रांची कार्यालय और बोकारो, धनबाद, रामगढ़ और गिरिडीह जिलों में नक्सलियों के सहयोगियों और समर्थकों के घर शामिल हैं। जबकि बिहार में खगड़िया, गया और औरंगाबाद जिलों के छह स्थानों पर तलाशी ली गई।
विज्ञापन
एजेंसी ने कहा कि जिन संदिग्धों के घरों की तलाशी ली गई, उनके नक्सलियों के पोलित ब्यूरो और केंद्रीय समिति के सदस्यों के साथ संबंध हैं। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित संगठन की गतिविधियों से संबंधित आपत्तिजनक दस्तावेज, कई मोबाइल फोन, डीवीडी डिस्क, मजदूर संगठन समिति (एमएसएस) और वीवीजेवीए से संबंधित दस्तावेजों के साथ-साथ बैंक खाते के विवरण भी जब्त किए गए।
विज्ञापन
एनआईए ने पिछले साल 25 अप्रैल को नक्सलियों के पोलित ब्यूरो और केंद्रीय समिति के सदस्यों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम, 1967 और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत इन दोनों राज्यों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ सहित अन्य भारतीय राज्यों में संगठन की विचारधारा फैलाने की साजिश रचने के लिए मामला दर्ज किया था।
विज्ञापन
एनआईए ने कहा, ये सदस्य अपने उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए जेल में बंद नक्सली कैडर और ओवरग्राउंड वर्कर्स के साथ संपर्क में थे। एफआईआर में मिसिर बेसरा, विवेक, अनल दा, प्रमोद मिश्रा, नंबाला केशव राव, मुप्पल लक्ष्मण राव, मल्लोजुला वेणुगोपाल, कटकम सुदर्शन, गजराला रवि, मॉडेम बालकृष्णन, सब्यसाची गोस्वामी और प्रशांत बोस और अन्य के नाम हैं।
एनआईए ने पीएफआई मामले में एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
एनआईए ने बिहार के फुलवारी शरीफ मामले में प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की गैरकानूनी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के सिलसिले में मंगलवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के संत रविदास नगर निवासी अनवर राशिद के रूप में हुई है।
एनआईए ने कहा कि इस साल 25 अप्रैल को उसके घर पर तलाशी के दौरान जब्त किए गए विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और पत्रों की एनआईए द्वारा विस्तृत जांच और विश्लेषण के बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। एजेंसी ने कहा कि जांच से पता चला है कि अनवर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन सिमी का पूर्व सदस्य है और वर्तमान में बिहार और उत्तर प्रदेश के कई पीएफआई सदस्यों से जुड़ा हुआ है, जिसमें अतहर परवेज भी शामिल है, जिसे प्राथमिकी में नामित किया गया था और पिछले साल 12 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था।
एनआईए की जांच के अनुसार अनवर ने पीएफआई के लिए काम करने के लिए सिमी के पूर्व सदस्यों के एक गुप्त समूह को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पीएफआई के बैनर तले मुख्य एजेंडा भारत में 'इस्लामिक शासन' स्थापित करना था जैसा कि संगठन के 'इंडिया 2047 डॉक्यूमेंट' में कल्पना की गई है। एनआईए ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।