West Bengal: पश्चिम बंगाल विस्फोटक जब्ती मामले में एक और गिरफ्तार; एनआईए ने की कार्रवाई
West Bengal: एनआईए ने पश्चिम बंगाल में विस्फोटक जब्ती के मामले में सोमवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मामला विद्युत चालित और गैर-विद्युत चालित डेटोनेटर और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा जब्त किए जाने से जुड़ा हुआ है।
विस्तार
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल में विस्फोटक जब्ती के मामले में सोमवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। मामला विद्युत चालित और गैर-विद्युत चालित डेटोनेटर और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा जब्त किए जाने से जुड़ा हुआ है। एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि बीरभूम जिला निवासी मनोज घोष को बहादुरपुर से गिरफ्तार किया गया। पिछले साल जून से इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या सात हो गई है।
अधिकारी ने बताया कि घोष को पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके तीन आरोपियों के खुलासों के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। इन तीनों की पहचान रिंटू एसके, मिराजुद्दीन अली खान उर्फ मिराज और मीर मोहम्मद नुरुज्जमान उर्फ रोमियो उर्फ प्रिंस के तौर पर बताई गई। एनआईए मामले में 28 जून को मिराज और प्रिंस के खिलाफ आरोप पत्र दायर कर चुकी है।
28 जून को हुई थी छापेमारी
प्रवक्ता ने बताया कि घोष एक अवैध खनिक बताया जा रहा है। उसे रिंटू एसके जिलेटिन, डेटोनेटर और अमोनियम नाइट्रेट की सप्लाई करता था। इससे पहले 28 जून को उसके अवैध गोदाम पर छापेमारी में एक पिस्तौल, कारतूस, 16.25 किलोग्राम जिलेटिन छड़ें (कुल 130) और 50 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट से भरा एक बोरा जब्त किया गया था।
81,000 विद्युत चालित डेटोनेटर जब्त
इस बीच पश्चिम बंगाल एसटीएफ के एक दल ने बीरभूम के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में एक गाड़ी से करीब 81,000 विद्युत चालित डेटोनेटर जब्त किए। प्रवक्ता ने बताया कि गाड़ी चालक आशीष केवड़ा को भी गिरफ्तार किया गया है। बाद में हुई तलाशी में एक अवैध गोदाम से 2,525 विद्युत चालित डेटोनेटर, 27,000 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट और 1,625 किलोग्राम जिलेटिन की छड़ें जब्त की गईं।