Updates: राज्यसभा के पूर्व सदस्य सुरेश गोपी को पुलिस ने किया तलब; मुंबई में इमारत में आग लगने से महिला की मौत
Updates: केरल में एक महिला पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार के आरोप में पुलिस ने राज्यसभा के पूर्व सदस्य सुरेश गोपी को तलब किया है। वहीं, पुरी के जगन्नाथ मंदिर के अंदर दस श्रद्धालु बेहोश हो गए। उधर, नगालैंड के पूर्व राज्यपाल पद्नाभ आचार्य का निधन हो गया।
विस्तार
केरल पुलिस ने एक महिला पत्रकार की शिकायत पर राज्यसभा के पूर्व सदस्य और अभिनेता सुरेश गोपी को तलब किया है। महिला का आरोप है कि उन्होंने पिछले महीने यहां संवाददाताओं के साथ बातचीत के दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोपी को 18 नवंबर तक अपना बयान दर्ज कराने के लिए जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा गया है। उन्होंने कहा, हमने इस संबंध में गोपी को नोटिस भेजा है। उन्हें 18 नवंबर या उससे पहले पेश होने के लिए कहा गया है।
नदक्कावू पुलिस ने एक स्थानीय टेलीविजन चैनल में काम करने वाली महिला पत्रकार की शिकायत के आधार पर पिछले महीने के अंत में मामला दर्ज किया था। महिला ने शहर के पुलिस आयुक्त के पास घटना का एक वीडियो के साथ शिकायत दर्ज कराई थी, जिन्होंने इसे आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस स्टेशन को सौंप दिया था। भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य उस समय मुश्किल में फंस गए जब एक वीडियो ऑनलाइन सामने आया, जिसमें वह मीडिया से बातचीत के दौरान पत्रकार के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहे हैं। विभिन्न वर्गों से कड़ी आलोचना का सामना कर रहे अभिनेता ने माफी मांगते हुए कहा था कि उन्होंने पत्रकार के साथ केवल स्नेह से ऐसा व्यवहार किया।
पुरी: श्री जगन्नाथ मंदिर के अंदर दस श्रद्धालु बेहोश हुए
श्री जगन्नाथ मंदिर में शुक्रवार को कम से कम 10 श्रद्धालु बेहोश हो गए और उन्हें यहां जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक रंजन कुमार दास ने कहा कि तड़के हुई इस घटना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जिम्मेदार है। भारतीय परंपरा के मुताबिक कार्तिक महीने को पवित्र माना जाता है और बड़ी संख्या में भक्त भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने के लिए 12वीं शताब्दी के मंदिर में आते हैं।
दास ने कहा, जो लोग बेहोश हुए उनमें ज्यादातर बुजुर्ग थे। हम मंदिर के अंदर श्रद्धालुओं के सुचारू दर्शन सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था बढ़ा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक मंदिर में मंगल आरती के तुरंत बाद करीब एक दर्जन भक्तों के बीमार होने की सूचना मिली और उनमें से दस बेहोश हो गए। अंदर भक्तों की भीड़ उमड़ने से वे नीचे गिर पड़े। उन्हें मंदिर में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर पुरी अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।
केरल: बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
एर्नाकुलम जिले में एक पुलिस थाने को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोप में शुक्रवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, नियंत्रण कक्ष को आज सुबह धमकी भरा फोन आया जिसमें दावा किया गया कि यहां से करीब 53 किलोमीटर दूर कोठामंगलम पुलिस थाने में बम रखा गया है। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ता तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस थाने का निरीक्षण किया लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। फोन कॉल ट्रेस करने के बाद आरोपी हनीफा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महाराष्ट्र: भाजपा के वरिष्ठ नेता पद्मनाभ आचार्य का निधन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और नगालैंड के पूर्व राज्यपाल पद्मनाभ आचार्य का शुक्रवार को मुंबई में निधन हो गया। पार्टी के सूत्रों ने आज यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक के उडुपी के रहने वाले आचार्य (92 वर्षीय) ने यहां अपने घर पर अंतिम सांस ली। भाजपा के दिग्गज नेता ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के साथ भी काम किया था। आचार्य ने नागालैंड, त्रिपुरा, असम के राज्यपाल के रूप में कार्य किया था और मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में भी जिम्मेदारियों को संभाला था। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने शोक संदेश में कहा कि आचार्य संगठन की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रहे।
बीवाई विजयेंद्र कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नियुक्त
भाजपा के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा के बेटे और पार्टी के विधायक बीवाई विजयेंद्र को कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
एसटीए क्रिप्टो पोंजी घोटाले के मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार
ओडिशा पुलिस ने 1,000 करोड़ रुपये के एसटीए क्रिप्टो पोंजी घोटाले के सिलसिले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान सुशील कुमार टुडू के रूप में हुई है जो राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में स्थित एक पोंजी फर्म एसटीए इंडिया का झारखंड प्रमुख था। पुलिस ने बताया कि टुडू को झारखंड के धनबाद जिले के निरसा से आठ नवंबर को गिरफ्तार किया गया था और ट्रांजिट रिमांड पर ओडिशा लाया गया था।
तमिलनाडु: सात लाख और महिलाओं के लिए सहायता योजना का विस्तार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने शुक्रवार को महिलाओं के लिए 1,000 रुपये मासिक सहायता योजना का विस्तार सात लाख से अधिक लाभार्थियों तक करने की शुरुआत की। योजना में 7.35 लाख नए लाभार्थियों को शामिल करने के मौके पर स्टालिन ने यहां एक सरकारी कार्यक्रम में छह लाभार्थियों को बैंक डेबिट कार्ड दिए। मुख्यमंत्री ने कहा, यह इतनी बड़ी योजना है जिसमें एक करोड़ से अधिक लाभार्थी हैं और एक छोटी सी शिकायत के लिए भी कोई जगह नहीं है। यह इस योजना की सबसे बड़ी जीत है, जो पूरे देश के लिए एक मॉडल है। स्टालिन ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए बहुत सावधान है कि कोई भी पात्र महिला योजना से बाहर न रह जाए और सभी पात्र व्यक्तियों को नामांकित करने का काम जारी रहेगा।
23 भारतीय नाविकों को ईरान से सुरक्षित वतन वापसी
ओमान की खाड़ी में जब्त किए गए जहाज एडवांटेज स्वीट (मार्शल आइलैंड फ्लैग) पर सवार सभी 23 भारतीय नाविकों को ईरान से सुरक्षित भारत वापस भेज दिया गया है। शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। इसमें कहा गया है कि यह विदेश मंत्रालय, ईरान में भारतीय दूतावास और बंदरगाह, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के निरंतर प्रयासों और ईरानी सरकार के समर्थन का परिणाम है। चालक दल के सदस्यों की वापसी के बाद केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि उनका मंत्रालय भारतीय राष्ट्रीय नाविकों के कल्याण और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित है, खासकर जब उनका जीवन और स्वतंत्रता दांव पर होती है।
महाराष्ट्र: आग लगने से 11 की मौत, दवा कंपनी के अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दवा कंपनी ब्लू जेट हेल्थकेयर के कारखाने में आग लगने से 11 लोगों की मौत के बाद कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ कथित गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आज यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि संयंत्र के रखरखाव के लिए जिम्मेदार वरिष्ठ अधिकारी को तीन दिन पहले गिरफ्तार किया गया था और दो अन्य को भी मामले में नामजद किया गया है।
शाह से मिले अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।
यह बैठक मराठा समुदाय की ओर से आरक्षण की मांग को लेकर महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट और राकांपा पर दावे को लेकर निर्वाचन आयोग के समक्ष सुनवाई के बीच हुई है। राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष पटेल ने सोशल मीडिया पर लिखा, दिल्ली में माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी के साथ एक सार्थक बैठक हुई और दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। शिष्टाचार भेंट करने और त्योहार की खुशियां साझा करने के अवसर के लिए आभारी हूं। बैठक में पवार के साथ पटेल और लोकसभा सदस्य सुनील तटकरे भी थे।
गोद ली नाबालिग से दुष्कर्म मामले में दोषी को 106 साल कठोर कारावास की सजा
केरल की अदालत ने 63 वर्षीय व्यक्ति को एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के लिए 109 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। दोषी ने कुछ साल पहले ही इस बच्ची को गोद लिया था। राज्य के इस दक्षिणी जिले के अदूर में एक फास्ट-ट्रैक विशेष अदालत ने पंडालम के कुरमपाला के मूल निवासी थॉमस सैमुअल को सजा सुनाई। अदालत ने दोषी पर 6.25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया। जज ए समीर ने आदेश दिया कि जुर्माना नहीं देने पर सैमुअल को तीन साल दो महीने की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जुर्माने की रकम पड़ोसी राज्य तमिलनाडु की रहने वाली 12 वर्षीय पीड़िता को सौंपी जाएगी। पुलिस के मुताबिक दोषी को कुल 20 साल जेल में काटने होंगे क्योंकि उसकी सजा साथ-साथ चलेगी।
11 और 18 नवंबर को नहीं होगा ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह
राष्ट्रपति भवन ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रपति के अंगरक्षक के 250 साल पूरे होने के जश्न की तैयारियों के कारण 11 और 18 नवंबर को ‘चेंज ऑफ गार्ड’ समारोह नहीं होगा। यह समारोह एक सैन्य परंपरा है, जो हर सप्ताह राष्ट्रपति के अंगरक्षकों के एक नए समूह को कार्यभार संभालने के लिए आयोजित किया जाता है।
तमिलनाडु में मंदिर पर पेट्रोल बम फेंकने वाला गिरफ्तार
तमिलनाडु के चेन्नई में एक मंदिर में शुक्रवार को पेट्रोल बम फेंकने वाले मुरली कृष्णन (39) को गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी तरह का कोई नुकसान हुआ। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि देवता ने उसकी प्रार्थना नहीं सुनी तो उसने मंदिर पर पेट्रोल बम फेंका।
पुलिस ने कहा कि जब उसने पेट्रोल बम फेंका तो वह नशे में था। आरोपी स्थानीय निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि देवता ने जब उसकी प्रार्थनाओं का जवाब नहीं दिया तो उसने निराश होकर मंदिर पर बम फेंका।
पीएम मोदी ने की आयुर्वेद का समर्थन करने की अपील
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि आयुर्वेद का समर्थन करना 'वोकल फॉर लोकल' का एक जीवंत उदाहरण है। उन्होंने उपचार की प्राचीन पद्धति लोगों के कल्याण के नए मार्ग प्रशस्त कर रही है। धनतेरस के दिन पड़ने वाले आयुर्वेद दिवस को याद करते हुए एक्स पोस्ट पर कहा, 'यह उन नवप्रवर्तकों और चिकित्सकों को सलाम करने का अवसर है जो इस प्राचीन ज्ञान को आधुनिकता के साथ मिश्रित कर रहे हैं, आयुर्वेद को विश्व स्तर पर नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं।' उन्होंने कहा, अभूतपूर्व अनुसंधान से लेकर गतिशील स्टार्टअप तक, आयुर्वेद कल्याण के नए रास्ते आगे बढ़ा रहा है। आयुर्वेद का समर्थन करना भी वोकल फॉर लोकल का एक जीवंत उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने इससे पहले भी लोगों को धनतेरस की शुभकामनाएं दीं।
ओडिशा में हथियारबंद लोगों ने एटीएम कैश वैन से 1.73 करोड़ रुपये लूटे
ओडिशा के कटक जिले में शुक्रवार को नकाबपोश लोगों ने एक एटीएम कैश वैन से 1.73 करोड़ रुपये लूट लिए। वैन के सुरक्षा गार्ड रंजन कुमार देहुरी ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, यह घटना जिले के अथगढ़ इलाके में गोदीझरिया न्यूज रोड पर हुई।
वहीं, पुलिस ने बताया कि करीब 10 हथियारबंद लोगों ने एसयूवी और मोटरसाइकिलों से आए और कैश वैन को रोक कर लूटपाट की। इतना ही नहीं, अपराधियों ने कैश बॉक्स छीनने के बाद कैश लोडर और सुरक्षा गार्ड के मोबाइल फोन भी छीन लिये।पुलिस ने बताया कि कैश वैन में ड्राइवर, दो सुरक्षाकर्मी और एक कैश लोडर सहित चार लोग थे। वहीं, कटक (ग्रामीण) एसपी मिहिर पांडा ने कहा कि हमने अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमों का गठन किया है। हम पड़ोसी जिलों की पुलिस के भी संपर्क में हैं।
किशोरी पेडनेकर को ईडी ने जारी किया समन
कोविड बॉडी बैग घोटाला मामले में ईडी ने मुंबई की पूर्व मेयर और उद्धव गुट की नेता किशोरी पेडनेकर को समन जारी किया है। जांच एजेंसी ने इस मामले में उन्हें 23 नवंबर को सुबह 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है।
पुलिस स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला गिरफ्तार
केरल के एर्नाकुलम जिले में पुलिस थाने को बम से उड़ाने की धमकी देने के आरोप में एक व्यक्ति को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया।
नियंत्रण कक्ष को आज सुबह धमकी भरा फोन आया था। इसमें कहा गया था कि जिले से करीब 53 किलोमीटर दूर कोठामंगलम पुलिस थाने में बम रखा गया है। उन्होंने बताया कि बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस थाने का निरीक्षण किया लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। हनीफा को फोन कॉल ट्रेस करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
केंद्र के खिलाफ एलडीएफ नई दिल्ली में करेगा आंदोलन
केरल के सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने शुक्रवार को भाजपा शासित केंद्र सरकार की कथित लापरवाही के खिलाफ लड़ाई लड़ने का ऐलान किया। अगले साल जनवरी में होने वाले इस आंदोलन का उद्देश्य वित्तीय मोर्चे पर राज्य के सामने आने वाली चुनौतियों को उजागर करना है। एलडीएफ के संयोजक ईपी जयराजन ने कहा कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन अपने कैबिनेट सहयोगियों, वामपंथी विधायकों, सांसदों और अन्य नेताओं के साथ विरोध प्रदर्शन में भाग लेंगे।
मुंबई में आवासीय बिल्डिंग में आग लगने से बुजुर्ग महिला की मौत
मुंबई के विलेपार्ले में शुक्रवार को एक आवासीय इमारत में आग लगने से 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमएस) ने कहा कि आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर काबू पा लिया गया। मृत महिला की पहचान हर्षदा बेन पाठक के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, रात नौ बजे के आसपास विलेपार्ले (पूर्व) के नरीमन रोड इलाके के पूनम बाग में विले ग्रैंड रेजीडेंसी में एक आवासीय टावर की दूसरी मंजिल पर आग लगी थी।
जस्टिस सिद्धार्थ रॉय चौधरी कलक्ता हाईकोर्ट में स्थायी जज बने
कलकत्ता हाईकोर्ट में अतिरिक्त न्यायाधीश जस्टिस सिद्धार्थ रॉय चौधरी को उसी अदालत में स्थायी न्यायाधीश के पद पर प्रोन्नत कर दिया गया है। केंद्रीय कानून मंत्रालय के न्याया विभाग ने इस संबंध में शुक्रवार को अधिसूचना जारी की। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने अक्तूबर में जस्टिस चौधरी को पदोन्नति देने की सिफारिश की थी। वह 27 दिसंबर को 62 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हो जाएंगे। आमतौर पर हाईकोर्ट में स्थायी जज नियुक्त किए जाने से पहले जजों को दो साल के लिए अतिरिक्त जज नियुक्त किया जाता है।