Updates: असम में DSP समेत सात पुलिसकर्मियों पर मामला दर्ज; गोवा में AAP नेता की गिरफ्तारी पर CM ने कही यह बात
Updates: असम पुलिस के एक उपाधीक्षक (डीएसपी) और दो उप-निरीक्षकों (एसआई) सहित सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ पैसे मांगने के आरोपों के बाद आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को दुर्घटना की जांच में राजनीतिक दखल के आरोपों को खारिज किया और स्पष्ट किया कि वह पुलिस मामलों की जांच में हस्तक्षेप नहीं करते हैं। राज्य की अपराध शाखा ने आम आदमी पार्टी (आप) की गोवा इकाई के प्रमुख अमित पालेकर को गरुवार को गिरफ्तार किया। उन पर हादसे के संबंध में तथ्यों को कथित तौर पर गलत तरीके से पेश करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, पालेकर ने मुख्य आरोपी को बचाने के प्रयास में जांच अधिकारी के समक्ष एक गलत व्यक्ति को कार चालक के रूप में पेश करके तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया। हालांकि, आप नेता ने कहा कि उनका अपराध से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ कार्रवाई 'गंदी राजनीति' का हिस्सा है।
वहीं, पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री सावंत ने कहा, मैं किसी भी मामले में दखल नहीं देता। कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाती है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले सुपरमार्केट और एक रियल एस्टेट कंपनी के मालिक परेश सावरदेकर को सात अगस्त को पणजी के पास बनस्तरिम गांव में मर्सिडीज कार ने पांच वाहनों को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
राज्य की राजधानी से करीब 15 किलोमीटर दूर पोंडा-पणजी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन कारों, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटर को टक्कर मार दी गई।
असम: सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज
असम पुलिस के एक उपाधीक्षक (डीएसपी) और दो उप-निरीक्षकों (एसआई) सहित सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ पैसे मांगने के आरोपों के बाद आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। एक शीर्ष अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए सीआईडी पुलिस थाने लाया गया, जहां मामला दर्ज किया गया।
डीजीपी जीपी सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा कि पुलिस मुख्यालय को शिकायत मिली थी कि बजाली जिले के कुछ अधिकारियों ने अगस्त के पहले सप्ताह में पैसे मांगे थे। उन्होंने कहा कि बाद में सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय को जाल बिछाने का निर्देश दिया गया लेकिन वे सफल नहीं हो सके, क्योंकि अधिकारी सावधान थे।
उन्होंने कहा, 'हालांकि, शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई। इसके आधार पर 31 अगस्त को असम सीआईडी में एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है।' जिन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, उनमें बजाली के डीएसपी (मुख्यालय) पुसकल गोगोई, पटाचरकुची पुलिस स्टेशन के प्रभारी एसआई अनूप ज्योति पतिरी और पटाचरकुची पुलिस स्टेशन के तहत भवानीपुर चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक (पी) देबजीत गिरि शामिल हैं।
पटाचरकुची पुलिस थाने के सहायक उपनिरीक्षक शशांक दास, गायत्री सोनोवाल के पीएसओ इंजमामुल हसन, बजाली के तत्कालीन अतिरिक्त एसपी (मुख्यालय), एसपी बजाली के ड्राइवर दीपजॉय रॉय और एसपी बजाली के अंशकालिक चालक नबीर अहमद भी आरोपियों में शामिल हैं।
असम पुलिस को चरित्र बदलने की जरूरत: हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि असम में पुलिस को अपना चरित्र बदलने की जरूरत है। वे यहां कथित जबरन वसूली मामले में सात पुलिसकर्मियों की हिरासत पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। सरमा ने कहा, पुलिस को अपना चरित्र बदलने की जरूरत है। वे आम जनता से अनुचित मांगें करने की अपनी पिछली आदतों को जारी नहीं रख सकते। गौरतलब है कि असम पुलिस की सीआईडी ने कथित जबरन वसूली से संबंधित मामले में असम के गुवाहाटी स्थित उलुबरी में अपने मुख्य कार्यालय से सात पुलिस कर्मियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है।
सूत्र से मिली जानकरी के मुताबिक सभी अधिकारी बजाली जिले में तैनात थे। एक सुपारी व्यापारी की शिकायत के बाद अगस्त की शुरुआत में शुरू हुई जांच के बाद पुलिस अधिकारियों को हिरासत में लिया गया। उल्लेखनीय है कि सीआईडी ने गुरुवार को आरोपी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज किया था।
ओडिशा: विधायक के शिविर कार्यालय के पास बम मिला
ओडिशा के अंगुल जिले के भरतपुर में तालचेर के विधायक ब्रज किशोर प्रधान (बीजद) के शिविर कार्यालय के पास शुक्रवार को टाइमर लगा एक बम मिला। तालचेर के उप संभागीय पुलिस अधिकारी मानस रंजन बारिक ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर बम निरोधक दस्ते को बुलाया।
उन्होंने कहा,'अंगुल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बम निरोधक दस्ते ने बम को निष्क्रिय कर दिया। बम में टाइमर मैकेनिज्म लगा हुआ था। हम इसे आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजेंगे और यह जानने की कोशिश करेंगे कि बम के अंदर कोई विस्फोटक सामग्री तो नहीं है।'
पुलिस प्रधान के कैंप कार्यालय के पास के इलाके की छानबीन कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वहां ऐसी कोई अन्य वस्तु तो नहीं रखी गई है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए भी जांच जारी है। यह घटना उस दिन हुई जब अंगुल जिले के बीजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एनएच 53 की खराब स्थिति के विरोध में सड़क जाम किया। प्रधान और उनके समर्थक कार्यालय परिसर से एक रैली निकालने वाले थे।
बम को कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं ने देखा, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। प्रधान ने आरोप लगाया कि हो सकता है कि कुछ षड्यंत्रकारियों ने विरोध रैली में खलल डालने के लिए बम लगाया हो।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के भाटपारा के बोडाई औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची है।
#WATCH | West Bengal: Massive fire breaks out at a factory in the Bodai Industrial area of Bhatpara, North 24 Parganas. One fire tender present at the spot. More details awaited. pic.twitter.com/2jW5QeCU6h
— ANI (@ANI) September 1, 2023
भारत के साथ आर्थिक संबंधों में वृद्धि के लिए: उत्तरी मैसेडोनियन मंत्री
उत्तर मैसेडोनिया के विदेश मंत्री बुर्जर उस्मानी ने शुक्रवार को कहा कि उनके देश और भारत के बीच आर्थिक संबंधों में वृद्धि की अप्रयुक्त क्षमता है। उत्तरी मैसेडोनिया की राजधानी स्कोप्जे सेंट टेरेसा का जन्मस्थान है और उस्मानी यहां की यात्रा के दौरान कोलकाता में नन द्वारा स्थापित मिशनरीज ऑफ चैरिटी के मुख्यालय मदर हाउस गए थे।
उन्होंने कहा, 'हम भारत के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को गहरा और मजबूत करने को बहुत महत्व देते हैं। हम सहयोग में एक नया अध्याय, एक नई गतिशीलता खोलने की परिकल्पना करते हैं। मेरा मानना है कि भारत और उत्तरी मैसेडोनिया गणराज्य के बीच आर्थिक संबंधों को विकसित करने की एक विशाल अप्रयुक्त क्षमता है।' उन्होंने जोर देकर कहा कि स्कोप्जे और कोलकाता के बीच पुल का निर्माण सेंट टेरेसा ने किया था और समय के साथ 'दिल से दिल का संबंध' मजबूत होता गया।