फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   news update 27th may delhi visit cm vijay mea statement politics crime keralam govenrmnent

News Update: घरेलू उड़ानों में कटौती करेंगी ये भारतीय एयरलाइंस, ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते लिया फैसला

Wed, 27 May 2026 12:07 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 27 May 2026 12:07 PM IST
विज्ञापन
news update 27th may delhi visit cm vijay mea statement politics crime keralam govenrmnent
दिन की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय बुधवार को पहली बार मुख्यमंत्री बनने के बाद दिल्ली दौरे पर जाएंगे। वह चेन्नई से विशेष विमान के जरिए रवाना होंगे। सूत्रों के मुताबिक, विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे और कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा वह अमित शाह, निर्मला सीतारमण और अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मिल सकते हैं। गुरुवार को सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात की संभावना है। दिल्ली दौरे को लेकर चेन्नई एयरपोर्ट पर सुरक्षा समीक्षा बैठक भी हुई। मुख्यमंत्री के साथ कई वरिष्ठ मंत्री भी दिल्ली जाएंगे।
विज्ञापन


गुजरात : गिर जंगल में बबेसिया वायरस से 4 शावकों की मौत
अहमदाबाद। गुजरात के गिर वन क्षेत्र में संदिग्ध संक्रमण के कारण चार शेर के शावकों की मौत हो गई। इसके बाद 17 शेरों को अलग रखा (आइसोलेट) गया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में वन और पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव विनोद राव ने बताया कि गिर गढड़ा और बाबरिया क्षेत्र के 10 किमी दायरे में शेरों की गहन निगरानी की जा रही है। वन मंत्री अर्जुन मोढवाडिया ने मंगलवार को बताया कि दो शावकों की मौत संदिग्ध बबेसिया वायरस (जो किलनी से फैलता है) के कारण हुई है। हालांकि, उन्होंने गिर में किसी बड़े खतरे या महामारी की संभावना से इन्कार किया। एहतियातन 350 से अधिक शेरों का उपचार जारी है।
विज्ञापन


अल-फलाह विश्वविद्यालय के संस्थापक और तीन अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दायर
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अल-फलाह विश्वविद्यालय के संस्थापक जवाद अहमद सिद्दीकी और तीन अन्य लोगों के खिलाफ करीब 46 करोड़ रुपये की जमीन हड़पने के मामले में धनशोधन का आरोपपत्र दाखिल किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


यह मामला राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लगभग 46 करोड़ रुपये की जमीन को कथित धोखाधड़ी से हासिल करने से जुड़ा है। अल-फलाह विश्वविद्यालय पहले भी 10 नवंबर को हुए लाल किला विस्फोट से जुड़े 'व्हाइट कॉलर टेरर' मामले की जांच के दायरे में आ चुका है, जिसमें 15 लोगों की मौत हुई थी।

ईडी ने बताया कि यह आरोप पत्र साकेत की विशेष पीएमएलए अदालत में सिद्दीकी, उनकी संस्था तरबिया एजुकेशन फाउंडेशन और दो अन्य व्यक्तियों विनोद कुमार और श्रीओम चौहान के खिलाफ दायर किया गया है। एजेंसी ने कहा कि उसने सिद्दीकी, कुमार और चौहान को इस कथित धोखाधड़ी वाले जमीन अधिग्रहण मामले में गिरफ्तार भी किया था।

जांच एजेंसी के अनुसार यह जांच दिल्ली पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी, जिसमें आरोप था कि दक्षिण-पूर्व दिल्ली के मदनपुर खादर इलाके में जमीन को जाली दस्तावेजों के जरिए अवैध रूप से हासिल किया गया।  

गोवा नाइटक्लब अग्निकांड मामले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, 11 करोड़ की संपत्ति अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गोवा के चर्चित बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब अग्निकांड मामले में 11 करोड़ रुपये से अधिक की नई संपत्तियां अटैच की हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई है। यह नाइटक्लब उत्तर गोवा के अर्पोरा इलाके में स्थित था, जहां दिसंबर 2025 में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे।

एजेंसी ने बुधवार को बताया कि ताजा कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल 29.05 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच या फ्रीज की जा चुकी हैं। इससे पहले अप्रैल में 17.45 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई थीं। ईडी की जांच गोवा पुलिस की ओर से अंजुना और मापुसा थानों में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई थी। मामला क्लब के प्रमोटर भाइयों सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि क्लब बिना जरूरी मंजूरियों, खासकर फायर एनओसी, के चलाया जा रहा था। ईडी के अनुसार, लाइसेंस हासिल करने के लिए फर्जी स्वास्थ्य एनओसी और नकली पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट समेत कई जाली दस्तावेज जमा किए गए थे।

मैसूरू में हाथी दांत की अवैध तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 4,058 किलो हाथी दांत जब्त
राजस्व खुफिया निदेशालय की नागपुर क्षेत्रीय इकाई ने मैसूरू में भारतीय हाथियों के दांतों (हाथी दांत) के अवैध कारोबार में लिप्त एक वन्यजीव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार तीन लोगों से 4,058 किलोग्राम हाथी दांत जब्त किए गए।

एक प्रेस बयान में कहा गया कि भारतीय हाथी को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची प्रथम के तहत सूचीबद्ध किया गया है, जो ऐसे जानवरों और उनसे प्राप्त उत्पादों के व्यापार पर रोक लगाता है। इसमें कहा गया है कि बरामद 4,058 किलोग्राम भारतीय हाथी के दांतों को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। नागपुर क्षेत्रीय इकाई की ओर से 26 मई को चलाए गए अभियान के बाद, पकड़े गए तीनों व्यक्तियों को मैसूरू टेरिटोरियल रेंज के वन रेंज अधिकारी को सौंप दिया गया। एशियाई हाथीदांत को अक्सर नक्काशी करने वाले उसकी कोमलता के कारण पसंद करते हैं, जिससे जटिल डिजाइन और कलाकृतियां बनाना आसान हो जाता है। कुछ वैश्विक बाजारों में जटिल नक्काशीदार एशियाई हाथीदांत को प्रतिष्ठा के प्रतीक के रूप में अत्यधिक महत्व दिया जाता है। एशियाई हाथीदांत के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर वैश्विक प्रतिबंधों के बावजूद, इसकी अवैध मांग अभी भी बहुत अधिक है।

केरल ने केंद्र से मांगी राहत, कर्ज सीमा से बाहर रखने की मांग
केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने केंद्र सरकार से राष्ट्रीय राजमार्ग भूमि अधिग्रहण के लिए दिए गए 5,580 करोड़ रुपये को राज्य की उधारी सीमा से बाहर रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राज्य की वास्तविक कर्ज लेने की क्षमता पहले ही काफी कम हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि तेल की बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया युद्ध का असर केरल की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई लागत बढ़ी है, जिससे महंगाई और तेज हो सकती है। केरल पहले से ही देश में सबसे ज्यादा महंगाई वाले राज्यों में शामिल है।

पश्चिम बंगाल सरकार ने 2027 जनगणना के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की
पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत की 2027 जनगणना की तैयारियां शुरू करते हुए विभिन्न स्तरों पर जनगणना अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। गृह और पर्वतीय मामलों के विभाग की अधिसूचना के अनुसार मंडल आयुक्तों को डिविजनल जनगणना अधिकारी बनाया गया है, जबकि जिलाधिकारियों को प्रधान जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है। बीडीओ, एसडीओ और नगर निकाय अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार ने साफ किया कि जनगणना कार्य में लापरवाही या बाधा डालने वालों पर जनगणना अधिनियम 1948 के तहत कार्रवाई होगी, जिसमें जेल और जुर्माने का प्रावधान है।

तेल बचाने के लिए वर्चुअल होगा टीडीपी का महनाडु कार्यक्रम
आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी का दो दिवसीय महनाडु इस बार वर्चुअल तरीके से आयोजित होगा। पार्टी ने पश्चिम एशिया संकट और ईंधन बचत को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक के बाद कार्यक्रम को तीन दिन से घटाकर दो दिन का कर दिया। पार्टी कार्यकर्ता राज्यभर में 1800 से ज्यादा क्लस्टर केंद्रों पर एलईडी स्क्रीन के जरिए कार्यक्रम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, किसानों और आगामी चुनावी रणनीति जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। यह महनाडु नारा लोकेश के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहला बड़ा आयोजन है।

अन्नाद्रमुक के चौथे विधायक ने छोड़ी पार्टी, टीवीके में हुए शामिल
तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक में टूट जारी है। पार्टी के विधायक इसाकी सुबाया ने मंगलवार को विधानसभा से इस्तीफा देकर सत्ताधारी टीवीके का दामन थाम लिया। इसके साथ ही अन्नाद्रमुक छोड़ने वाले विधायकों की संख्या चार हो गई है। सुबाया ने कहा कि जनता के लिए काम करने के लिए सत्ताधारी दल में रहना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय की तुलना एमजी रामचंद्रन से भी की। वहीं अन्नाद्रमुक प्रमुख ईके पलानीस्वामी ने टीवीके पर विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया है। तमिलनाडु विधानसभा में अब अन्नाद्रमुक की ताकत घटकर 43 विधायकों तक पहुंच गई है।

चीन-पाकिस्तान के कश्मीर बयान पर भारत ने जताई कड़ी आपत्ति
भारत ने चीन और पाकिस्तान के साझा बयान में जम्मू-कश्मीर का जिक्र किए जाने पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग हैं और किसी भी देश को भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने का अधिकार नहीं है। भारत ने चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे की उन परियोजनाओं पर भी आपत्ति जताई, जो भारतीय क्षेत्र से गुजरती हैं। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि चीन और पाकिस्तान के बीच जल सहयोग का दावा भी तर्कहीन है, क्योंकि दोनों देशों के बीच कोई सीधी भौगोलिक सीमा नहीं मिलती।

पश्चिम एशिया युद्ध के बावजूद नहीं बढ़ेंगी खादी उत्पादों की कीमतें
खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग ने कहा है कि पश्चिम एशिया युद्ध और ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद खादी उत्पादों की कीमतें नहीं बढ़ाई जाएंगी। आयोग के अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि ग्राहकों और कारीगरों दोनों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले लिए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महंगाई का बोझ सीधे उपभोक्ताओं पर नहीं डाला जाएगा। आयोग ने वित्त वर्ष 2025-26 की रिपोर्ट जारी करते हुए कहा कि उत्पादन और बिक्री बढ़ाने के लिए नई योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

तिब्बती निर्वासित सरकार के शपथ समारोह में शामिल होंगे भारतीय सांसद
धर्मशाला में बुधवार को तिब्बती निर्वासित सरकार के नए प्रमुख पेनपा त्सेरिंग का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें भारत के दो सांसद और अमेरिकी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इसे चीन के लिए कड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। चीन ने इस कार्यक्रम का विरोध करते हुए तिब्बती निर्वासित सरकार को अवैध संगठन बताया है। हालांकि भारत आधिकारिक तौर पर ‘एक चीन नीति’ का पालन करता है, लेकिन एलएसी पर बढ़ते तनाव के बीच यह कार्यक्रम रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
 

मणिपुर में अपहरण मामले में आठ उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें नगा समुदाय के छह लोगों के अपहरण मामले से जुड़े चार संदिग्ध उग्रवादी भी शामिल हैं। संयुक्त अभियान कांगपोकपी जिले में चलाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों से पूछताछ जारी है और इलाके में तलाशी अभियान भी तेज कर दिया गया है।

ओडिशा में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से छह मजदूरों की मौत
ओडिशा के कालाहांडी जिले में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस फैलने से छह लोगों की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब एक मजदूर के बेहोश होने के बाद उसे बचाने के लिए अन्य लोग एक-एक कर टैंक में उतरते गए। सभी दम घुटने से बेहोश हो गए। पुलिस के मुताबिक, एक मजदूर की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
 

तेलंगाना में माओवादी नेता विश्वनाथ ने किया आत्मसमर्पण
प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के केंद्रीय समिति सदस्य पसुनुरी नरहरी उर्फ विश्वनाथ ने तेलंगाना पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। वह बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी का सचिव भी था। उसकी पत्नी लता ने भी सरेंडर किया। पुलिस के मुताबिक, दोनों लंबे समय से संगठन में सक्रिय थे। आत्मसमर्पण को माओवाद विरोधी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में एनआईए की बड़ी कार्रवाई
एनआईए ने पश्चिम बंगाल के मोथाबाड़ी हिंसा मामले में 15 और लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर महिला जज और अन्य न्यायिक अधिकारियों को घंटों तक बंधक बनाने का आरोप है। कालियाचक और मोथाबाड़ी में कई जगह छापेमारी की गई। इस मामले में अब तक 65 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि हिंसा और सड़क जाम की साजिश में कई अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
 

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने 12 देशों के राजनयिकों से की मुलाकात
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को 12 देशों के मिशन प्रमुखों से मुलाकात की। ‘भाजपा को जानें’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस बैठक में उन्होंने पार्टी की विचारधारा, संगठन और शासन मॉडल की जानकारी दी। बैठक में ब्राजील, जर्मनी, इंडोनेशिया, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। भाजपा ने इसे वैश्विक कूटनीतिक संबंध मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बताया है।
 

ऑन स्क्रीन मार्किंग विवाद पर सीबीएसई अधिकारियों को तलब
सीबीएसई की 12वीं परीक्षा में ऑन स्क्रीन मार्किंग विवाद अब संसदीय समिति तक पहुंच गया है। दिग्विजय सिंह की अध्यक्षता वाली समिति ने एक जून को शिक्षा मंत्रालय और सीबीएसई अधिकारियों को तलब किया है। समिति छात्रों की शिकायतों, तकनीकी खामियों और मूल्यांकन प्रक्रिया पर जवाब मांगेगी। लाखों छात्र परिणामों को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

सीबीएसई ने ओएसएम पोर्टल हैक होने के दावे को बताया गलत
सीबीएसई ने सोशल मीडिया पर वायरल उन दावों को खारिज किया है, जिनमें ऑन स्क्रीन मार्किंग पोर्टल के हैक होने की बात कही गई थी। बोर्ड ने कहा कि जिस वेबसाइट का जिक्र किया गया, वह केवल परीक्षण के लिए बनाई गई थी और असली मूल्यांकन पोर्टल अलग था। सीबीएसई ने छात्रों और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

घरेलू उड़ानों में कटौती करेंगी एयरलाइंस

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एअर इंडिया और इंडिगो एयरलाइंस घरेलू उड़ानों में कटौती कर सकती हैं। ईंधन की बढ़ती कीमतों, के चलते एयरलाइंस ने यह फैसला किया है कि वे 1 जून से तीन महीने के लिए अपने घरेलू संचालन में कटौती करेंगे। अमेरिका ईरान युद्ध के चलते दुनियाभर में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में भारी उछाल आया है। साथ ही इस सीजन में मांग भी कमजोर रहेगी। यही वजह है कि एयरलाइंस ने यह फैसला किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, एअर इंडिया अपने घरेलू उड़ानों में 15 प्रतिशत और इंडिगो 5-7 प्रतिशत तक की कटौती कर सकती है।  

ओडिशा में राज्यसभा की खाली सीट पर उपचुनाव 18 जून को, देवाशीष के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी सीट

भारत के चुनाव आयोग ने बुधवार को ओडिशा से राज्यसभा की रिक्त सीट को भरने के लिए उपचुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी। यह सीट देवाशीष सामंतराय के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। सामंतराय ने सोमवार को बीजेडी और राज्यसभा दोनों से इस्तीफा दे दिया था। चुनाव आयोग द्वारा बुधवार को घोषित कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव के लिए अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी।

नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। आयोग ने यह भी बताया कि मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। आयोग ने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून से पहले पूरी कर ली जाएगी। यह उल्लेखनीय है कि सामंतराय को अप्रैल 2024 में राज्यसभा के लिए चुना गया था, हालांकि उन्होंने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनका कार्यकाल 3 अप्रैल 2030 तक था।

देवाशीष सामंतराय का इस्तीफा बीजेडी के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल सामंतराय ने सोमवार को पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक को लिखे पत्र में लगातार उपेक्षा का आरोप लगाते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद राज्यसभा में क्षेत्रीय पार्टी की ताकत घटकर पांच सदस्य रह गई है। इससे पहले ममता महंत और सुजीत कुमार भी नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजेडी) के राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा दे चुके हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed